हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार ,वाक़िआ ए ग़दीर इस्लामी तारीख़ का एक बहुत और फ़ैसला-कुन अध्याय है जिसने इमामत, ख़िलाफ़त और अहलेबैत (अ.स.) की विलायत की बुनियाद को हमेशा के लिए इस्लामी इतिहास का हिस्सा बना दिया। हदीस-ए-ग़दीर "مَنْ كُنْتُ مَوْلَاهُ فَهٰذَا عَلِيٌّ مَوْلَاهُ"
जिसका मैं मौला हूँ, उसके अली मौला हैं" सिर्फ़ एक रिवायत नहीं, बल्कि हदीस, कलाम, इतिहास, अदब और मुनाज़रों की एक पूरी इल्मी परंपरा का स्रोत है।
हिन्दुस्तान में इस परंपरा की हिफ़ाज़त, प्रचार और प्रसार के लिए उलेमा, ख़तीब, शायर और मोमिनीन ने बड़ी क़ीमती सेवाएँ अंजाम दी हैं। इसी वजह से ग़दीर यहाँ केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि एक जीवित इल्मी, फ़िक्री और तहज़ीबी विरासत बन चुकी है, जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती रही है।
भारतीय उलेमा ने हदीस ए ग़दीर के प्रमाण, संकलन, व्याख्या, बचाव और प्रचार में जो सेवाएँ दीं, वे इस्लामी ज्ञान-परंपरा का एक उज्ज्वल अध्याय हैं। ख़ास तौर पर दिल्ली, लखनऊ, हैदराबाद दक्कन और दूसरे इल्मी केंद्रों ने ग़दीरी शोध को मज़बूत आधार दिया।
ग़ुफ़राने मआब की सेवाएँ:
मौलाना सैयद दिलदार अली नक़वी, जिन्हें ग़ुफ़राने मआब कहा जाता है, ग़दीरी विचारधारा के बड़े प्रतिनिधि थे। उन्होंने हदीस-ए-ग़दीर को केवल हज़रत अली अ.स.की फ़ज़ीलत तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे इमामत की स्पष्ट दलील के रूप में पेश किया। उनकी कोशिशों ने ग़दीर को भारतीय धार्मिक और बौद्धिक बहसों का महत्वपूर्ण विषय बना दिया।
अल्लामा मीर सैयद हामिद हुसैन लखनवी:
ग़दीरी अध्ययन में सबसे बड़ा नाम अल्लामा मीर सैयद हामिद हुसैन लखनवी का है। उनकी प्रसिद्ध किताब "अबक़ातुल अनवार " को इमामत और ग़दीर पर दुनिया की महानतम शोध कृतियों में गिना जाता है।इस किताब में हदीस-ए-ग़दीर की विभिन्न रिवायतों, रावियों, अहले-सुन्नत विद्वानों के विचारों, हदीस के अर्थ और "मौला" शब्द की व्याख्या पर विस्तृत चर्चा की गई है। उन्होंने सिर्फ़ शिया स्रोतों पर भरोसा नहीं किया, बल्कि सहीह बुख़ारी, मुस्नद अहमद, तारीख़-ए-बग़दाद और अस-सवाइक़ुल मुहर्रिका जैसी किताबों से भी प्रमाण प्रस्तुत किए।
मुनाज़रे और इल्मी बहसें:
भारत में शिया-सुन्नी इल्मी बहसों ने ग़दीरी साहित्य को और समृद्ध किया। इमामत और हदीस-ए-ग़दीर पर अनेक किताबें और पुस्तिकाएँ लिखी गईं। ये बहसें केवल भाषणों तक सीमित नहीं थीं, बल्कि हदीस, रिजाल, भाषा, तफ़सीर और इतिहास के गहरे विषयों पर आधारित होती थीं।
क़ाज़ी नूरुल्लाह शुश्तरी:
शहीद-ए-सालिस क़ाज़ी नूरुल्लाह शुश्तरी ने "एहक़ाक़ुल हक़" और "मजालिसुल मोमिनीन" जैसी किताबों के माध्यम से अहलेबैत (अ.स.) की इमामत और हज़रत अली (अ.स.) के फ़ज़ाइल के समर्थन में मज़बूत दलीलें पेश कीं।
मिर्ज़ा मुहम्मद कामिल देहलवी:
शहीद-ए-राबे मिर्ज़ा मुहम्मद कामिल देहलवी ने अपनी मशहूर किताब "नुज़हत-ए-इस्ना अशरिया" के ज़रिये इमामत और विलायत के विषय पर महत्वपूर्ण सेवाएँ अंजाम दीं यह किताब अहलेबैत (अ.स.) के मक्तब के बचाव और ग़दीरी विचारधारा के प्रचार का महत्वपूर्ण स्रोत मानी जाती है।
उर्दू ज़बान में ग़दीरी साहित्य:
भारतीय उलेमा की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक यह है कि उन्होंने ग़दीर के इल्मी विषयों को उर्दू भाषा में प्रस्तुत किया। इससे ग़दीर केवल उलेमा तक सीमित नहीं रही, बल्कि आम लोगों की धार्मिक समझ का हिस्सा बन गई।
उर्दू में हदीस-ए-ग़दीर की व्याख्याएँ:
बहस-मुबाहिसे, क़सीदे और ख़ुत्बों का विशाल साहित्य तैयार हुआ, जिसने ग़दीर के संदेश को आम जनता तक पहुँचाया।
मीर अनीस और मिर्ज़ा दबीर:
मीर अनीस और मिर्ज़ा दबीर ने अपनी शायरी में हज़रत अली (अ.स.) की विलायत और ग़दीर के संदेश को शामिल किया। उन्होंने ग़दीर को सत्य और असत्य की पहचान, अल्लाह की विलायत और इमामत की निशानी के रूप में पेश किया।
लखनऊ में ग़दीर की परंपरा:
लखनऊ में ईद-ए-ग़दीर बहुत शान और सम्मान के साथ मनाई जाती थी। नवाबों के दौर में यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि एक पूर्ण सांस्कृतिक, साहित्यिक और इल्मी परंपरा बन गया।
इस अवसर पर इल्मी मजलिसें, मुशायरे और ख़ुत्बे आयोजित होते थे। उलेमा हदीस-ए-ग़दीर की व्याख्या करते और शोअरा अहलेबैत (अ.स.) की विलायत पर क़सीदे पढ़ते थे।
हैदराबाद दक्कन की ग़दीरी संस्कृति:
हैदराबाद दक्कन में भी ग़दीरी संस्कृति को विशेष बढ़ावा मिला। वहाँ के शिया शासकों, इल्मी परिवारों और धार्मिक संस्थानों ने ईद-ए-ग़दीर की सरपरस्ती की। परिणामस्वरूप फ़ारसी, अरबी और उर्दू में समृद्ध साहित्यिक परंपरा विकसित हुई।मदरसों और इल्मी केंद्रों में इमामत और ग़दीर पर नियमित अध्ययन और चर्चाएँ होती थीं।
मुर्शिदाबाद बंगाल:
मुर्शिदाबाद भी अहलेबैत (अ.स.) की संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। यहाँ ग़दीर की याद में जलसे, मजलिसें और इल्मी कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे। बंगाल के उलेमा और शायरों ने उर्दू, फ़ारसी और बांग्ला भाषाओं में ग़दीर और विलायत पर महत्वपूर्ण साहित्य तैयार किया।
अन्य क्षेत्र:
लखनऊ, हैदराबाद और मुर्शिदाबाद के अलावा कलकत्ता, पटना, अमरोहा, जौनपुर, मुंबई और कश्मीर जैसे क्षेत्रों में भी ईद-ए-ग़दीर के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित होते रहे। इन क्षेत्रों के उलेमा और शायरों ने ग़दीरी संस्कृति को मज़बूत बनाने में अहम योगदान दिया।
मुअल्लिफ़ीन-ए-ग़दीर:
मौलाना सैयद शहवार हुसैन की किताब मुअल्लिफ़ीन-ए-ग़दीर" ग़दीर पर लिखने वाले विद्वानों और उनकी रचनाओं का महत्वपूर्ण परिचय प्रस्तुत करती है। यह पुस्तक बताती है कि ग़दीर केवल धार्मिक विषय नहीं, बल्कि एक स्वतंत्र शोध-विषय भी है जिसकी अपनी समृद्ध परंपरा है।
निष्कर्ष:
भारतीय उपमहाद्वीप के उलेमा ने हदीस-ए-ग़दीर के संरक्षण, प्रचार और बचाव में ऐसी सेवाएँ दीं जो इस्लामी इतिहास की अमूल्य धरोहर हैं। ग़ुफ़रान ए मआब से लेकर अल्लामा हामिद हुसैन तक, और शायरों से लेकर ख़तीबों तक, सभी ने ग़दीर को केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि एक जीवंत इल्मी और सांस्कृतिक परंपरा के रूप में सुरक्षित रखा।
यदि नजफ़ और क़ुम ने ग़दीरी विचारधारा को अंतरराष्ट्रीय स्तर प्रदान किया, तो भारतीय उपमहाद्वीप ने उसे गहराई, शोध, साहित्यिक विस्तार और मज़बूत प्रमाणिकता प्रदान की।
अल्लाह तआला से दुआ है कि वह उन सभी उलेमा, शोधकर्ताओं, ख़तीबों और शायरों की सेवाओं को क़ुबूल फ़रमाए जिन्होंने अपने इल्म और क़लम के माध्यम से ग़दीर के संदेश को पीढ़ी-दर-पीढ़ी पहुँचाया। आमीन।
आपकी टिप्पणी