हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, हौज़ा इल्मिया के प्रमुख आयतुल्लाह आराफ़ी द्वारा माह-ए-मुहर्रम के आगमन पर जारी संदेश का पूरा पाठ इस प्रकार है:
बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम
“اَلسَّلامُ عَلَیْکَ یا اَباعَبْدِاللهِ وَ عَلَی الْاَرْواحِ الَّتی حَلَّتْ بِفِنائِکَ अस्सलामु अलैका या अबा अब्दिल्लाहि व अला अरवाही अल्लती हल्लत बिफिनाइका।”
इस वर्ष हज़रत अबा अब्दिल्लाहिल हुसैन (अ.) की अजादारी के दिन ऐसे समय में आ रहे हैं, जब ईरान की प्रिय जनता अपने इमाम और मार्गदर्शक, सुप्रीम लीडर हज़रत आयतुल्लाहिल उज़्मा सय्यद अली ख़ामेनेई (रह.) की शहादत के गम में डूबी हुई है। उनकी शहादत आपराधिक ज़ायोनी शासन और साम्राज्यवादी अमेरिका के हाथों हुई।
मुहर्रम की ठंडी हवाएं ऐसे समय में चल रही हैं, जब आंखों से आंसू जारी हैं, दिल गमगीन हैं और प्रतिरोध की कतारें उनके पवित्र रक्त का बदला लेने के लिए युद्ध की तैयारी में हैं। इस वर्ष का मुहर्रम शहीद रहबर को विदाई देने और उस महान नेतृत्व के बिछड़ने का गम लेकर आया है, जिसने 37 वर्षों तक इस्लामी गणराज्य के किले पर ‘हयहात मिन्नज़ ज़िल्ला’ का परचम बुलंद रखा।
यद्यपि अपने शहीद रहबर की शहादत पर हमारी आंखें अश्रुपूर्ण हैं, लेकिन अल्लाह की राह में संघर्ष के लिए हमारे कदम पहले से अधिक मजबूत हो गए हैं। हम उस धरती के लोग हैं, जहां नेता की शहादत को मंजिल-ए-जुहूर तक पहुंचने के लिए शक्ति और उड़ान का माध्यम माना जाता है।
इस वर्ष का मुहर्रम ‘मुहर्रम-ए-मुक़ावमत’ है। इन दिनों मुबल्लेगीन और धर्मगुरुओं के लिए जिहाद-ए-तबयीन, स्पष्ट रूप से सत्य को सामने रखने और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
हम और आप इस समय सत्य और असत्य के बीच एक बड़े संघर्ष तथा इस्लाम, ईरान, क्रांति, प्रतिरोध मोर्चे और पूरी इस्लामी उम्मत के भविष्य का फैसला करने वाले निर्णायक युद्ध के बीच खड़े हैं। इस संघर्ष में किसी भी व्यक्ति, विशेषकर हम हौज़ा से जुड़े लोगों के लिए सुस्ती और निष्क्रियता स्वीकार्य नहीं है। अपनी जिम्मेदारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही के लिए हमें अल्लाह तआला के सामने जवाबदेह होना पड़ेगा।
मुहर्रम और सफ़र का यह अनमोल अवसर, आशूराई आंदोलन के दिन, हुसैनी मजलिसें और मंच विद्वानों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, धर्म प्रचारकों तथा जिहादी एवं प्रचारक समूहों की व्यापक भागीदारी की प्रतीक्षा कर रहे हैं। हमें इन अवसरों को हाथ से नहीं जाने देना चाहिए और न ही जिहादी भावना के साथ प्रचार के मैदान में अपनी उपस्थिति कम करने का कोई बहाना बनाना चाहिए।
आज ईरान और क्षेत्र के युवाओं में धार्मिक एवं क्रांतिकारी चेतना बढ़ाने, जनता की निरंतर सक्रियता और उसकी ईश्वरीय जागरूकता को आगे बढ़ाने के लिए हौज़ा इल्मिया के विद्वानों और धर्मगुरुओं को भी एक नए जागरण और आंदोलन की आवश्यकता है। उन्हें पूरी निष्ठा और संघर्ष के साथ इस मैदान में उतरना होगा। हौज़ा से जुड़े संस्थानों और धर्मगुरुओं के सामूहिक केंद्रों को जिहादी एवं प्रचारक उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों की ओर प्रस्थान करना चाहिए। पिछले 100 से अधिक दिनों से जनता के बीच धर्मगुरुओं की सक्रिय भूमिका को जारी रखते हुए मुहर्रम और सफ़र में भी पूरी शक्ति के साथ मैदान में उतरना चाहिए।
मैं इमाम हुसैन (अ.) और उनके वफादार साथियों के शोक दिवसों तथा क्रांति के सुप्रीम लीडर इमाम सय्यद अली ख़ामेनेई (रह.) की दर्दनाक शहादत पर संवेदना व्यक्त करता हूं। साथ ही, उस महान जनता की सराहना करता हूं, जिसने माह-ए-रमज़ान से लेकर मुहर्रम और सफ़र तक अपनी एकजुट उपस्थिति को जारी रखा। सभी धर्म प्रचारकों और सम्मानित धर्मगुरुओं का आभार व्यक्त करते हुए इन दिनों उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के संबंध में निम्नलिखित बिंदुओं पर जोर देता हूं।
1. जिहादी भावना के साथ धर्म प्रचार और आशूराई प्रतिरोध की व्याख्या
अमेरिका और ज़ायोनी शासन ईरान के विरुद्ध व्यापक और बहुआयामी मनोवैज्ञानिक युद्ध चला रहे हैं। झूठे प्रचार, भ्रम और हुसैनी आंदोलन के संदेश को विकृत करके वे जनता, अधिकारियों और संघर्षरत लोगों का मनोबल तोड़ना तथा ईरान को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर करना चाहते हैं। ऐसे हालात में धर्म प्रचारकों की जिम्मेदारी है कि वे जिहादी भावना के साथ इमाम हुसैन (अ.) के आंदोलन, आशूराई प्रतिरोध, हुसैनी गौरव और अत्याचार के सामने न झुकने के संदेश को लोगों तक पहुंचाएं।
आशूरा को इस्लामी उम्मत की अमर पूंजी और मानवीय व सामाजिक निर्माण का महान स्रोत बताया गया है। इसमें कहा गया है कि “हैहात मिन्नज़ ज़िल्लह” यानी अपमान हमें स्वीकार नहीं—का संदेश अत्याचार और साम्राज्यवाद के विरुद्ध डटकर खड़े होने की प्रेरणा देता है। धर्म प्रचारकों से आग्रह किया गया है कि वे इमाम खुमैनी (रह.) की विचारधारा और शहीद रहबर आयतुल्लाह सैयद अली ख़ामेनेई (रह.) के कथन—“प्रतिरोध की कीमत, समझौता करने की कीमत से बहुत कम है”—के माध्यम से लोगों को समझाएं कि अत्याचारी शासकों के सामने समर्पण करना मानवीय और ईश्वरीय मूल्यों के विरुद्ध है तथा इसके दूरगामी नुकसान हो सकते हैं।
आशूरा में इमाम हुसैन (अ.) और उनके साथियों का बलिदान इस्लाम के गौरव, पैगंबर (स.) की सुन्नत के पुनर्जीवन और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रतिरोध का आदर्श बना। इसी भावना के तहत आज भी अमेरिका और ज़ायोनी शासन की नीतियों तथा अत्याचारों के विरुद्ध दृढ़ता से खड़े होने का आह्वान किया गया है। वक्तव्य में विश्वास व्यक्त किया गया है कि आशूराई प्रतिरोध के मार्ग पर चलकर इस्लामी गरिमा की रक्षा की जा सकती है और इमाम महदी (अज.) के ज़ुहूर की राह को सुगम बनाया जा सकता है।
2. आशा का संचार और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता मजबूत करना
हज़रत इमाम हुसैन (अ.) की आशूरा से मिलने वाली महान शिक्षाओं में तूफानों के बीच धैर्य, कठिनाइयों में सहनशीलता, संकटों में आशावाद और विपरीत परिस्थितियों में दृढ़ता शामिल हैं। इन्हीं आशूराई गुणों ने कर्बला के आंदोलन को शाश्वत प्रकाश प्रदान किया है और विजय का रहस्य भी इन्हीं शिक्षाओं में छिपा है। आज हमें इन शिक्षाओं को स्पष्ट रूप से लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता है, क्योंकि दुश्मन जनता और अधिकारियों में निराशा एवं हताशा पैदा करने तथा कठिन परिस्थितियों का सामना करने की उनकी क्षमता को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है। इसलिए आशा का संचार करना और लोगों की सहनशीलता एवं दृढ़ता को मजबूत बनाना अत्यंत आवश्यक है। इन दिनों धर्म प्रचारकों को इस विषय पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इसके लिए इस्लामी क्रांति की शुद्ध शिक्षाओं और विचारों को सही ढंग से जनता तक पहुंचाना, ईमान और एकेश्वरवाद पर आधारित विश्वास को मजबूत करना तथा सामाजिक विश्वास और एकता को बढ़ावा देना आवश्यक है। समाज में निराशा, संदेह, मतभेद और विवाद के बीज बोने से बचना चाहिए। इसके लिए उपयुक्त सामग्री और संदेश तैयार करना, युवा पीढ़ी के साथ संवाद करना, समाज के वास्तविक सवालों को ध्यानपूर्वक सुनना, घिसी-पिटी भाषा से बचना तथा धर्मगुरुओं की धार्मिक, सामाजिक और नैतिक प्रतिष्ठा को मजबूत करना आवश्यक है।
3. विलायत-ए-फकीह राष्ट्रीय एकता और एकजुटता का आधार है
वली-ए-फकीह और इमाम-ए-जमाना (अ.ज.) के प्रतिनिधि का अनुसरण तथा विलायत-ए-फकीह के केंद्र में राष्ट्रीय एकता और एकजुटता अब तक इस्लामी क्रांति की सफलता, इस्लामी गणराज्य ईरान के अस्तित्व एवं मजबूती और प्रतिरोध मोर्चे की शक्ति का रहस्य रही है। आज भी इतिहास के इस कठिन दौर से निकलने का यही एकमात्र रास्ता है। आशूरा और हुसैनी आंदोलन से मिलने वाले सबकों में एक महत्वपूर्ण सबक यह है कि दुश्मन ने धमकी, लालच और फूट डालने की नीति के माध्यम से उन बड़ी संख्या में लोगों और प्रभावशाली हस्तियों को इमाम हुसैन (अ.) के विरुद्ध खड़ा कर दिया था, जिन्होंने स्वयं उन्हें आमंत्रित किया था। इसी के परिणामस्वरूप आशूरा की दर्दनाक घटना सामने आई। आज भी मतभेद पैदा करना और समाज में फूट डालना दुश्मन की एक प्रमुख चाल है। इसका मुकाबला करने के लिए सर्वोच्च नेतृत्व और सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर हज़रत आयतुल्लाह सैयद मुज्तबा ख़ामेनेई (दम ज़िल्लुह) के अनुसरण पर जोर देना आवश्यक है। अल्लाह के फज़्ल से आज महान धार्मिक मरजा और हौज़ा इल्मिया भी इसी बात पर जोर दे रहे हैं। ईरान की महान और जागरूक जनता तथा पूरी उम्मत इस प्रकाशमान मार्ग पर चलते हुए इस्लामी क्रांति की विचारधारा पर दृढ़ता से कायम रहेगी।
4. सही मार्गदर्शन, गलतियों का सुधार और गरिमा के साथ मजबूत रणनीतिक योजना बनाना
इस्लामी क्रांति के सर्वोच्च नेता ने अपने संदेश में दुश्मन की उस साजिश के प्रति चेतावनी दी है, जिसके तहत वह अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों को गलत आकलन और गलत निर्णय लेने के लिए उकसाना चाहता है। इस आधार पर हौज़ा इल्मिया और धर्मगुरुओं की जिम्मेदारी केवल सरकारी संस्थानों और अधिकारियों की सराहना, समर्थन या उनके कार्यों की पुष्टि करने तक सीमित नहीं है। शिया परंपरा में धर्म के विद्वान हमेशा सरकारी अधिकारियों के समर्थक, शुभचिंतक और उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के प्रति सचेत करने वाले रहे हैं। इसलिए जनता और अधिकारियों के सामने यह बात स्पष्ट करना आवश्यक है कि कूटनीति और बातचीत की क्षमता का उपयोग मैदान और सड़कों पर हासिल उपलब्धियों की रक्षा तथा विजयों को आगे बढ़ाने के लिए करना उचित और स्वीकार्य है। बातचीत को व्यवस्था और ईरानी जनता की शक्ति एवं शर्तों को प्रभावी बनाने के साधन के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। लेकिन ऐसे दुश्मन पर भरोसा नहीं किया जा सकता, जो बार-बार अपने वादों और समझौतों को तोड़ता है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और युद्ध को ऐसे दुश्मन की नीतियों से जोड़ना भी उचित नहीं है। बल्कि उपलब्धियों को स्थायी बनाने और गंभीर आर्थिक एवं सांस्कृतिक समस्याओं का समाधान करने के लिए एकता, सहयोग और जिहादी भावना के साथ योजना बनाकर काम करना आवश्यक है।
5. प्रतिरोध मोर्चे के सभी घटकों की एकता पर जोर
जैसा कि सर्वोच्च नेता ने भी जोर दिया है, प्रतिरोध मोर्चे में यमन के साहसी योद्धा, इराक के जांबाज लड़ाके, लेबनान का बलिदानी संगठन हिज़्बुल्लाह और गाज़ा के उत्पीड़ित लोग शामिल हैं। ये केवल कुछ समय के सहयोगी नहीं, बल्कि इस्लामी क्रांति के मूल्यों और पहचान के अभिन्न अंग तथा हमारे सबसे अच्छे मित्र हैं। इन सभी घटकों की एकता ज़ायोनी षड्यंत्र को जड़ से समाप्त करने का रास्ता आसान और तेज करेगी। आज लेबनान के हिज़्बुल्लाह, यमन के अंसारुल्लाह, इराक के हश्दुश्शाबी और फिलिस्तीनी प्रतिरोध पर आधारित एक संयुक्त मोर्चा अस्तित्व में है। इसे दिन-प्रतिदिन अधिक एकजुट और मजबूत बनाया जाना चाहिए। इस संबंध में एक नई रणनीति यह होनी चाहिए कि इस एकता पर और अधिक जोर दिया जाए तथा इस मूल नीति को स्पष्ट रूप से अपनाया जाए कि युद्ध और शांति, दोनों परिस्थितियों में प्रतिरोध मोर्चे के सभी घटक एकजुट रहें।
निस्संदेह, यह एकता और नीति ‘ला इलाहा इल्लल्लाह’ के मूल संदेश से जुड़ी हुई है। यह कलिमा एक ओर अल्लाह की एकता को दर्शाता है, तो दूसरी ओर झूठे देवताओं और अपने समय के अत्याचारियों को अस्वीकार करने का संदेश देता है। आशूरा और हुसैनी आंदोलन इस पवित्र एकता को मजबूत करने का सर्वोत्तम अवसर हैं। प्रिय धर्म प्रचारकों को चाहिए कि वे मुहर्रम के दिनों में इस अवसर का उपयोग करते हुए प्रतिरोध मोर्चे की एकता की आवश्यकता को स्पष्ट रूप से लोगों के सामने रखें।
6. क्रांति के दोनों महान नेताओं की विचारधारा को स्पष्ट करना और शहीद रहबर के रक्त का बदला लेने की मांग
इस वर्ष मुहर्रम के दौरान जनता की प्रमुख और व्यापक मांगों में उम्मत के महान नेता हज़रत आयतुल्लाहिल उज़्मा इमाम सैयद अली ख़ामेनेई (रह.) की शहादत का बदला लेने और इस विषय को एक व्यापक जनचर्चा एवं विचारधारा के रूप में स्थापित करने को विशेष स्थान मिलना चाहिए। रक्त का बदला लेने और प्रतिशोध की भावना का मुहर्रम एवं आशूरा से संबंध आशूराई संस्कृति की सबसे गहरी परंपराओं में निहित है। यह केवल एक अस्थायी रणनीति नहीं, बल्कि शिया विचारधारा की एक आस्थागत और रणनीतिक आवश्यकता है। शहीद इमाम के रक्त का बदला लेना केवल भावनात्मक प्रतिक्रिया नहीं है, बल्कि आज की परिस्थितियों में अत्याचार और साम्राज्यवाद के विरुद्ध संघर्ष को जारी रखने का एक नया रूप है। वर्तमान समय में यह प्रतिरोध मोर्चे के प्रमुख और बुनियादी कर्तव्यों में से एक है।
प्रिय धर्म प्रचारकों को चाहिए कि वे अपने जागरूकता अभियानों के माध्यम से इस मांग और शहीद रहबर के रक्त का बदला लेने के संकल्प को भुलाए जाने से बचाएं, बल्कि इसे एक व्यापक और राष्ट्रव्यापी विचारधारा में बदलने का प्रयास करें। इसी संदर्भ में इस्लामी क्रांति के तर्क, क्रांति के दोनों महान नेताओं की विचारधारा, शहीद रहबर के बहुआयामी व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं को सामने लाना तथा समाज और विशेष रूप से युवाओं के इस्लाम, क्रांति और शहीद रहबर के साथ वैचारिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक संबंध को मजबूत करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन विषयों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
7. मुहर्रम के अवसर पर विजय और उपलब्धियों का सही चित्र प्रस्तुत करना
तीसरे थोपे गए युद्ध में ईरान और प्रतिरोध मोर्चे ने कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं, जबकि अमेरिका और ज़ायोनी शासन अपने घोषित उद्देश्यों को पूरा करने में विफल रहे हैं। अपनी सैन्य नाकामी की भरपाई के लिए दुश्मन अब मीडिया और मनोवैज्ञानिक युद्ध का सहारा ले रहा है। इसलिए धर्म प्रचारकों से आग्रह किया गया है कि वे मुहर्रम की सभाओं और हुसैनी मंचों के माध्यम से ईरान के नेतृत्व, जनता और सैन्य बलों के साहस, एकजुटता तथा प्रतिरोध को उजागर करें। साथ ही, वैश्विक साम्राज्यवाद के प्रभाव में कमी, ईरान की बढ़ती शक्ति, होर्मुज़ जलडमरूमध्य के प्रबंधन, जनता की जागरूकता और प्रतिरोध मोर्चे की एकजुटता जैसी उपलब्धियों को सामने रखें। कुरआन की आयतों के माध्यम से लोगों को अल्लाह के वादों पर विश्वास दिलाते हुए सत्य और न्याय के मोर्चे की अंतिम विजय तथा सम्मान और गौरव की प्राप्ति का संदेश दें।
8. महदवी समाज, इंतजार और इमाम महदी (अ.ज.) के ज़ुहूर की ओर अग्रसर होना
हुसैनी आंदोलन केवल इतिहास की एक घटना नहीं है, बल्कि यह उस समाज के निर्माण का संपूर्ण आदर्श है, जो इमाम महदी (अ.ज.) के ज़ुहूर की दिशा में आगे बढ़ रहा हो। आशूरा इंतजार की यात्रा का एक महत्वपूर्ण मोड़ है। ऐसा इंतजार, जो न्याय की स्थापना के लिए संघर्ष और शहादत की भावना से जुड़ा हुआ है। इस्लामी क्रांति और शुरुआत से लेकर आज तक अमेरिका तथा ज़ायोनीवाद के विरुद्ध जारी दृढ़ प्रतिरोध भी हुसैनी आंदोलन की इसी भावना का हिस्सा है। ईरान की महान जनता में पैदा हुई यह नई जागरूकता विलायत के महान सूर्य और मानवता के मुक्तिदाता इमाम महदी (अ.ज.) के ज़ुहूर की भूमिका तैयार करने वाली है। इस जागरूकता की विशेषताओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक इस तरह पहुंचाना चाहिए कि दिन-प्रतिदिन इसकी शक्ति और गुणवत्ता में वृद्धि हो तथा ज़ुहूर की परिस्थितियां तैयार हों।
प्रिय धर्म प्रचारकों और विद्यार्थियों को चाहिए कि वे आशूरा और मक्तबे हुसैन (अ.) से प्रेरणा लेते हुए इस सच्चाई को लोगों तक पहुंचाएं कि वैश्विक न्याय की स्थापना, महदवी समाज के निर्माण तथा साम्राज्यवाद और अत्याचार के अंत के लिए हज़रत सैयदुश शोहदा (अ.) के साथियों की तरह दृढ़ता और साहस के साथ खड़ा होना आवश्यक है। शहीद रहबर के शब्दों में: “फ़रज का इंतजार, इस्लामी शक्ति का इंतजार है।” इसलिए सही व्याख्या के माध्यम से सकारात्मक और रचनात्मक इंतजार, जो लोगों को मैदान में सक्रिय करता है, तथा निष्क्रिय इंतजार, जो उन्हें संघर्ष और जिम्मेदारियों से दूर कर देता है, के बीच स्पष्ट अंतर स्थापित करना चाहिए।
अंत में मैं एक बार फिर सभी सम्मानित धर्म प्रचारकों और धर्मगुरुओं को यह महत्वपूर्ण बात याद दिलाना चाहता हूं कि इस वर्ष पहले से कहीं अधिक मस्जिदें, मंच, मौकिब और अज़ादारी संगठन संघर्ष के मोर्चे हैं। मजलिसें, नौहे, हुसैनी जोश, आंसू और शोक सभाएं संघर्ष के साधन और हथियार हैं। इस वर्ष सभी धर्म प्रचारकों और धर्मगुरुओं को जिहादी भावना के साथ मुहर्रम के प्रचार अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए और देश में हुसैनी जोश तथा चेतना को पहले से अधिक मजबूत बनाना चाहिए, ताकि दुनिया और दुश्मन स्पष्ट रूप से समझ सकें कि थोपे गए युद्ध तथा अज़ीज़ ख़ामेनेई (रह.), सैन्य कमांडरों, अधिकारियों, बच्चों और ईरान की उत्पीड़ित जनता की शहादत ने इस्लामी क्रांति और इस्लामी गणराज्य ईरान को कमजोर नहीं किया है, बल्कि उन्हें और अधिक मजबूत बनाया है तथा इस्लामी क्रांति के आदर्शों, शक्ति और राष्ट्रीय गौरव की दिशा में उनकी प्रगति को तेज किया है। इस मार्ग में हमारी सारी उम्मीदें अल्लाह की कृपा और हज़रत वली-ए-अस्र इमाम महदी (अ.ज.) की विशेष कृपा पर टिकी हैं।
“وماالنصر الا من عندالله العزیز الحکیم वमा नसरु इल्ला मिन इंदिल्लाहिल अज़ीज़िल हकीम।”
आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी
हौज़ा इल्मिया के प्रमुख
आपकी टिप्पणी