बुधवार 25 नवंबर 2026 - 22:09
बहरैन में 69 शिया धर्मगुरुओं की नागरिकता रद्द, 41 गिरफ्तार: शेख अब्दुल्लाह अल-दक़ाक़

बहरैन के प्रसिद्ध धर्मगुरु हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन शेख अब्दुल्लाह अल-दक़ाक़ ने खुलासा किया है कि बहरीन में 69 शिया धर्मगुरुओं की नागरिकता रद्द की जा चुकी है, जबकि 41 धर्मगुरुओं को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि आले खलीफा सरकार की ओर से धर्मगुरुओं के खिलाफ अदालती कार्रवाई, धार्मिक गतिविधियों पर प्रतिबंध और कठोर सजाएं देने का सिलसिला जारी है, जो धार्मिक स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों के विरुद्ध है।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, शेख अब्दुल्लाह अल-दक़ाक़ ने 25 नवंबर 2026 को क़ुम स्थित इस्लामी प्रचार कार्यालय की ओर से बहरैन और कुवैत के धर्मगुरुओं के समर्थन में आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बहरैन की जनता गरिमापूर्ण, स्वाभिमानी और दृढ़ संकल्प वाली है, लेकिन आले खलीफा सरकार ने शिया समुदाय और धर्मगुरुओं के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं।

उन्होंने बताया कि बहरैन में 69 शिया धर्मगुरुओं की नागरिकता रद्द कर दी गई है। इस कार्रवाई का दायरा उनके माता-पिता, बच्चों और पोते-पोतियों तक पहुंच गया है। प्रसिद्ध धर्मगुरु आयतुल्लाह इब्राहीम अंसारी के परिवार को भी नागरिकता से वंचित किए जाने और देश से निर्वासित होने की स्थिति का सामना करना पड़ा है। उनके परिवार के सदस्य अब विभिन्न देशों में रहने को मजबूर हैं।

शेख अल-दक़ाक़ के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 41 धर्मगुरुओं में पांच ऐसे विद्वान भी शामिल हैं, जो उच्च स्तर के धार्मिक पाठ्यक्रम पढ़ाते हैं। इसके अलावा, बहरीन से बाहर रहने वाले 11 धर्मगुरुओं के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें आयतुल्लाह शेख ईसा क़ासिम का नाम भी शामिल है।

उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ मामलों में महज चंद मिनटों की सुनवाई के बाद पांच धर्मगुरुओं को 15-15 साल की कैद और अन्य लोगों को उम्रकैद की सजा सुना दी गई। उनके मुताबिक, लगभग 85 प्रतिशत आरोप एक जैसे हैं, जबकि 16 हजार पन्नों के दस्तावेजों की समीक्षा के लिए केवल 90 मिनट का समय दिया गया। 55 धर्मगुरुओं ने यह भी बताया कि उनके वकीलों को उचित ढंग से अपना पक्ष रखने का अवसर नहीं दिया गया।

बहरैनी धर्मगुरु ने कहा कि शिया वक्फ के स्वतंत्र संस्थान को सुन्नी वक्फ के साथ मिलाकर मंत्रालय के अधीन कर दिया गया है, जबकि दोनों संस्थान सदियों से अलग-अलग काम करते आ रहे थे। उन्होंने बताया कि हुसैनियाओं और लोगों के घरों में शोक सभाएं आयोजित करने पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। यहां तक कि हज़रत उम्मुल बनीन (स.) की पुण्यतिथि के अवसर पर मजलिस आयोजित करने वाले कुछ आयोजकों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है।

उन्होंने बहरैन के संविधान में धार्मिक स्वतंत्रता की गारंटी का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि जब संविधान धार्मिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करता है, तो फिर धर्मगुरुओं के खिलाफ इस तरह के मुकदमे किस आधार पर चलाए जा रहे हैं।

अंत में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं, अरब लीग और मानवाधिकार संगठनों से अपील की कि वे इन सजाओं को समाप्त कराने तथा गिरफ्तार धर्मगुरुओं और अन्य राजनीतिक कैदियों की रिहाई के लिए आवाज उठाएं।

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha