हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार ,ईरान की मजलिस-ए-ख़ुबरेगान के सदस्य हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन इब्राहीमी ने हज़रत फ़ातिमा ज़हरा स.अ. के महान आध्यात्मिक और सृष्टिगत स्थान को स्पष्ट करते हुए कहा कि हज़रत फ़ातेमा ज़हरा स.अ. का स्थान केवल सृष्टि के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि वे इंसान के आध्यात्मिक विकास, मार्गदर्शन और वास्तविक सफलता का सर्वोत्तम आदर्श हैं।
उन्होंने कहा कि अहलेबैत अ.स. की मोहब्बत और उनकी विलायत से जुड़ाव इंसान को अल्लाह की निकटता और वास्तविक बंदगी के रास्ते पर आगे बढ़ाता है। यह बातें उन्होंने 7 आज़र 1405 ईरानी कैलेंडर को हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) के जन्मदिवस तथा महिला एवं मातृ दिवस के अवसर पर होर्मुज़गान प्रांत के मदरसा-ए-इल्मिया की महिला प्रबंधक और अन्य पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा स.अ. की महानता केवल उनके सांसारिक जीवन तक सीमित नहीं है, बल्कि रिवायतों के अनुसार सृष्टि की रचना से पहले भी उनका एक विशेष स्थान रहा है। पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत मुहम्मद मुस्तफ़ा (स.अ.व.), हज़रत अली अ.स.हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.), इमाम हसन (अ.स.) और इमाम हुसैन (अ.स.) के पवित्र नूर को सृष्टि की प्रारंभिक आध्यात्मिक वास्तविकताओं में विशेष स्थान प्राप्त है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस्लामी दर्शन और रिवायतों में सृष्टि के विभिन्न चरणों तथा नूरानी हक़ीक़तों की चर्चा मिलती है। हालांकि, अहलेबैत अ.स.की सृष्टिगत भूमिका का अर्थ उन्हें अल्लाह की ख़ुदाई या स्वतंत्र सृष्टिकर्ता मानना नहीं है। वास्तविक और स्वतंत्र सृष्टिकर्ता केवल अल्लाह है तथा उसकी विशेष हस्तियों की हर भूमिका उसी की इच्छा और अनुमति से जुड़ी है।
हुज्जतुल इस्लाम इब्राहीमी ने हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) की सृष्टि में तीन महत्वपूर्ण भूमिकाओं की व्याख्या करते हुए कहा कि पहली भूमिका सृष्टि के निर्माण की व्यवस्था में उनकी विशेष स्थिति से संबंधित है, दूसरी भूमिका सृष्टि के उद्देश्य और उसकी अंतिम मंज़िल से जुड़ी है, जबकि तीसरी और सबसे महत्वपूर्ण भूमिका इंसानियत के मार्गदर्शन तथा आदर्श जीवन का नमूना बनने की है।
उन्होंने कहा कि हज़रत फ़ातेमा ज़हरा स.अ. एक मासूम और हुज्जते इलाही हैं, जिनका ज्ञान, आध्यात्मिक स्थान और जीवनशैली इंसान को पूर्णता और वास्तविक सफलता की ओर ले जाती है। उन्होंने हज़रत फ़ातिमा (स.अ.) के मुसहफ़ का उल्लेख करते हुए कहा कि अहलेबैत (अ.स.) की रिवायतों में इसका विशेष महत्व बयान हुआ है।
साथ ही, इमाम मेंहदी अ.त.फ.श.से मंसूब उस कथन का हवाला दिया कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) उनके लिए भी आदर्श हैं। यह उनकी महानता और मार्गदर्शक व्यक्तित्व का प्रमाण है।
उन्होंने सूरह शूरा की आयत 23 का हवाला देते हुए कहा कि अल्लाह ने पैग़म्बरे इस्लाम (स.अ.व.) की रिसालत के बदले उनके क़रीबी अहलेबैत (अ.स.) की मोहब्बत और मौद्दत को निर्धारित किया है। कुरआन में इरशाद होता है: «قُلْ لَا أَسْأَلُكُمْ عَلَيْهِ أَجْرًا إِلَّا الْمَوَدَّةَ فِي الْقُرْبَى» अर्थात, कह दीजिए कि मैं तुमसे अपनी रिसालत का कोई बदला नहीं मांगता, सिवाय अपने क़रीबी रिश्तेदारों के प्रति मोहब्बत के।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अहलेबैत अ.स.की मोहब्बत केवल भावनात्मक लगाव का नाम नहीं, बल्कि उनके विचारों, शिक्षाओं, व्यवहार और जीवनशैली को अपनाने का संकल्प है। हज़रत फ़ातेमा ज़हरा स.अ. से सच्ची मोहब्बत का तक़ाज़ा है कि इंसान उनके आदर्श चरित्र, इबादत, तक़वा, त्याग और नैतिक शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारे। यही रास्ता इंसान को वास्तविक कामयाबी, आध्यात्मिक पूर्णता और अल्लाह की निकटता तक पहुंचाता है।
आपकी टिप्पणी