हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार ,हौज़ा-ए-इल्मिया के प्रभारी हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन मत्तहरी सद्र ने बहरीन के कई शिया धर्मगुरुओं और युवाओं को दी गई कठोर जेल की सजाओं, विशेष रूप से आयतुल्लाह शेख़ ईसा अहमद क़ासिम के खिलाफ़ कार्रवाई की कड़ी निंदा की है।
उन्होने हौज़ा न्यूज़ एजेंसी से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बहरैन के शिया धर्मगुरुओं के खिलाफ़ सुनाई गई अन्यायपूर्ण और गैर-न्यायसंगत सजाएं बेहद निंदनीय हैं। धर्मगुरु मार्गदर्शन के ध्वजवाहक, ईश्वरीय शिक्षाओं के संरक्षक और इस्लामी उम्मत की अनमोल पूंजी हैं। उनके सम्मान, गरिमा और अधिकारों की रक्षा करना धार्मिक, मानवीय और इस्लामी जिम्मेदारी है।
उन्होंने पूर्वी अज़रबैजान के हौज़ा-ए-इल्मिया के उस्तादों, छात्रों और विद्वानों की ओर से बहरीन के धर्मगुरुओं और शिया युवाओं को लंबी जेल की सजाएं सुनाने तथा आले ख़लीफ़ा सरकार की दमनकारी नीतियों की कड़ी निंदा की।
मत्तहरी सद्र ने 64 लोगों को उम्रकैद और पांच अन्य को 15 वर्ष की जेल की सजा सुनाए जाने संबंधी प्रकाशित रिपोर्टों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सजाएं बहरैन के शिया समाज में भय और दमन के माहौल को दर्शाती हैं।
उन्होंने कहा कि आले ख़लीफ़ा सरकार को समझना चाहिए कि धर्मगुरुओं के खिलाफ़ कार्रवाई और न्याय की आवाज़ को दबाने से न तो वैधता हासिल होगी और न ही स्थायी शांति और सुरक्षा स्थापित हो सकेगी।
उन्होंने आगे कहा कि दमनकारी नीतियों को जारी रखने से सामाजिक दूरियां बढ़ेंगी, जनता का विश्वास कमजोर होगा और राजनीतिक एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहरीन का अलगाव बढ़ेगा। वास्तविक स्थिरता जेल, डर और दमन से नहीं, बल्कि न्याय, नागरिक अधिकारों, मानवीय गरिमा और धार्मिक स्वतंत्रता के सम्मान से स्थापित होती है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा,मार्गदर्शन और सच्चाई के प्रकाश को जेल की सलाखों के पीछे कैद नहीं किया जा सकता। दमन और कारावास कभी भी इस रोशनी को बुझा नहीं सकते। इतिहास गवाह है कि अत्याचार हमेशा कायम नहीं रहता और न्याय की आवाज़ कभी खामोश नहीं होती।
अंत में उन्होंने ईरान के विदेश मंत्रालय धार्मिक मरजाओं और मानवाधिकार संगठनों से अपील की कि वे स्पष्ट रुख अपनाते हुए कानूनी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध सभी माध्यमों का इस्तेमाल कर बहरीन के धर्मगुरुओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए व्यावहारिक कदम उठाएं।
आपकी टिप्पणी