हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, आयतुल्लाहिल उज़्मा हाज शेख़ हुसैन वहीद ख़ुरासानी (रह.) के निधन पर जामेअ मुदर्रेसीन हौज़ा ए इल्मिया कुम की ओर से शोक संदेश जारी किया गया है। संदेश का पूरा पाठ इस प्रकार है:
बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम
इन्ना लिल्लाहे व इन्ना इलैहे राजेऊन।
इमाम जाफ़र सादिक़ (अ.) फरमाते हैं:
«إِذَا مَاتَ اَلْمُؤْمِنُ اَلْفَقِیهُ ثُلِمَ فِی اَلْإِسْلَامِ ثُلْمَةٌ لَا یَسُدُّهَا شَیْءٌ»
जब कोई मोमिन फ़क़ीह दुनिया से विदा होता है, तो इस्लाम में ऐसी दरार पैदा हो जाती है, जिसकी भरपाई कोई चीज़ नहीं कर सकती।
आलम-ए-तशय्यु के अज़ीम मरजा-ए-तक़लीद, फ़िक़्ह और दृढ़ता के प्रतीक, ज़ोहद व तक़वा के आदर्श हज़रत आयतुल्लाहिल उज़्मा हाज शेख़ हुसैन वहीद ख़ुरासानी (र) के निधन से शिया फ़िक़्ह और मरजइयत के क्षेत्र में ऐसी अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। इस दुखद घटना से हौज़ा-ए-इल्मिया और मक्तब-ए-अहलेबैत (अ.) से जुड़े तमाम श्रद्धालु गहरे शोक में हैं।
इस महान फ़क़ीह और बेमिसाल शोधकर्ता ने अपने समृद्ध जीवन में निरंतर शैक्षणिक प्रयासों, इलाही शिक्षाओं की गहरी समझ तथा फ़िक़्ह और उसूल के सिद्धांतों पर असाधारण अधिकार के माध्यम से शिया फ़िक़्ह के शैक्षणिक क्षेत्र में उच्च स्थान प्राप्त किया। अध्यापन, शोध और प्रतिभाशाली विद्वानों के प्रशिक्षण के माध्यम से उन्होंने अहलेबैत (अ.) की शैक्षणिक विरासत के संरक्षण तथा इज्तिहाद और फ़िक़्ह के सिद्धांतों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अमूल्य एवं अविस्मरणीय सेवाएं प्रदान कीं।
वर्ष 1356 हिजरी शम्सी (1978 ई.) में 19 दी की घटनाओं के दौरान इस्लामी व्यवस्था के उच्च उद्देश्यों के समर्थन में उनका दूरदर्शितापूर्ण रुख, धार्मिक प्रचारकों के समूहों को रवाना करने की व्यवस्था, अहलेबैत (अ.) के उच्च मक़ाम और महानता की याद में मजलिसों के आयोजन पर जोर देना तथा इमाम जाफ़र सादिक़ (अ.) और हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) के शहादत दिवसों पर निकाले जाने वाले मातमी जुलूसों में उनकी भागीदारी, अहलेबैत (अ.) की बारगाह के प्रति उनकी विशेष श्रद्धा और निष्ठा का प्रमाण थी।
निस्संदेह, इस महान मरजा का शैक्षणिक और आध्यात्मिक जीवन ज्ञान, कर्म, तक़वा और विलायत के प्रति अटूट निष्ठा का सुंदर संगम था। उनकी शैक्षणिक रचनाएं, फ़िक़्ह और उसूल पर आधारित शोध एवं बहुमूल्य आध्यात्मिक विरासत आने वाले समय में हौज़ा-ए-इल्मिया के विद्वानों और शोधकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक बनी रहेगी।
जामेअ मुदर्रेसीन हौज़ा ए इल्मिया क़ुम इस महान त्रासदी और हृदयविदारक घटना पर हज़रत वली-ए-अस्र इमाम ज़माना (अ.ज.), इस्लामी क्रांति के सर्वोच्च नेता (दामत बरकातुह), समस्त मराजे-ए-तक़लीद (दामत बरकातुहुम), हौज़ा-ए-इल्मिया, मरहूम के सम्मानित परिवार और उनके बेटों के प्रति गहरी संवेदना एवं शोक प्रकट करती है।
हम बारगाह-ए-इलाही में दुआ करते हैं कि अल्लाह तआला इस महान धर्मज्ञ के दर्जे बुलंद फरमाए, उन्हें अहलेबैत (अ.) के साथ महशूर करे और उनके परिजनों, श्रद्धालुओं तथा मुक़ल्लिदीन को धैर्य और उत्तम प्रतिफल प्रदान करे।
जामेअ मुदर्रेेसीन हौज़ा ए इल्मिया क़ुम
आपकी टिप्पणी