۲۹ شهریور ۱۴۰۳ |۱۵ ربیع‌الاول ۱۴۴۶ | Sep 19, 2024
बारिश

हौज़ा / मानसून के आते ही कई शहरों में बारिश कहर बनकर आई है। महाराष्ट्र के कई शहरों में बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही। मुंबई में तो सड़कें तालाब बन गई है और नाव से लोगों को बचाया जा रहा है। यही हाल गुजरात और राजस्थान का भी है जहां कई इलाकों में भारी जलभराव है और बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार मानसून के आते ही मुंबई में बारिश से हाहाकार मचा है। लगातार बारिश से जलभराव के बाद मुंबई की सड़कें तो मानों जैसे तालाब बन गई हैं। वहीं, अंधेरी सबवे को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। मूसलाधार बारिश ने मुंबई और उपनगरों के लिए मुसीबतें फिर से ला दी हैं, शहर के कई निचले इलाकों से जलभराव की खबरें आई हैं।

यात्री भी परेशान

  • रात भर हुई भारी बारिश के चलते कई सार्वजनिक परिवहन सेवाएं बाधित हो गई, जिससे अनगिनत यात्रियों को असुविधा हो रही है।
  • मौसम विभाग के अनुसार, आज भी अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं, शहर में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
  • मुंबई में भारी बारिश के बाद के हालात के कई वीडियो भी सामने आए हैं। चारों ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है। सड़कें जाम पड़ी हैं।

 पुणे में नावों से लोगों को निकाला गया

दूसरी ओर पुणे में रातभर भारी बारिश हुई, जिससे शहर और जिले के बड़े हिस्से बाढ़ के पानी में डूब गए, स्कूल बंद रहे और लोगों की मदद के लिए नावों को तैनात किया गया। शहर की फायर ब्रिगेड, पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें और अन्य एजेंसियां ​​कई इलाकों में लोगों को बचाने के लिए पहुंची है।

महाराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट जारी

इसके अलावा, भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को महाराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया और अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। मुंबई के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। विले पार्ले और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से आए दृश्यों में यात्रियों को मूसलाधार बारिश के बीच से गुजरते हुए देखा जा सकता है।

गुजरात में 8 लोगों की मौत

गुजरात में बीते 4 दिनों से मुसलाधार बरिश हो रही है। इस तेज बारिश के चलते वडोदरा, भरूच, सूरत और आणंद समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। गुजरात में बारिश से अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है।

टैग्स

कमेंट

You are replying to: .