हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार , इस्राईल के पूर्व प्रधानमंत्री एहुद ओलमर्ट ने एक साक्षात्कार में गादी आइज़ेनकोट की नई सरकार बनाने की कोशिशों और ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिका तथा इस्राईल के युद्ध पर बात की। ओलमर्ट ने गादी आइज़ेनकोट के नेतृत्व में नई सरकार बनने की उम्मीद जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ईरान के प्रति इस्राईल की नीति पहले की तुलना में अधिक संयमित और सतर्क होगी।
ओलमर्ट के मुताबिक, आइज़ेनकोट, बेंजामिन नेतन्याहू के विपरीत, ईरान को नष्ट करने जैसी बड़ी-बड़ी बयानबाज़ी नहीं करेंगे और इस्राईल को सैन्य कार्रवाई की ओर नहीं धकेलेंगे, जब तक कि ऐसी कार्रवाई से संभावित उपलब्धियों के पर्याप्त प्रमाण मौजूद न हों।
परिवर्तन गठबंधन के विभिन्न घटकों के बीच सभी मुद्दों पर पूरी सहमति और समझ नहीं है, लेकिन इस गठबंधन के गठन का सबसे बुनियादी उद्देश्य नेतन्याहू, बेन-गवीर और स्मोट्रिच की सरकार को सत्ता से हटाना रहा है। अब जब उन्हें ऐसा करने का अवसर मिला है, तो मुझे नहीं लगता कि वे इसे गंवाएंगे।
इस्राईल के पूर्व प्रधानमंत्री ने ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलों के हमलों के अनुभव का उल्लेख करते हुए जोर दिया कि, इस्राईल पहले भी इन मिसाइलों के प्रहार झेल चुका है और कोई भी दोबारा ऐसे हमलों का सामना नहीं करना चाहता, जब तक कि इसके बदले कोई बेहद महत्वपूर्ण और बड़ी उपलब्धि हासिल होने की संभावना न हो। उन्होंने यह भी कहा कि आइज़ेनकोट की सरकार का पहला और सबसे तत्काल काम फिलिस्तीनी क्षेत्रों में यहूदी आतंकवाद को रोकना” होना चाहिए।
ओलमर्ट ने अमेरिकी कांग्रेस के नए सत्र की शुरुआत से पहले अमेरिका द्वारा ईरान पर दोबारा सैन्य हमले किए जाने की संभावना पर कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के व्यवहार का अनुमान लगाना मुश्किल है।
हालांकि, ईरान पर दोबारा हमला करने से उनकी राजनीतिक स्थिति और कमज़ोर हो सकती है। इस्राईल के पूर्व प्रधानमंत्री का मानना है कि ईरान पर दोबारा हमला करने से ट्रंप को गंभीर राजनीतिक परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं, क्योंकि पिछला युद्ध पहले से ही बेहद अलोकप्रिय था।
उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति के हालिया बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि ट्रंप ने खुद स्वीकार किया है कि वह चुनाव हार गए, क्योंकि जनमत में इस्राईल की लोकप्रियता नहीं है और ईरान के ख़िलाफ़, इस्राईल से जुड़ा युद्ध भी बेहद अलोकप्रिय रहा है।
यह सही है कि ट्रंप को अब किसी दूसरे चुनाव का सामना नहीं करना है, लेकिन उन्हें अपने राष्ट्रपति कार्यकाल के बचे हुए दो साल पूरे करने हैं। अगर वह ईरान के एक अलोकप्रिय युद्ध में एक और हमला जोड़ते हैं, तो उन्हें डेमोक्रेटिक पार्टी के नियंत्रण वाली कांग्रेस के साथ इसके परिणामों का सामना करना पड़ेगा। यह स्थिति उनके लिए बिल्कुल भी सुखद नहीं होगी और इससे महाभियोग, जांच तथा अन्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं
आपकी टिप्पणी