सोमवार 13 अप्रैल 2026 - 22:59
सभी के लिए सुप्रीम लीडर के आदेशों का पालन आवश्यक; हमारे प्रिय शहीद रहबर के अंतिम संस्कार और चेहल्लुम तक जोशीली शोक सभाएँ जारी रखी जाएँ: आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी

हौज़ा इल्मिया के प्रबंधन केंद्र ने एक बार फिर जनता से ज़िम्मेदार अधिकारियों पर भरोसा बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकता और एकजुटता की रक्षा करने की अपील की है। साथ ही सर्वोच्च नेता के आदेशों का पालन सभी के लिए आवश्यक बताया है।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, हौज़ा इल्मिया के प्रमुख और ‘बलाग़े मुबीन’ मुख्यालय की नीति-निर्धारण परिषद के अध्यक्ष आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी ने एक संदेश जारी किया है। संदेश का पूरा पाठ इस प्रकार है:

बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम

“إِنَّا فَتَحْنَا لَکَ فَتْحًا مُبِینًا इन्ना फ़तहना लका फ़त्हन मुबीना।”

रमज़ान युद्ध और अमेरिका तथा ज़ायोनी शासन के कायरतापूर्ण हमले में ईरान के बड़ी संख्या में नागरिक शहीद हुए। इन शहीदों में इस्लामी उम्मत के रहबर आयतुल्लाहिल उज़्मा इमाम ख़ामेनई (रह.) की शहादत सबसे बड़ा दुख है। इन घटनाओं ने ईरानी जनता को भारी पीड़ा पहुँचाई, लेकिन इसके साथ ही ईरान की जनता और इस्लामी गणराज्य की सशस्त्र सेनाओं की जीत के बड़े उदाहरण भी सामने आए। दुश्मन को हार का स्वाद चखना पड़ा।

दुश्मन इस युद्ध में ईरान को विभाजित करने, इस्लामी गणराज्य की व्यवस्था को समाप्त करने, ईरानी जनता को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर करने, ईरान के राष्ट्रीय संसाधनों और तेल पर नियंत्रण स्थापित करने, ज़ायोनी शासन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रतिरोध मोर्चे को नष्ट करने के उद्देश्य से उतरा था। लेकिन वह अपने किसी भी उद्देश्य में सफल नहीं हुआ, बल्कि उसे बड़ी पराजयों का सामना करना पड़ा।

क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों का विनाश, इज़राइल के रणनीतिक ठिकानों और बुनियादी ढाँचे को भारी क्षति, प्रतिरोध मोर्चे की शक्ति में और वृद्धि, हुर्मुज़ जलडमरूमध्य पर नियंत्रण, इस्लामी व्यवस्था के समर्थन में ईरानी जनता का जागरण और एकजुटता, ईरान और इस्लाम के विरुद्ध भय फैलाने की परियोजना का विफल होना तथा दुनिया भर में ईरान के प्रति समर्थन में वृद्धि—ये सभी हमारी बड़ी उपलब्धियों के महत्वपूर्ण पहलू हैं। ईरान ने अत्याचार, भ्रष्टाचार और साम्राज्यवाद के सामने दृढ़ता से खड़े होने वाले देश के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। इसके साथ ही अमेरिका और बच्चों का हत्यारा ज़ायोनी शासन का असली चेहरा दुनिया के सामने उजागर हुआ है। ईरान एक महाशक्ति के रूप में उभरा है, पश्चिमी पूँजीवादी सभ्यता की नींव डगमगाई है और नई इस्लामी सभ्यता के निर्माण तथा विलायत-केंद्रित व्यवस्था के उदय की राह भी प्रशस्त हुई है।

इसमें कोई संदेह नहीं कि ये बड़ी सफलताएँ अल्लाह की सहायता और ग़ैबी मदद से हासिल हुई हैं। इसके पीछे ईमान, तवस्सुल, तवक्कुल, दुआ और अल्लाह की बारगाह में विनती के साथ-साथ दूरदर्शिता, जिहाद, धैर्य, दृढ़ता और व्यवस्था के अधिकारियों, सैन्य बलों, सुरक्षा एवं पुलिस बलों तथा ईरान की महान जनता की एकता और एकजुटता रही है। यह सब सर्वोच्च नेतृत्वकर्ता आयतुल्लाह सैयद मुज्तबा हुसैनी ख़ामेनई के नेतृत्व में संभव हुआ। साथ ही क्रांति के शहीद इमाम आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली हुसैनी ख़ामेनई (रह.), उनके परिजनों, महान अधिकारियों और सैन्य कमांडरों, जान की बाज़ी लगाने वाले सैनिकों तथा बसीज के जवानों और मिनाब के शहीद बच्चों एवं अन्य निर्दोष लोगों के ख़ून की बरकत से ये सफलताएँ प्राप्त हुई हैं।

अब जब हम हज़रत इमाम जाफ़र सादिक़ (अ.) की शहादत और फ़ैज़िया मदरसे पर पहलवी शासन के अत्याचारियों के हमले की बरसी के अवसर पर हैं जो इमाम ख़ुमैनी (रह.) के आंदोलन और इस्लामी क्रांति के इतिहास का एक महत्वपूर्ण मोड़ है तो इन अवसरों तथा अपने शहीद नेता (रह.) और ईरान एवं इस्लामी प्रतिरोध के सभी शहीदों की शहादत पर शोक व्यक्त करते हुए कुछ महत्वपूर्ण बातें याद दिलाना चाहता हूँ:

1- हम अपने शहीद इमाम के शोक में डूबे हुए हैं। अभी तक उनके पवित्र पार्थिव शरीर को सुपुर्दे ख़ाक भी नहीं किया गया है और हम उनके बिछड़ने के गहरे दुख से गुज़र रहे हैं। इसलिए उचित है कि हमारे प्रिय शहीद नेता (रह.) के अंतिम संस्कार और उसके चेहल्लुम तक जोशीली शोक सभाओं का सिलसिला जारी रखा जाए।

2- असत्य के मोर्चे के साथ हमारी लड़ाई अस्तित्व की लड़ाई है और यह तब तक जारी रहेगी, जब तक असत्य का मोर्चा पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता। आठ वर्ष का पवित्र रक्षा युद्ध, बारह दिवसीय थोपा गया युद्ध और पिछले 40 दिनों में हम पर थोपा गया युद्धये सभी इसी अस्तित्व की लड़ाई के अलग-अलग चरण और पड़ाव हैं। अल्लाह का शुक्र है कि इस्लामी गणराज्य ईरान ने इन तीनों में सफलता प्राप्त की। विशेष रूप से तीसरे थोपा गया युद्ध में साम्राज्यवादी ताक़तों की प्रतिष्ठा को गहरी चोट पहुँचाकर बड़ी सफलता हासिल की।

3- इस्लामी क्रांति के महत्वपूर्ण मोर्चे की रक्षा के लिए धर्मगुरुओं और समाज के विभिन्न वर्गों की जोशीली रात्रिकालीन उपस्थिति, अल्लाह की बारगाह में दुआ और विनती का सिलसिला लगातार जारी रहना चाहिए। किसी भी संभावित घटना का सामना करने के लिए जनता की जागरूकता, एकता और क्रांति जैसी दृढ़ प्रतिबद्धता को सभी शर्तें पूरी होने तक बनाए रखना आवश्यक है। इसी अवसर पर मैं ईरान की सम्मानित जनता, विशेष रूप से प्रिय युवाओं और शक्तिशाली सशस्त्र बलों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। इसी तरह यमन, इराक़, फ़िलिस्तीन, लेबनान और दुनिया के अन्य क्षेत्रों में सक्रिय प्रतिरोध मोर्चे की भी सराहना करता हूँ। हम विशेष रूप से प्रिय लेबनान और हिज़्बुल्लाह के प्रति अपना समर्थन दोहराते हैं और उनके साथ खड़े रहेंगे।

4- नई इस्लामी सभ्यता के निर्माण और हज़रत इमाम महदी (अ) के ज़ुहूर की ज़मीन तैयार करने के मार्ग में ईरानी जनता के हित प्रतिरोध मोर्चे के विभिन्न घटकों, क्षेत्र के मुस्लिम देशों, इस्लामी उम्मत और पूरी दुनिया के मुसलमानों के हितों से अलग नहीं हैं। इसलिए किसी भी संभावित समझौते में प्रतिरोध मोर्चे के किसी भी घटक के विरुद्ध आक्रमण न करने की शर्त पर विशेष ज़ोर दिया जाना चाहिए। साथ ही अधिकारियों को क्षेत्रीय मुस्लिम देशों और पूरी इस्लामी दुनिया के बीच एकता तथा एकजुटता को मज़बूत करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। वार्ता में शामिल ज़िम्मेदार संस्थाओं से पूरी सतर्कता बरतने, वादाख़िलाफ़ी करने वालों पर भरोसा न करने और ईरान की सभी शर्तों को पूरी तरह लागू कराने की अपेक्षा की जाती है। उन्हें अल्लाह पर भरोसा रखते हुए अपने न्यायपूर्ण सिद्धांतों और रुख़ पर दृढ़ रहना चाहिए।

5- हौज़ा इल्मिया, सम्मानित धर्मगुरुओं, सांस्कृतिक एवं प्रचार संस्थाओं और मीडिया की पहली प्राथमिकता इस ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण संघर्ष में प्रभावी तथा सक्रिय भूमिका निभाना है।

आवश्यक है कि धर्मगुरु विलायत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएँ और अधिकारियों, सैन्य बलों तथा पुलिस बलों का समर्थन करें। उन्हें जनता के बीच सक्रिय रूप से उपस्थित रहकर जिहादे तबयीन और स्पष्ट धार्मिक संदेशों के माध्यम से दुश्मन की मनोवैज्ञानिक युद्ध की साज़िशों को विफल करना चाहिए।

इसके साथ ही राष्ट्रीय एकता और एकजुटता को मज़बूत करने, आध्यात्मिकता को बढ़ावा देने, दुआ और अल्लाह पर भरोसे की भावना को प्रोत्साहित करने तथा मासूम हस्तियों (अ.) की पवित्र आत्माओं से तवस्सुल की भावना को व्यापक बनाने के लिए प्रयास करना चाहिए।

हौज़ा इल्मिया का प्रबंधन केंद्र एक बार फिर जनता से सम्मानित अधिकारियों पर भरोसा बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकता और एकजुटता की रक्षा करने की अपील करता है। साथ ही सर्वोच्च नेता के आदेशों का पालन सभी के लिए आवश्यक बताता है।

हम इस्लामी क्रांति के महान शहीदों, विशेष रूप से क्रांति के सैयदुश्शोहदा और शहीद इमाम (रह.) की पवित्र आत्माओं को सलाम पेश करते हैं और अल्लाह तआला से हक़ की असत्य पर विजय की दुआ करते हैं।

आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी
हौज़ा इल्मिया के प्रमुख
‘बलाग़े मुबीन’ मुख्यालय की नीति-निर्धारण परिषद के अध्यक्ष

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha