हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, हौज़ा इल्मिया के प्रमुख आयतुल्लाह आराफ़ी ने इराक़ की साहसी और गौरवशाली जनता द्वारा शहीद इमाम के पार्थिव शरीर की अंतिम विदाई के अवसर पर प्रदर्शित ऐतिहासिक जन-एकजुटता की सराहना करते हुए एक संदेश जारी किया। संदेश का पूरा पाठ इस प्रकार है:
बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम
“مِّنَ ٱلمُؤمِنِینَ رِجَال صَدَقُواْ مَا عَٰهَدُواْ ٱللَّهَ عَلَیهِ فَمِنهُم مَّن قَضَیٰ نَحبَهُۥ وَمِنهُم مَّن یَنتَظِرُ وَمَا بَدَّلُواْ تَبدِیلا ईमान वालों में कुछ ऐसे लोग हैं, जिन्होंने अल्लाह से किए गए अपने वादे को सच कर दिखाया। उनमें से कुछ अपना वचन पूरा कर चुके हैं और कुछ प्रतीक्षा में हैं। उन्होंने अपने संकल्प में तनिक भी परिवर्तन नहीं किया।”
(सूरह अल-अहज़ाब, आयत 23)
सलाम हो इमाम हुसैन (अ.), हज़रत अली इब्ने हुसैन (अ.), इमाम हुसैन (अ.) की संतान और उनके साथियों पर।
इराक़ और विशेष रूप से नजफ़ तथा कर्बला शहरों में शहीद नेता और उम्मत के रहनुमा इमाम ख़ामेनेई (रह.) के पवित्र पार्थिव शरीर की अंतिम विदाई के दौरान जो ऐतिहासिक दृश्य सामने आया, वह इराक़ की साहसी जनता के गहरे ईमान, निष्ठा, त्याग और बलिदान की भावना का प्रमाण था।
इराक़ की प्रिय जनता, गौरवशाली क़बीलों, महिलाओं, पुरुषों, संघर्षशील युवाओं, धर्मगुरुओं, विश्वविद्यालयों के शिक्षकों और विद्यार्थियों तथा इराक़, लेबनान और अन्य देशों से आए प्रतिरोध आंदोलन के विभिन्न समूहों की विशाल भागीदारी ने दोनों देशों की गहरी ऐतिहासिक एकता को उजागर किया। इस अवसर पर इराक़ की सरकार और जनता, नजफ़ और कर्बला के पवित्र धार्मिक स्थलों तथा विशेष रूप से पॉपुलर मोबिलाइज़ेशन फ़ोर्सेज़ (अल-हश्द अल-शाबी) की सहयोगपूर्ण और सहायक भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही।
यह महान और अपनी मिसाल आप जन-एकजुटता इस्लामी उम्मत की उस एकता का प्रतीक है, जो ईश्वरीय आदर्शों, साम्राज्यवादी शक्तियों से मुक्ति, अमेरिकी प्रभुत्व के शिकंजे से आज़ादी और प्रिय फ़िलिस्तीन सहित इस्लामी भूमि को अमेरिका तथा क़ब्ज़ा करने वाले ज़ायोनी तत्वों के प्रभाव से मुक्त कराने के संकल्प पर आधारित है।
हज़रत अमीरुल मोमिनीन इमाम अली इब्ने अबी तालिब (अ.), इमाम हुसैन इब्ने अली (अ.), हज़रत अबुल फ़ज़्ल अब्बास (अ.) और अन्य मासूम इमामों (अ.) के पवित्र रौज़ों तथा इराक़ के महान विद्वानों और शहीदों की मज़ारों के आध्यात्मिक प्रकाश में आयोजित यह भव्य समारोह इस्लामी उम्मत, इराक़ और ईरान की जनता तथा प्रतिरोध आंदोलन के विरुद्ध दुश्मनों की अनेक योजनाओं और समीकरणों को बदलने वाला साबित हुआ है।
यह आयोजन इस्लामी जागरण, वैश्विक इस्लामी आंदोलन और क्षेत्र के देशों की एकजुटता के माध्यम से एक नई, स्वतंत्र और इस्लामी व्यवस्था के निर्माण तथा उपनिवेशवाद और साम्राज्यवाद से मुक्ति की दिशा में नए समीकरणों का संकेत देता है। अल्लाह की सहायता और हज़रत वली-ए-अस्र इमाम महदी (अज्जलल्लाहु फ़रजहुश्शरीफ़) की विशेष कृपा से इसके प्रभाव व्यापक, प्रचंड और स्थायी होंगे।
इराक़ की जनता, प्रतिरोध आंदोलन और क्षेत्र के लोगों के इस महान जागरण तथा इस बड़ी नेमत के लिए हमें अल्लाह की पवित्र चौखट पर सिर झुकाकर उसका शुक्र अदा करना चाहिए।
मैं इराक़ की पूरी जनता, वहाँ की सरकार और अधिकारियों, प्रतिरोध आंदोलन, क्षेत्र के सभी देशों की जनता तथा इस समारोह में भाग लेने वाले सभी समूहों और वर्गों का आभार व्यक्त करता हूँ। साथ ही, शोक के उन दिनों में, जो सरदार-ए-शहीदां इमाम हुसैन (अ.) और इमाम सज्जाद (अ.) की याद से जुड़े थे, इस महान आयोजन में सहयोग और समर्थन करने वाले सभी लोगों का भी हार्दिक धन्यवाद करता हूँ।
विशेष रूप से पवित्र धार्मिक स्थलों के अधिकारियों और कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ धर्मगुरुओं, हौज़ा इल्मिया से जुड़े विद्वानों, ऐतिहासिक और प्राचीन हौज़ा-ए-इल्मिया नजफ़-ए-अशरफ़, ईरान और इराक़ के प्रिय विद्यार्थियों तथा विद्वानों और उस पवित्र शिक्षण केंद्र से जुड़े अन्य देशों के लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी की सराहना करना हमारा दायित्व है।
इसी तरह, हौज़ा-ए-इल्मिया क़ुम के अनेक वरिष्ठ विद्वानों, जामेअ मुदर्रिसीन, हौज़ा इल्मिया की सर्वोच्च परिषद और क़ुम की उच्च धार्मिक संस्थाओं की भागीदारी के लिए भी मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। विशेष रूप से नजफ़-ए-अशरफ़ की सर्वोच्च धार्मिक मरजइयत के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता प्रकट करता हूँ।
उम्मीद है कि नजफ़-ए-अशरफ़ और क़ुम-ए-मुक़द्दसा की महान धार्मिक मरजइयत के मार्गदर्शन में उम्मत का मार्गदर्शन करने वाले इन दोनों ऐतिहासिक धार्मिक केंद्रों के आपसी संबंध और अधिक मजबूत होंगे। इसी प्रकार, मुस्लिम देशों की जनता, प्रतिरोध आंदोलन तथा इराक़ और ईरान की जनता के बीच एकता और सहयोग भी उच्च इस्लामी लक्ष्यों की दिशा में और सुदृढ़ होगा।
इससे नई इस्लामी सभ्यता के निर्माण और हज़रत हुज्जत (अ.त.फ़.) के विलायत के महान सूर्य के उदय की दिशा में हमारी यात्रा और तेज़ होगी। साथ ही, दोनों देशों की जनता के ऐतिहासिक संबंधों, इमाम हुसैन (अ.) के चेहलुम (अरबईन) के अवसर पर उनकी उल्लेखनीय एकजुटता और दुश्मनों के हमलों का मिलकर सामना करने के संकल्प को एक नया ऐतिहासिक मोड़ मिलेगा।
मुझे पूरा विश्वास है कि वली-ए-फ़क़ीह और इस्लामी क्रांति के महान नेतृत्व (अल्लाह उनकी छाया को बनाए रखे) के मार्गदर्शन तथा मुस्लिम देशों, विशेषकर ईरान और इराक़ की जनता और प्रतिरोध आंदोलन के बलिदानों के परिणामस्वरूप हम शैतानी शक्तियों के पतन और इस्लाम की शक्ति के उदय के साक्षी बनेंगे। हमें आशा है कि ईरान, इराक़ और पूरी दुनिया में इस्लामी उम्मत को विजय प्राप्त होगी।
हमारी दुआ है कि सभी हौज़ा इल्मिया और मुस्लिम देश की जनता ईश्वरीय मार्गदर्शकों, महान शहीदों, धर्म के प्रतिष्ठित विद्वानों, महान धार्मिक मरजाओं, इमाम ख़ुमैनी (रह.), शहीद इमाम ख़ामेनेई (रह.) और वर्तमान महान नेतृत्व (अल्लाह उनकी रक्षा करे) के साथ किए गए अपने वादे पर दृढ़ रहें।
अलीरज़ा आराफ़ी
प्रमुख, हौज़ा इल्मिया
आपकी टिप्पणी