हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के छजुपुरा सादात मे आयतुल्लाहिल उज़्मा शेख हुसैन वहीद खुरासानी (र) के निधन पर एक मजलिस ए अज़ा का आयोजन हुआ जिसमे छजुपुरा सादात के उलेमा और मोमेनीन ने बड़ी संख्या मे शिरकत करते हुए फ़क़ीह ए अहलेबैत आयतुल्लाह वहीद खुरासानी के निधन पर गहरे दुख और शोक का इज़हार किया।
मजलिस को छजुपुरा सादात के इमाम ए जुमा हुज्जतुल इस्लाम वल मुसलेमीन सय्यद महदी अब्बास ने खिताब किया। मौलाना ने इमाम सादिक़ (अ) की हदीस बयान की।
इमाम जाफर सादिक़ (अलैहिस्सलाम) ने फरमाया है:
مَا مِنْ أَحَدٍ یَمُوتُ مِنَ الْمُؤْمِنِینَ أَحَبُّ إِلَی إِبْلِیسَ مِنْ مَوْتِ فَقِیهٍ मा मिन अहदिन यमूतो मेनल मोमेनीना अहब्बो एला इब्लीसा मिन मौति फ़क़ीहिन
मोमिनों में किसी व्यक्ति की मृत्यु शैतान के लिए इतनी पसंदीदा नहीं होती, जितनी किसी फकीह (धर्मशास्त्र के विद्वान) की मृत्यु। (काफ़ी, भाग 1, पेज 38)
मौलाना ने कहा कि एक आलिम केवल किसी एक पीढ़ी या परिवार की इस्लाह नहीं करता, बल्कि पूरी कौम की बौद्धिक, नैतिक और धार्मिक तरबियत की जिम्मेदारी निभाता है। वह हमेशा समाज की भलाई और उसकी धार्मिक एवं शैक्षिक उन्नति के लिए चिंतित रहता है। ऐसे महान आलिम की जुदाई का दुख कितना गहरा होगा, जिसने अपनी पूरी एक सदी उम्मत की सेवा, हजारों विद्यार्थियों की तरबियत और इल्मी स्तर को ऊंचा उठाने में समर्पित कर दी हो।
उन्होंने कहा कि आयतुल्लाह वहीद खुरासानी की जिंदगी का एक बड़ा उद्देश्य यह था कि कौम जहालत और धार्मिक अज्ञानता का शिकार न हो तथा आने वाली पीढ़ियां इल्म, फिक्ह और धार्मिक मार्गदर्शन से वंचित न रहें। किसी महान आलिम का दुनिया से रुखसत हो जाना ऐसी कमी है, जिसकी भरपाई कोई दूसरा नहीं कर सकता।
मजलिस में मौजूद उलेमा और मोमिनों ने नम आंखों से उन्हें खिराजे अकीदत पेश करते हुए अय्यामे अज़ा-ए-फातिमिया के प्रचार-प्रसार और उसे व्यापक स्तर पर स्थापित करने के लिए उनकी सेवाओं को विशेष रूप से याद किया। उन्होंने कहा कि अय्यामे फातिमिया को धार्मिक और शोक आयोजनों के माध्यम से दुनिया भर में पहचान दिलाने में आयतुल्लाह वहीद खुरासानी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। आज दुनिया के विभिन्न हिस्सों में अय्यामे फातिमिया का आयोजन जिस व्यापक स्तर पर किया जा रहा है, वह अहलेबैत (अ) की विलायत से उनकी गहरी मोहब्बत और विलायत के संरक्षण के लिए किए गए उनके प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम है।
मौलाना महदी अब्बास ने कहा कि उनकी इल्मी और धार्मिक सेवाएं, उनकी फिक्र और अहलेबैत (अ) की विलायत के प्रति उनकी निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए भी मार्गदर्शन का स्रोत बनी रहेंगी। वे ऐसे फुकहा और उलमा में से थे, जिन्होंने अपने इल्म और मार्गदर्शन के माध्यम से कौम को बिखरने से बचाने तथा उसे धार्मिक एवं वैचारिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर क्षेत्र के उलेमा ने गांव और आसपास के इलाकों में शोक की घोषणा की। मजलिस में विभिन्न वक्ताओं ने आयतुल्लाह वहीद खुरासानी की इल्मी, धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक सेवाओं के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अंत में सभी उलेमा और मोमिनों ने बारगाहे इलाही में दुआ की कि अल्लाह तआला इस महान आलिम की मगफिरत फरमाए, उनके दरजात बुलंद करे और उन्हें मोहम्मद व आले मोहम्मद (अ) के साथ महशूर फरमाए।
आपकी टिप्पणी