हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, हौज़ा हाए इल्मिया क़ुम के प्रमुख आयतुल्लाह आराफी ने आयतुल्लाहिल उज़्मा फ़य्याज़ के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके शोक संदेश का पूरा पाठ इस प्रकार है:
इन्ना लिल्लाहे वा इन्ना इलैहे राजेऊन
इमाम सादिक़ (अ) ने फरमाया:
“जब कोई आलिम इस दुनिया से जाता है, तो इस्लाम में एक ऐसा ख़ला उत्पन्न होता है जिसे क़यामत तक कोई भर नहीं सकता।”
ईद-ए-ग़दीर और दीन की पूर्णता के पवित्र दिनों में, आयतुल्लाहिल उज़्मा शेख़ मुहम्मद इस्हाक़ फ़य्याज़ (र) का स्वर्गवास अत्यंत दुखद रहा।
वे आयतुल्लाहिल उज़्मा ख़ूई (र) के प्रमुख शिष्यों में से थे। अपने जीवन में उन्होंने अल्लाह के दीन की स्थापना और अहले-बैत (अ) की शिक्षाओं के प्रचार-प्रसार के लिए हर संभव प्रयास किया। उनकी अनेक मूल्यवान इल्मी और फिक़्ही रचनाएँ इस्लामी मदरसों और धार्मिक संस्थानों के लिए एक बड़ी धरोहर हैं।
उनकी इल्मी और फिक़्ही नवाचारों के साथ-साथ उनकी धार्मिक और प्रचारात्मक सेवाओं, विशेषकर अरबईन पैदल यात्रा को पुनर्जीवित करने में उनकी भूमिका और इराक़ व अफ़ग़ानिस्तान के सामाजिक-सांस्कृतिक विकास में उनके योगदान ने उन्हें एक महान और प्रतिष्ठित व्यक्तित्व बनाया।
मैं इस महान विद्वान के निधन पर इमाम-ए-ज़माना (अ), सभी मरजए-तकलीद, विशेषकर नजफ़ के मरजए आयतुल्लाहिल उज़्मा सिस्तानी (दाम ज़िल्लोह), इस्लामी क्रांति के सर्वोच्च नेता, क़ुम, नजफ़ और अफ़ग़ानिस्तान के हौज़ा इल्मिया, उनके परिवार, पुत्रों, शिष्यों और सभी चाहने वालों तथा विशेष रूप से इराक़ और अफ़ग़ानिस्तान की जनता और सरकार को संवेदना व्यक्त करता हूँ।
मैं अल्लाह से दुआ करता हूँ कि उन्हें उच्च दर्जा प्रदान करे और उनके परिवार को धैर्य व प्रतिफल प्रदान करे।
अली रज़ा आराफ़ी
हौज़ा हाए इल्मिया के प्रमुख
आपकी टिप्पणी