हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार , हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन नासिर रफ़ीई ने हज़रत फ़ातेमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा और अमीरुल मोमिनीन हज़रत अली अलैहिस्सलाम के वैवाहिक जीवन का उल्लेख करते हुए परिवार की नींव को मज़बूत बनाने और सफल वैवाहिक जीवन के लिए पाँच बुनियादी एवं व्यावहारिक सिद्धांतों की व्याख्या की हैं।
उन्होंने प्रेम का इज़हार, सच्चाई, एक-दूसरे के परिवार का सम्मान, आभार व्यक्त करना तथा जीवनसाथी की संतुष्टि प्राप्त करने के प्रयास को महत्वपूर्ण सिद्धांत बताया हैं।
क़ुम में हज़रत फ़ातिमा मासूमा सलामुल्लाह अलैहा के पवित्र हरम में आयोजित छात्र-छात्राओं के सामूहिक विवाह समारोह में, जिसमें प्रांत के 680 युवा छात्र-छात्राओं ने विवाह किया, हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन नासिर रफ़ीई ने हज़रत फ़ातेमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा और अमीरुल मोमिनीन अलैहिस्सलाम के वैवाहिक जीवन की सीरत का उल्लेख करते हुए सफल वैवाहिक जीवन और परिवार की नींव को मज़बूत बनाने के पाँच बुनियादी सिद्धांतों को बयान किया।
उन्होंने प्रेम का इज़हार वैवाहिक जीवन का पहला सिद्धांत बताया और कहा कि पति-पत्नी को जीवन के अंतिम समय तक एक-दूसरे के प्रति अपने प्रेम का इज़हार करते रहना चाहिए। पैग़म्बरे इस्लाम सल्लल्लाहु अलैहि व आलिही ने भी फ़रमाया है कि पति द्वारा अपनी पत्नी से “मैं तुमसे प्रेम करता हूँ” कहना कभी भी उसके दिल और ज़हन से नहीं मिटता। प्रेम का इज़हार करना, भावनात्मक और प्रेमपूर्ण शब्दों का इस्तेमाल करना तथा स्नेह जताना धार्मिक शिक्षाओं की सिफ़ारिशों में शामिल है। धर्म के महान व्यक्तित्व भी अपने व्यावहारिक जीवन में प्रेमपूर्ण शब्दों का इस्तेमाल करते थे।
हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन रफ़ीई ने सच्चाई को वैवाहिक जीवन का दूसरा सिद्धांत बताया और कहा कि सच्चाई के जीवन में अनेक सकारात्मक प्रभाव होते हैं। यह पति-पत्नी के बीच विश्वास को बढ़ाती है तथा पारिवारिक संबंधों को मधुर और मज़बूत बनाती है।
उन्होंने एक-दूसरे के परिवारों का सम्मान करने को सफल वैवाहिक जीवन का तीसरा सिद्धांत बताते हुए कहा कि पति-पत्नी को एक-दूसरे के परिवार, विशेष रूप से माता-पिता, भाई-बहनों और अन्य रिश्तेदारों का सम्मान करना चाहिए। परिवार के वातावरण में रिश्तेदारों के सम्मान और आदर को स्थापित करना आवश्यक है।
हौज़ा और विश्वविद्यालय के इस शिक्षक ने आभार व्यक्त करने की भावना और आपसी बातचीत को चौथा सिद्धांत बताया। उन्होंने कहा कि परिवार में प्रेम और आत्मीयता पैदा करने के सबसे महत्वपूर्ण कारणों में पति-पत्नी के बीच बातचीत शामिल है। इसलिए दंपति को एक निश्चित समय एक-दूसरे से बातचीत करने के लिए निर्धारित करना चाहिए, क्योंकि बातचीत से आपसी परिचय, आत्मीयता और प्रेम में वृद्धि होती है।
पाँचवें सिद्धांत की व्याख्या करते हुए उन्होंने जीवनसाथी की संतुष्टि प्राप्त करने पर ज़ोर दिया और कहा कि सफल दंपति वे होते हैं जिन्हें एक-दूसरे की रुचियों और इच्छाओं की सही जानकारी होती है। वे जानते हैं कि कौन-सा व्यवहार उनके जीवनसाथी को प्रसन्न करता है और किन बातों से वह नाराज़ होता है। इसलिए पति-पत्नी को अपने जीवनसाथी की संतुष्टि और मानसिक शांति के लिए प्रयास करना चाहिए।
अंत में हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन रफ़ीई ने हज़रत फ़ातेमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा और अमीरुल मोमिनीन हज़रत अली अलैहिस्सलाम के वैवाहिक जीवन की सीरत को युवा दंपतियों के लिए एक मूल्यवान आदर्श बताया। उन्होंने कहा कि इस आदर्श का अनुसरण करके परिवार की नींव को प्रेम, सच्चाई, सम्मान, बातचीत और आपसी संतुष्टि के आधार पर मज़बूत बनाया जा सकता है।
आपकी टिप्पणी