हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी ने क़ुम के मुसल्ला-ए-क़ुद्स में जुमे की नमाज़ के ख़ुत्बे में कहा कि इंसान को अल्लाह की ओर अपनी यात्रा के लिए आध्यात्मिक पूंजी की आवश्यकता होती है और यह पूंजी तक़वा यानी अल्लाह का भय तथा उसकी प्रसन्नता प्राप्त करने की भावना है। इसके लिए मनुष्य को अपने नफ़्स और विभिन्न प्रकार के प्रलोभनों से संघर्ष करना चाहिए। नफ़्स के विरुद्ध संघर्ष सबसे बड़ा जिहाद है और इंसान को जीवनभर इस संघर्ष में सक्रिय रहना चाहिए।
आयतुल्लाह आराफ़ी ने ईरान की संसद (मजलिस-ए-शूरा-ए-इस्लामी) और विशेषज्ञों की परिषद (मजलिस-ए-ख़ुबरेगान-ए-रहबरी) के चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों चुनाव देश की राजनीतिक स्थिति, विकास और इस्लामी क्रांति के विचारों की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने धार्मिक विद्वानों, शिक्षकों और चुनाव लड़ने की आवश्यक योग्यता रखने वाले लोगों से अपील की कि वे बचे हुए समय का सदुपयोग करें और विशेषज्ञों की परिषद के चुनाव में अपनी उम्मीदवारी दर्ज कराएं, ताकि चुनाव में प्रतिस्पर्धा बढ़े और अधिक व्यापक तथा स्वतंत्र चुनाव का वातावरण तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि योग्य लोगों को इसे अपना धार्मिक और ईश्वरीय दायित्व समझना चाहिए।
फ़िलिस्तीन और ग़ज़्ज़ा की हालिया घटनाओं से मिलने वाले छह महत्वपूर्ण सबक
आयतुल्लाह आराफ़ी ने फ़िलिस्तीन और ग़ज़्ज़ा की घटनाओं का विश्लेषण करते हुए छह महत्वपूर्ण सबक बताए।
पहला सबक: इस्राइली शासन की क्रूरता का पर्दाफ़ाश
उन्होंने कहा कि ग़ज़ा की घटनाओं ने इस्राइली शासन की बर्बरता, निर्दयता और आधुनिक युग की अमानवीय मानसिकता को उजागर कर दिया है। इतिहास में ऐसे उदाहरण बहुत कम मिलते हैं, जब अत्याचारी ताक़तें इतनी बेरहमी से बच्चों, बीमारों और एक घिरे हुए क्षेत्र में रहने वाली पूरी आबादी को निशाना बनाती हों।
दूसरा सबक: अमेरिका और यूरोपीय शक्तियों का इस्राइल के साथ खुला गठबंधन
उन्होंने कहा कि अमेरिका और यूरोप की कुछ शक्तियों ने जिस तरह पूरी तरह इस्राइल का समर्थन किया, वह दुनिया के लिए चौंकाने वाला था। अमेरिकी राष्ट्रपति का शुरुआती दौर में ही इस्राइल पहुंचकर उसे खुला समर्थन देना इस बात का प्रमाण था कि ये शक्तियां उसके साथ किस हद तक खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिम दुनिया को जागना चाहिए और समझना चाहिए कि कौन-सी ताक़तें इस्लामी जगत के विरुद्ध सक्रिय हैं।
तीसरा सबक: संयुक्त राष्ट्र की निष्क्रियता
आयतुल्लाह आराफ़ी ने संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय संगठनों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि ग़ज़ा में इतने बड़े पैमाने पर अत्याचार होने के बावजूद इन संस्थाओं ने चुप्पी साधे रखी। उन्होंने केवल एक कमज़ोर प्रस्ताव पारित करने के अलावा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया और अभूतपूर्व अपराधों को अनदेखा किया।
उन्होंने कहा कि मानवाधिकारों और राष्ट्रों की रक्षा का दावा करने वाले संगठनों ने इस संकट में निराशाजनक भूमिका निभाई है। हालांकि हमें पहले से मालूम था कि इन संस्थाओं की सीमाएं क्या हैं, लेकिन ग़ज़ा की घटनाओं ने इनके वास्तविक चरित्र को और स्पष्ट कर दिया है।
चौथा सबक: कुछ मुस्लिम देशों की चुप्पी और निष्क्रियता
उन्होंने कुछ क्षेत्रीय और इस्लामी देशों की भूमिका पर गंभीर नाराज़गी जताते हुए कहा कि यह स्थिति संयुक्त राष्ट्र की निष्क्रियता से भी अधिक निराशाजनक है। उन्होंने सवाल किया कि जब अरब और मुस्लिम देश होने के बावजूद आपकी आंखों के सामने इतनी बड़ी त्रासदी हो रही थी, तो आपने कोई प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाया?
उन्होंने कहा कि इस्लामी दुनिया की राजनीतिक शक्ति, तेल और प्राकृतिक संसाधन, आर्थिक संपत्ति तथा बड़ी सेनाएं मुस्लिम देशों के पास हैं, लेकिन इसके बावजूद वे ग़ज़ा में हो रहे नरसंहार को रोकने के लिए प्रभावी भूमिका नहीं निभा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि एक दिन इस्लामी दुनिया की जनता इन गद्दारों और उदासीन लोगों से जवाब मांगेगी। ऐसे देश पैग़म्बरे इस्लाम (स) और पूरी मुस्लिम उम्मत के सामने जवाबदेह हैं।
पांचवां सबक: इस्राइल केवल फ़िलिस्तीन के लिए नहीं, पूरे क्षेत्र के लिए ख़तरा है
आयतुल्लाह आराफ़ी ने कहा कि ग़ज़ा की घटनाओं से यह स्पष्ट हो गया है कि इस्राइल का ख़तरा केवल फ़िलिस्तीन और ग़ज़ा तक सीमित नहीं है, बल्कि जॉर्डन, लेबनान, मिस्र, सीरिया और पूरी इस्लामी दुनिया के लिए एक बड़ा रणनीतिक ख़तरा है।
उन्होंने कहा कि यदि इस्राइल जैसी आक्रामक शक्तियों को अपनी ताक़त बढ़ाने का अवसर मिला, तो वे अपनी विस्तारवादी नीतियों को आगे बढ़ाते हुए अन्य इस्लामी देशों को भी निशाना बना सकती हैं। इसलिए यह समझना आवश्यक है कि इस्राइल का ख़तरा पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता से जुड़ा हुआ है।
छठा सबक: फ़िलिस्तीन की आंतरिक प्रतिरोध क्षमता
उन्होंने कहा कि फ़िलिस्तीन के भीतर से उभरने वाली प्रतिरोध शक्ति बड़ी-बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कर सकती है। पिछले कई दशकों में इस्राइल प्रायः आक्रामक स्थिति में रहता था, लेकिन मौजूदा घटनाओं ने उसे रक्षात्मक स्थिति में पहुंचा दिया है।
उन्होंने कहा कि हिज़्बुल्लाह, हमास, इस्लामिक जिहाद और प्रतिरोध मोर्चे की आंतरिक शक्ति ने इस बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह इस बात का प्रमाण है कि स्थानीय स्तर पर विकसित प्रतिरोध क्षमता भी बड़ी सैन्य शक्तियों को चुनौती दे सकती है।
ग़ज़्ज़ा की घटनाओं की छह प्रमुख उपलब्धियां
आयतुल्लाह आराफ़ी ने ग़ज़ा की घटनाओं से सामने आई उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने इस्राइल और वैश्विक साम्राज्यवादी शक्तियों के विरुद्ध संघर्ष के एक नए चरण की शुरुआत की है।
पहली उपलब्धि: इस्राइल और साम्राज्यवाद के विरुद्ध नए दौर की शुरुआत
उन्होंने कहा कि हमास की कार्रवाई एक नए चरण की शुरुआत थी। फ़िलिस्तीन, ग़ज़ा और लेबनान लंबे समय से रक्षात्मक स्थिति में रहे हैं, क्योंकि इस्राइल की स्थापना ही अवैध कब्ज़े पर आधारित है और यदि प्रतिरोध न किया जाए तो वह अपनी आक्रामक कार्रवाइयां जारी रखेगा।
उन्होंने कहा कि फ़िलिस्तीन और प्रतिरोध मोर्चे में एक नए चरण तथा नए मोर्चे का गठन इन घटनाओं की बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए तमाम कठिनाइयों और बलिदानों के बावजूद यह एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है।
दूसरी उपलब्धि: इस्राइल की सुरक्षा व्यवस्था को बड़ा झटका
उन्होंने कहा कि इस्राइली शासन को ऐसा प्रभावी झटका लगा जिसकी उसने कल्पना भी नहीं की थी। उसकी सुरक्षा व्यवस्था की कमज़ोरियां इस हद तक सामने आईं कि स्वयं इस्राइल के लिए भी यह स्थिति अकल्पनीय थी।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और सैन्य शक्ति वाले प्रतिरोधी समूहों ने अमेरिका के समर्थन पर निर्भर एक बड़ी सैन्य शक्ति को चुनौती देकर उसकी सुरक्षा संबंधी धारणाओं को झकझोर दिया।
तीसरी उपलब्धि: इस्राइल की अर्थव्यवस्था को नुकसान
आयतुल्लाह आराफ़ी ने कहा कि इस्राइल अपनी अर्थव्यवस्था को दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में गिनता था, लेकिन हालिया घटनाओं ने उसे गंभीर आर्थिक झटका पहुंचाया है। इसके परिणामस्वरूप उसकी आर्थिक वृद्धि और भविष्य की विकास संबंधी योजनाओं तथा महत्वाकांक्षाओं को भी नुकसान पहुंचा है।
चौथी उपलब्धि: इस्राइल से लोगों का पलायन और आंतरिक विरोध
उन्होंने कहा कि इस्राइल से उल्टा पलायन शुरू होना और वहां आंतरिक विरोध तथा प्रदर्शन बढ़ना भी इन घटनाओं का एक महत्वपूर्ण परिणाम है। इससे इस्राइली समाज के भीतर पैदा हुई बेचैनी और असंतोष का पता चलता है।
पांचवीं उपलब्धि: दुनिया भर में जनचेतना और मानवता की भावना का जागरण
उन्होंने कहा कि यूरोप के प्रमुख शहरों सहित दुनिया के विभिन्न हिस्सों में फ़िलिस्तीन के समर्थन में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन देखने को मिले। इन प्रदर्शनों ने साबित किया कि दुनिया में आज भी ऐसे जागरूक लोग मौजूद हैं, जो उत्पीड़ितों के साथ खड़े होने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज़ उठाते हैं। यह मानवता और न्याय के पक्ष में एक बड़ी पूंजी है।
छठी उपलब्धि: इस्राइल के साथ संबंध सामान्य बनाने की प्रक्रिया पर रोक
आयतुल्लाह आराफ़ी ने कहा कि ग़ज़ा की घटनाओं का एक अन्य महत्वपूर्ण परिणाम इस्राइल के साथ संबंध सामान्य बनाने की प्रक्रिया का रुकना है। इन घटनाओं ने क्षेत्रीय देशों के सामने इस्राइल की वास्तविक नीतियों और उसके व्यवहार को उजागर कर दिया है।
इस्राइल और साम्राज्यवाद के विरुद्ध हमेशा जागरूक रहना होगा
आयतुल्लाह आराफ़ी ने कहा कि ईरानी जनता, पूरी मुस्लिम उम्मत और दुनिया के सभी स्वतंत्रता प्रेमियों ने ग़ज़ा की घटनाओं से यह सबक सीखा है कि यदि हम अपने दायित्वों से ग़ाफ़िल होकर निष्क्रिय हो जाएं, तो दुनिया की अत्याचारी शक्तियां ऐसे अपराध कर सकती हैं जिनकी कल्पना भी कठिन है।
उन्होंने कहा कि इस्राइली और साम्राज्यवादी विचारधारा के विरुद्ध सभी को जागरूक रहना होगा और हमेशा मैदान में सक्रिय रहना होगा। हमारी ज़ुबान से इस्राइल मुर्दाबाद का नारा कभी नहीं हटना चाहिए।
अमेरिकी राष्ट्रपति और इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और दुनिया की साम्राज्यवादी शक्तियों के नेताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ईरानी जनता की यह बुलंद आवाज़ और मुस्लिम उम्मत का प्रतिरोध हमेशा जीवित रहेगा। ईश्वर की कृपा से दुनिया भर में उठ रही जागरूकता और मानवता की यह लहर उनकी तमाम योजनाओं को विफल कर देगी और उनका अहंकार तथा अत्याचार अंततः उनके लिए विनाश का कारण बनेगा।
जुमे के पहले ख़ुत्बे में आयतुल्लाह आराफ़ी ने इबादत और बंदगी के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एकेश्वरवादी और ईश्वरीय धर्मों में इबादत को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि एकेश्वरवादी धर्मों और भौतिकवादी विचारधाराओं के बीच मूल अंतर इबादत और उपासना के महत्व को लेकर है। भौतिकवादी विचारधारा में पवित्र सत्ता से संबंध, उपासना की भावना और अदृश्य संसार से जुड़ाव के लिए कोई केंद्रीय स्थान नहीं है। इसके विपरीत इस्लाम और क़ुरआन की शिक्षाओं में इबादत, बंदगी और दुआ एक ईमान वाले इंसान के जीवन का केंद्रीय आधार हैं।
कुम के इमाम जुमा ने कहा कि पूरी सृष्टि की रचना का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिसमें इंसान का अस्तित्व और उसका व्यक्तित्व विकसित हो सके। इंसान की रचना के पीछे भी एक विशेष उद्देश्य है और उसकी समस्त महानता का अंतिम लक्ष्य अल्लाह की इबादत और बंदगी है।
आयतुल्लाह आराफ़ी ने आगे कहा कि क़ुरआन की विभिन्न आयतों में बताया गया है कि संसार और प्रकृति की अनेक चीज़ें इंसान के लाभ और उपयोग के लिए उपलब्ध कराई गई हैं। यह इंसान की महानता को दर्शाता है। सूरह ज़ारियात की आयत 56 यह स्पष्ट करती है कि इंसान को केवल भौतिक सुख-सुविधाओं के लिए नहीं, बल्कि अल्लाह की इबादत और उसकी बंदगी के लिए पैदा किया गया है।
मजलिस ए खुबरगेान रहबरी के सदस्य ने कहा कि नमाज़ और रोज़ा इबादत के महत्वपूर्ण रूप हैं, लेकिन इबादत का अर्थ केवल इन धार्मिक कार्यों तक सीमित नहीं है। जब इबादत की भावना इंसान के भीतर गहराई से विकसित होती है, तो उसके जीवन के सभी पहलू और व्यवहार उसी के प्रभाव में आ जाते हैं। इस प्रकार इंसान का पूरा जीवन अल्लाह की बंदगी और उसकी प्रसन्नता प्राप्त करने का माध्यम बन सकता है।
उन्होंने कहा कि इबादत इंसान के अस्तित्व का मूल दर्शन है। इसकी जड़ें इंसान की बुद्धि, तर्क और भावनाओं, तीनों में मौजूद हैं। इंसान की बुद्धि और विवेक इस निष्कर्ष पर पहुंचते हैं कि अल्लाह ही इस पूरी सृष्टि का निर्माता, सर्वशक्तिमान और शासक है। इसलिए इंसान की वास्तविक महानता इसी में है कि वह उस असीम शक्ति और परम सत्ता से अपना संबंध स्थापित करे और स्वयं को उसके अधीन रखे।
आपकी टिप्पणी