हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार , इराक के हश्दुश्शाबी संगठन ने कहा कि नजफ़ अशरफ़ और कर्बला में आयोजित शहीद क्रांति नेता की विशाल अंतिम यात्रा की सफलता पहले से की गई व्यापक योजना, सेवाओं, इंजीनियरिंग व्यवस्था और लॉजिस्टिक तैयारियों का परिणाम थी। यह सभी तैयारियां सरकारी संस्थाओं,अतबात-ए-मुकद्दसा और सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से की गई थीं।
हश्दुश्शाबी के सेवा, इंजीनियरिंग, आपूर्ति और परिवहन विभाग के प्रमुख अहमद अब्बास अल-मालिकी ने बताया कि अंतिम यात्रा की तैयारियां आधिकारिक घोषणा से दस दिन पहले ही शुरू कर दी गई थीं। इसमें परिवहन, जनसेवा और आपातकालीन प्रबंधन की विस्तृत योजना बनाई गई ताकि लाखों लोगों की आवाजाही सुचारु रूप से हो सके।
उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्रालय के सहयोग से बसों, ट्रेनों और अन्य वाहनों की व्यवस्था की गई। साथ ही, यात्रा मार्गों पर भीड़ प्रबंधन, पीने के पानी, भोजन और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सड़कों की मरम्मत और राहत हेलीकॉप्टरों के उतरने हेतु अस्थायी हेलीपैड भी बनाए गए।
अल-मालिकी ने कहा कि आतंकवादी संगठन आईएसआईएस (दाएश) के खिलाफ वर्षों तक संघर्ष के दौरान जो अनुभव हश्दुश्शाबी ने हासिल किए, उन्हें अब बड़े जनसमूह वाले आयोजनों के प्रबंधन में भी उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन सुरक्षा के साथ-साथ जनसेवा की अपनी भूमिका को भी लगातार मजबूत कर रहा है।
उन्होंने अंत में कहा कि "हश्दुश्शाबी आपकी सेवा में है" के नारे के साथ संगठन अपनी इंजीनियरिंग और सेवा क्षमताओं का विस्तार कर रहा है, ताकि करोड़ों श्रद्धालुओं की ज़ियारत, जनसेवा परियोजनाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी भूमिका निभा सके। उन्होंने कहा कि इस अंतिम यात्रा की सफलता इराक में उच्च स्तर की योजना, समन्वय और संस्थागत सहयोग का प्रतीक है।
आपकी टिप्पणी