शुक्रवार 17 जनवरी 2025 - 19:22
फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधी गुटों के हाथों ज़ायोनी शासन की करारी और शर्मनाक हार ने दुनिया को प्रतिरोध की ताक़त से परिचित कराया।आयतुल्लाह अराफी

हौज़ा / ईरान के हौज़ा-ए-इल्मिया के प्रमुख आयतुल्लाह अली रज़ा अराफी ने फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधी गुटों की जीत पर बधाई देते हुए कहा कि फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधी संगठनों, विशेषकर बहादुर हमास आंदोलन के हाथों बच्चों का हत्यारा ज़ायोनी शासन बुरी तरह पराजित हुआ है। वह लगातार प्रतिरोधी गुटों को समाप्त करने की धमकियां देता रहा, लेकिन अपने किसी भी नापाक उद्देश्य में सफल नहीं हो सका। इस हार ने पूरी दुनिया को प्रतिरोधी बलों की वास्तविक शक्ति से परिचित करा दिया है।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार ,हौज़ा ए इल्मिया के प्रमुख आयतुल्लाह अली रज़ा अराफी ने फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधी गुटों की ज़ायोनी शासन के विरुद्ध सम्मानजनक विजय पर बधाई देते हुए एक संदेश जारी किया। उनके संदेश का पूरा पाठ इस प्रकार है:

وَبَشِّرِ الْمُؤْمِنِینَ بِأَنَّ لَهُم مِنَ اللَّهِ فَضْلًا کَبِیرًا (احزاب/ ۴۷)

और ईमान वालों को खुशखबरी दे दीजिए कि उनके लिए अल्लाह की ओर से बहुत बड़ा अनुग्रह है। (सूरह अल-अहज़ाब, आयत 47)

फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधी गुटों के सम्मानजनक और विजयी युद्धविराम की खबर से प्रतिरोध के मोर्चे, सभी मुसलमानों और दुनिया भर के स्वतंत्रता-प्रेमियों में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है।

फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधी गुटों, विशेषकर बहादुर हमास आंदोलन के हाथों बच्चों का हत्यारा ज़ायोनी शासन बुरी तरह और शर्मनाक ढंग से पराजित हुआ। वह लगातार इन गुटों को समाप्त करने की धमकियां देता रहा, लेकिन अपने किसी भी नापाक उद्देश्य को पूरा नहीं कर सका। इस हार ने पूरी दुनिया को प्रतिरोधी बलों की ताक़त का एहसास करा दिया है।

यह महान विजय ग़ज़ा के तमाम लोगों के धैर्य, फ़िलिस्तीन, लेबनान, यमन और इराक़ के विभिन्न प्रतिरोधी गुटों के बहादुर मुजाहिदीन के संघर्ष, पूरे प्रतिरोध मोर्चे की कोशिशों और शहीदों के पवित्र रक्त की बरकत का परिणाम है। यह विजय गौरवशाली ऑपरेशन तूफ़ान अल-अक़्सा की कड़ी भी है।

अमेरिका और कुछ अन्य बदनाम पश्चिमी देशों के समर्थन से दुनिया की बुराई का केंद्र तथा ज़ायोनी शासन ने अपनी लगातार मिल रही पराजयों की भरपाई करने के लिए लगभग 465 दिनों तक हर संभव प्रयास किया कि ग़ज़ा के बेबस लोगों, जिनमें निर्दोष महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, को खून में नहला दिया जाए। इस दौरान उन्होंने दुनिया के सामने अपना घिनौना और नफ़रत भरा चेहरा पहले से कहीं अधिक उजागर कर दिया।

इस बच्चों के हत्यारे शासन ने साबित कर दिया है कि अपनी पराजयों पर पर्दा डालने के लिए वह और भी खतरनाक कदम उठा सकता है। लेकिन पहले की तरह इस बार भी वह इस महान विजय की खुशी को कम नहीं कर पाएगा।

अल्लाह की यह महान सहायता साबित करती है कि जैसा कि सर्वोच्च नेता ने वादा किया था, प्रतिरोध आज भी जीवित है और निश्चित रूप से विजय प्रतिरोध के मोर्चे को ही प्राप्त होगी। इस्लामी सिद्धांतों और मान्यताओं के अनुसार, यह विजय पवित्र बैतुल मुक़द्दस की आज़ादी, हक के मोर्चे की पूर्ण विजय और वैश्विक महदवी शासन की स्थापना की भूमिका बनने तक जारी रहेगी।

बहादुर और वीर हमास तथा लेबनान के हिज़्बुल्लाह के जांबाज़ों, यमन के अंसारुल्लाह, इराक़ के जिहादी गुटों और प्रतिरोध मोर्चे के तमाम शहीदों की पवित्र आत्माओं पर अल्लाह का सलाम और दुरूद हो।

विशेष रूप से शहीद यहया सिनवार, इस्माइल हनिया, प्रतिरोध के सरदार शहीद सैयद हसन नसरुल्लाह, शहीद सैयद इब्राहीम रईसी और शहीद हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान को सलाम, जिन्होंने अपनी अथक कोशिशों से इस महान उपलब्धि में योगदान दिया। निश्चित रूप से उनकी पवित्र आत्माएं जन्नत में इस मीठी विजय से प्रसन्न होंगी।

मैं पूरी दुनिया के शिया धर्मगुरुओं और हौज़ा-ए-इल्मिया की ओर से इस महान विजय पर क्षेत्र के सभी लोगों, दुनिया भर के स्वतंत्रता-प्रेमियों और फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधी गुटों को बधाई देता हूं। अल्लाह तआला से दुआ करता हूं कि वह इस विजय को जल्द ही ज़ायोनी शासन की पूर्ण पराजय और उसके अंत की भूमिका बनाए। निःसंदेह वह दिन निकट है, इंशाअल्लाह।

إِنَّهُمْ يَرَوْنَهُ بَعِیداً وَ نَراهُ قَرِیباً (معراج /۶-۷)

वे उसे दूर समझते हैं, जबकि हम उसे निकट देखते हैं।

आयतुल्लाह अली रज़ा अराफी प्रमुख,

हौज़ा-ए-इल्मिया क़ुम

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha