हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार , क़ुम अल मुकद्दस से जारी अपने एक महत्वपूर्ण संदेश में आयतुल्लाहिल उज़्मा नासिर मकारिम शिराज़ी ने लेबनान पर सियोनी हमलों की कड़ी निंदा करते हुए मुस्लिम समुदाय, दुनिया के स्वतंत्र लोगों और इस्लामी सरकारों से अपील की है कि वे लेबनान के मज़लूम लोगों और प्रतिरोध आंदोलन हिज़्बुल्लाह की भरपूर मदद करें।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि लेबनान के विभिन्न क्षेत्रों पर इज़राइली राज्य के जंगली हमलों और सैकड़ों निर्दोष नागरिकों विशेषकर महिलाओं और बच्चों के शहीद होने और घायल होने की खबरें अत्यंत दुखद और हृदय-विदारक हैं।
आयतुल्लाह मकारिम शिराज़ी ने किसी भी मानवीय सिद्धांत का पालन न करने वाली सियोनी सरकार की निंदा करते हुए कहा कि इस सरकार ने अस्पतालों, बुनियादी ढांचे और गैर-सैन्य केंद्रों को निशाना बनाकर गंभीर अपराध किए हैं, जिससे हर ज़मीर रखने वाले इंसान का दिल दुखी हुआ है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि मुस्लिम समुदाय, दुनिया के स्वतंत्र लोगों और इस्लामिक देशों पर अनिवार्य है कि वे लेबनान के बेसहारा लोगों और हिज़्बुल्लाह जैसे बहादुर एवं प्रतिरोधी आंदोलन का साथ दें। उनका कहना था कि पिछले अनुभवों से यह बात साबित हो चुकी है कि आक्रामकता के मुकाबले में किसी भी प्रकार की कमज़ोरी या साज़िश, अत्याचार को और बढ़ाने का कारण बनती है।
संदेश में उन्होंने ईरान के ज़िम्मेदार अधिकारियों और संबंधित संस्थानों से भी उम्मीद जताई कि वे हमेशा की तरह अपने मानवीय और इस्लामी कर्तव्यों के तहत लेबनान के मज़लूम लोगों की मदद और उनके दुखों को कम करने के लिए व्यावहारिक कदम उठाएँ।
अंत में आयतुल्लाह मकारिम शिराज़ी ने इस बडे दुखद घटना पर हज़रत इमाम ज़माना (स.ल.) की सेवा में शोक व्यक्त करते हुए शहीदों के उच्च दर्जे, घायलों की शीघ्र स्वास्थ्य-लाभ और शहीदों के परिजनों के लिए धैर्य एवं प्रतिफल की दुआ की हैं।
आपकी टिप्पणी