शुक्रवार 7 फ़रवरी 2025 - 08:58
इस्लामी क्रांति ने शक्ति संतुलन के समीकरण बदल दिए: आयतुल्लाह आराफ़ी

क़ुम के इमामे जुमा आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी ने कहा कि जब ईरानी जनता इस्लामी क्रांति और पवित्र रक्षा के मैदान में उतरी, तो उसने केवल दुनिया और क्षेत्र के सुरक्षा, सैन्य तथा प्रत्यक्ष शक्ति संतुलन के समीकरणों को ही नहीं बदला, बल्कि शक्ति के गहरे और बुनियादी समीकरणों को भी बदल दिया।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, आयतुल्लाह आराफ़ी ने क़ुम के मुसल्ला-ए-क़ुद्स में जुमे की नमाज़ के ख़ुत्बों में दह-ए-फ़ज्र के अवसर पर इस्लामी क्रांति की सराहना करते हुए कहा कि ईरानी जनता ने ईश्वर और इस्लाम के नाम पर एकजुट होकर पिछले दो शताब्दियों की सबसे बड़ी ऐतिहासिक घटना को जन्म दिया। यह एक असाधारण और अनूठी क्रांति थी, जिसका विभिन्न दृष्टिकोणों से व्यापक अध्ययन किया गया है।

उन्होंने कहा कि इस्लामी क्रांति के विरोधियों और प्रतिद्वंद्वियों ने इस क्रांति पर उसके समर्थकों से भी अधिक अध्ययन किया है। उन्होंने इस विषय पर अनेक लेख और पुस्तकें लिखीं तथा इस महान घटना के विभिन्न पहलुओं का विश्लेषण किया। इसके विपरीत, विश्वविद्यालयों और हौज़ा इल्मिया ने इस ऐतिहासिक घटना के अध्ययन में अपेक्षित भूमिका नहीं निभाई। इस्लामी क्रांति की वास्तविकता पर अब तक किए गए कार्यों से कहीं अधिक चिंतन, विचार-विमर्श, आदर्श निर्माण और सिद्धांतों के निर्धारण की आवश्यकता है। जब विरोधी इस विषय पर काम कर रहे हैं, तो हमें भी गंभीरता से इस दिशा में प्रयास करना चाहिए।

कुम के इमाम जुमा ने कहा कि इस्लामी क्रांति पूरे राष्ट्र के सामूहिक जागरण और एकजुट जनआंदोलन का परिणाम थी, जिसमें लोगों ने व्यक्तिगत एवं समूहगत भेदभाव से ऊपर उठकर अपनी सभी आकांक्षाओं को इस्लाम के आदर्शों के साथ जोड़ दिया। इस आंदोलन में इमाम ख़ुमैनी (रह.) पूरे राष्ट्र की आशाओं, भावनाओं और आकांक्षाओं के प्रतीक बनकर उभरे। उन्होंने कहा कि इस क्रांति की जड़ें एक हज़ार वर्षों से अधिक पुराने इस्लामी इतिहास और उसकी शिक्षाओं में हैं। इसकी प्रमुख उपलब्धियों में राष्ट्रीय स्वतंत्रता, स्वाधीनता और साम्राज्यवादी शक्तियों पर निर्भर हुए बिना विकास का मार्ग अपनाना शामिल है। अनेक चुनौतियों, संकटों और आंतरिक कठिनाइयों के बावजूद जनता ने असाधारण धैर्य और प्रतिरोध का परिचय दिया तथा हर बार नई ऊर्जा के साथ एकजुट होकर क्रांति की रक्षा की।

उन्होने कहा कि इस्लामी क्रांति की जड़ें इमाम महदी (अ.ज.) की प्रतीक्षा की विचारधारा में हैं और इसका वैश्विक दृष्टिकोण सांस्कृतिक, वैज्ञानिक, आध्यात्मिक एवं ईमानी आयामों पर आधारित है। लगभग आधी शताब्दी से ईरानी जनता जिस धैर्य, दृढ़ता और प्रतिरोध के साथ इस क्रांति के आदर्शों पर डटी हुई है, वह इसकी प्रमुख विशेषता है। उन्होंने कहा कि इस क्रांति की एक बड़ी उपलब्धि समकालीन दुनिया के सामने इस्लाम की मौलिक और इज्तिहादी समझ पर आधारित एक वैकल्पिक आदर्श प्रस्तुत करना है, जो समय की आवश्यकताओं और मानव समाज के हितों के अनुरूप है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरानी जनता की क्रांति और पवित्र रक्षा में भागीदारी ने केवल दुनिया और क्षेत्र के सुरक्षा एवं सैन्य शक्ति संतुलन को ही नहीं बदला, बल्कि शक्ति के गहरे और बुनियादी समीकरणों में भी परिवर्तन ला दिया।

आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी ने कहा कि आज दुनिया में शक्ति का वास्तविक स्वरूप समझना और वैश्विक शक्तियों के रवैये को पहचानना बेहद ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका का असली चेहरा ग़ज़ा और दाहिया में दिखाई देने वाली तबाही, बेघर लोगों की पीड़ा और निर्दोष नागरिकों पर ढाए जा रहे अत्याचारों में देखा जा सकता है।

मजलिस ए खुबरेगान रहबरी के सदस्य ने कहा कि आज दुनिया में शक्ति का वास्तविक स्वरूप समझना और वैश्विक शक्तियों के रवैये को पहचानना बेहद ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका का असली चेहरा ग़ज़ा और दाहिया में दिखाई देने वाली तबाही, बेघर लोगों की पीड़ा और निर्दोष नागरिकों पर ढाए जा रहे अत्याचारों में देखा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका का यही वास्तविक चेहरा आज दुनिया के सामने अलग-अलग रूपों में उजागर हो रहा है। यदि उसे खुली छूट मिल जाए, तो दुनिया के किसी भी क्षेत्र को ग़ज़ा जैसी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। अमेरिका के असली रवैये का अंदाज़ा उस बयान से लगाया जा सकता है, जिसमें ग़ज़ा को वहां के निवासियों से छीन लेने की बात कही गई है।

आयतुल्लाह आराफ़ी ने कहा कि ग़ज़ा में व्यापक तबाही, लोगों का विस्थापन, अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का उल्लंघन और अपने मित्र देशों के साथ भी बेरहमी से पेश आना, साम्राज्यवादी अमेरिकी शक्तियों की पहचान का हिस्सा है।

उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि दुनिया की परिस्थितियों को समझना और किसी भी भ्रम का शिकार होने से बचना आवश्यक है। कमज़ोरी दिखाने या सतही बातें करने के बजाय ऐतिहासिक और सभ्यतागत संघर्ष की वास्तविकता को गहराई से समझना चाहिए तथा अपने कदम मज़बूती से जमाए रखने चाहिए।

उन्होंने कहा कि ग़ज़ा की तबाही उन सभी लोगों के लिए एक चेतावनी है, जो विश्वासघात और आत्मसमर्पण का रास्ता अपनाते हैं। इसके विपरीत, ग़ज़ा की जनता का डटे रहना हमास और इस्लामिक जिहाद के प्रतिरोध का परिणाम है। तमाम विश्लेषणों में ग़ज़ा के पूरी तरह बिखर जाने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन इसके बावजूद वहां के लोगों ने संघर्ष और प्रतिरोध जारी रखा।

आयतुल्लाह आराफ़ी ने कहा कि प्रतिरोध और दृढ़ता ही किसी भी क़ौम को कठिन परिस्थितियों में टिके रहने की ताक़त देते हैं। दुनिया को यह समझना चाहिए कि वह किस ऐतिहासिक और सभ्यतागत दौर से गुज़र रही है। ऐसे समय में नेताओं और ज़िम्मेदार लोगों का रुख़ स्पष्ट, सोच-समझकर तय किया हुआ और मज़बूत होना चाहिए।

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha