हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, हौज़ा हाए इल्मिया के प्रमुख आयतुल्लाह आराफ़ी ने पत्रकार दिवस के अवसर पर अपने संदेश में कहा:
बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम
17 अगस्त का दिन उन कलमकारों के संघर्ष और समर्पण की याद दिलाता है, जिन्होंने सत्य की खोज के मार्ग में “नून, क़लम और जो कुछ वे लिखते हैं, उसकी क़सम” की शिक्षा को अपना आदर्श बनाया है। वे जिम्मेदारी के साथ कलम चलाते हैं, सजग दृष्टिकोण रखते हैं और अथक प्रयासों से सच्चाई को सामने लाते हुए समाज में जागरूकता फैलाने के अपने प्रयासों में कभी पीछे नहीं हटते।
इस वर्ष पत्रकार दिवस ऐसे समय में आया है, जब इस्लामी दुनिया सुप्रीम लीडर आयतुल्लाहिल उज़्मा इमाम सय्यद अली ख़ामेनेई, प्रतिरोध मोर्चे के महान संघर्षकर्ताओं और सम्मान व गरिमा की रक्षा में शहीद होने वालों की शहादत के गम में डूबी हुई है। हालांकि, इन शहादतों ने इस मार्ग में कोई रुकावट पैदा नहीं की, बल्कि इस्लामी उम्मत में नया जोश और ऊर्जा भर दी है तथा वर्चस्ववादी शक्तियों के अपराधों से पर्दा उठा दिया है।
प्रिय पत्रकारों और वैचारिक जागरूकता के अभियान के सिपाहियों के नाम:
आज दुश्मन का छेड़ा हुआ मनोवैज्ञानिक युद्ध केवल मीडिया का संघर्ष नहीं है, बल्कि यह लोगों की इच्छाशक्ति पर कब्ज़ा करने और उनकी विचारधारा व मान्यताओं को बदलने की लड़ाई भी है। मैं आपसे आग्रह करता हूं कि इस संघर्ष में ‘पेशेवर नैतिकता’ और ‘अंतर्दृष्टि बढ़ाने वाले विश्लेषण’ के दो हथियारों के साथ घटनाओं का सबसे पहले और सही चित्र प्रस्तुत करें। इस मैदान में हमारी मुख्य रणनीति वास्तविक तथ्यों पर आधारित आशा जगाना और सुधार के उद्देश्य से सहानुभूतिपूर्ण आलोचना करना होनी चाहिए। आपकी कलम एक प्रकाशस्तंभ की तरह दुश्मन के मनोवैज्ञानिक अभियानों के अंधकार को चीर दे और सत्य के मोर्चे की उस पीड़ा और दृढ़ता की वास्तविक तस्वीर दुनिया के स्वतंत्र विचार रखने वाले और आज़ादी के समर्थक लोगों तक पहुंचाए।
आज मदरसों को पहले से कहीं अधिक ऐसे प्रभावी और दूरदर्शी संपर्क माध्यमों की आवश्यकता है, जो सत्य की प्यास रखने वाली दुनिया से उनका संवाद स्थापित कर सकें। आप पत्रकार, पैगंबर-ए-अकरम (स.) और अहलेबैत (अ.) की शिक्षाओं तथा मदरसों की बहुमूल्य विरासत के संदेशवाहक हैं। हौज़ा न्यूज़ एजेंसी और धार्मिक मीडिया से अपेक्षा है कि वे देश के अन्य मीडिया संस्थानों के साथ मिलकर आधुनिक संचार माध्यमों और अंतरराष्ट्रीय भाषा का उपयोग करें तथा मदरसों के सभ्यता-निर्माणकारी, प्रगतिशील और अग्रणी स्वरूप को उसकी पूरी वैज्ञानिक, नैतिक और सामाजिक क्षमता के साथ आम जनता और वैश्विक मंचों के सामने प्रस्तुत करें।
परिवर्तन के इस दौर में मदरसे स्वयं को केवल शिक्षण कक्षों तक सीमित कोई संस्था नहीं, बल्कि आधुनिक मानवता की वैचारिक और नैतिक चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत करने वाला अग्रणी केंद्र मानते हैं। धार्मिक मीडिया को चाहिए कि वह मदरसों के विद्वानों, विद्यार्थियों और शिक्षकों की आवाज़ बने, जो समाज के सामाजिक, राजनीतिक और पारिवारिक संकटों के समाधान के लिए इस्लाम और अहलेबैत (अ.) की शिक्षाओं पर आधारित उपाय प्रस्तुत कर रहे हैं।
धार्मिक मीडिया को समाज के बीच मदरसों की निरंतर उपस्थिति और सक्रिय भूमिका की सटीक तस्वीर पेश करनी चाहिए, ताकि हर कोई समझ सके कि मदरसों की जड़ें आम जनता के बीच हैं और वे लोगों के दुख-दर्द तथा उनकी चिंताओं में उनके साथ खड़े हैं।
आपकी कलम ऐसा माध्यम बने, जो विद्यार्थियों की सामाजिक, राजनीतिक और पारिवारिक क्षेत्रों में संवेदनशील भागीदारी, उनकी समर्पित सेवाओं, सुधार संबंधी विभिन्न योजनाओं और मदरसों की व्यापक गतिविधियों को समाज के सामने उजागर करे। साथ ही, सभी धार्मिक संस्थानों की गतिविधियों को भी पूरी तरह से कवर करे।
इसी तरह अहलेबैत (अ.) की शिक्षाओं और आम लोगों के दैनिक जीवन के बीच अटूट संबंध सामने आएगा। लोग महसूस करेंगे कि मदरसे ऐसी संस्थाएं हैं, जो लोगों की समस्याओं को दूर करने और धर्म के परचम को बुलंद करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ व्यावहारिक रूप से मैदान में मौजूद हैं।
मैं पत्रकारिता के क्षेत्र में शहीद होने वाले पत्रकारों की याद को सम्मानपूर्वक नमन करते हुए देश और मदरसों से जुड़े सभी पत्रकारों तथा मीडिया कर्मियों, विशेष रूप से ‘हौज़ा न्यूज़ एजेंसी’ के पत्रकारों को पत्रकार दिवस की हार्दिक बधाई देता हूं। साथ ही, ईश्वर की बारगाह में दुआ करता हूं कि वह सत्य का संदेश फैलाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के मार्ग में आपको निरंतर सफलता प्रदान करे।
अलीरज़ा आराफ़ी
हौज़ा हाए इल्मिया के प्रमुख
आपकी टिप्पणी