शनिवार 3 जनवरी 2026 - 13:33
हमारे देश का संविधान हमें अपने धार्मिक विश्वासों पर अमल करने और उसके प्रचार-प्रसार की पूरी स्वतंत्रता देता हैः मौलाना सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वी

हौज़ा / जिस चीज़ को वे सिद्ध करना चाह रहे थे, यानी अल्लाह का वुजूद, उसे विज्ञान के मापदंड पर नहीं परखा जा सकता।अगर किसी ने विज्ञान का चश्मा उतार कर तर्क से समझने की कोशिश की होगी, तो निश्चित रूप से समझ में आया होगा। लेकिन जो ज्ञान का चश्मा लगाकर हर चीज़ को देखने और समझने के आदी हैं, उनके लिए इन बातों को समझ पाना मुश्किल है।हमारे देश का संविधान हमें अपने धार्मिक विश्वासों पर अमल करने और उसके प्रचार-प्रसार की पूरी स्वतंत्रता देता है।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, जम्मू कश्मीर से संंबंध रखने वाले शोघकर्ता, लेखक और अनुवादक हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लेमीन सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वी से हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के रिपोर्टर ने भारत मे कुछ दिनो पहले शायर जावेद अख्तर और मुफ़्ती शमाइल नदवी के बीच हुई डीबेट पर एक विस्तृत इंटरव्यू लिया जिसमे मौलाना सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वी ने सवालो का बहुत सुंदर उत्तर दिया। 

इंटरव्यू का पूरा पाठ इस प्रकार हैः

हौज़ाः अपना परिचय कराते हुए हमारे पाठको के लिए अपनी शैक्षिक गतिविधियों का उल्लेख कीजिए।
मौलाना सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वीः मेरा नाम सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वी है। मेरा संबंध भारत के जम्मू-कश्मीर से है। वर्तमान में मैं हौज़-ए-इल्मिया क़ुम में डॉक्टरेट की पढ़ाई कर रहा हूँ। एक छात्र होने के साथ-साथ मैं एक लेखक और अनुवादक भी हूँ। मेरी कई किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं।

हौज़ाः जावेद अख्तर और मौलाना शमाइल के बीच हुई बहस इतनी चर्चा में क्यों आई? क्या इसमें ऐसी बातें थीं जो सार्वजनिक रूप से पहले कभी नहीं कही गईं?
मौलाना सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वीः इसकी लोकप्रियता के कई कारण हो सकते हैं: एक कारण मुफ्ती शमाइल नदवी और जावेद अख्तर का व्यक्तित्व है। जावेद अख्तर एक प्रसिद्ध शायर और पटकथा लेखक हैं जो फिल्में मे गीत लिखते हैं और भारत में नास्तिकता का प्रचार करते हैं, जिससे वे काफी मशहूर हैं। दूसरी ओर, मुफ्ती शमाइल नदवी एक युवा इस्लामी प्रचारक हैं जो पहले इतने लोकप्रिय नहीं थे। इसलिए लोगों के मन में यह जिज्ञासा थी कि इन दोनों के बीच क्या होने वाला है। खासकर मुसलमानों के भीतर यह चिंता भी थी कि जावेद अख्तर के सामने मुफ्ती शमाइल साहब क्या करेंगे। दूसरा महत्वपूर्ण कारण यह भी है कि अल्लाह के वुजूद जैसे विषय पर राष्ट्रीय स्तर पर भारत में इस तरह की बहस पहले कभी नहीं हुई थी। यह अपने आप में एक नई चीज़ थी, इसलिए लोगों को इसकी बेसब्री से प्रतीक्षा थी। चूंकि अल्लाह का वुजूद सभी धर्मों से जुड़ा है और भारत में सभी धर्मों के मानने वाले रहते हैं, इसलिए इसने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।

हौज़ाः क्या आपको लगता है कि ऐसी बहसें समाज में धर्मनिरपेक्ष संवाद को बढ़ावा देती हैं?
मौलाना सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वीः अगर इस तरह की बहसें शिष्टता, साहित्यिक वातावरण, एक-दूसरे के सम्मान और वाद-विवाद के नियमों के अनुसार आयोजित की जाएं, तो निश्चित रूप से एक ऐसे देश में जहाँ विभिन्न धर्मों और विचारधाराओं के लोग रहते हैं, ये लाभकारी सिद्ध हो सकती हैं। इस तरह हर विचारधारा को अपनी बात रखने और अपने तर्क प्रस्तुत करने का मौका मिल सकता है, और इसके परिणामस्वरूप बहुत सी ऐसी ग़लतफ़हमियाँ भी दूर हो सकती हैं जो एक-दूसरे से बातचीत किए बिना और एक-दूसरे को जाने-समझे बिना पैदा होती हैं।

हौज़ाः जावेद अख्तर ने विज्ञान और तर्क के आधार पर अल्लाह के अस्तित्व पर सवाल उठाए। क्या आपको लगता है कि विज्ञान और आध्यात्मिकता को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करना सही है?
मौलाना सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वीः विज्ञान और धर्म का अपना-अपना क्षेत्र है। दोनों का दायरा अलग है। लेकिन ऐसा नहीं है कि दोनों एक-दूसरे से बिल्कुल अलग और अनजान हों। विज्ञान का काम ब्रह्मांड और ईश्वर की रचनाओं में विचार करना और उनके छिपे रहस्यों को खोजना है, जिसकी शिक्षा क़ुरआन भी देता है। क़ुरआन अनेक स्थानों पर पेड़-पौधों, जानवरों, पहाड़ों, आकाशों, तारों और मनुष्य की रचना में विचार करने का आह्वान करता है। इसी से विज्ञान बनता है। इसका मतलब यह है कि इस्लाम विज्ञान का विरोधी नहीं है। लेकिन बहुत सी ऐसी चीज़ें हैं जो वैज्ञानिक सिद्धांतों, प्रयोगों और खोजों की दुनिया और उसके दायरे से बाहर हैं। उनके बारे में विज्ञान कुछ नहीं कह सकता, बल्कि चुप है। इसलिए वैज्ञानिक सिद्धांतों के आधार पर उन्हें समझा और परखा नहीं जा सकता। इसलिए ईश्वर और अलौकिक सत्ताओं के बारे में यह कहना कि उन्हें विज्ञान से सिद्ध कीजिए, स्वयं विज्ञान के साथ मज़ाक है। हम धर्म को समझने के लिए विज्ञान से सहायता अवश्य ले सकते हैं, लेकिन हर चीज़ को न तो विज्ञान से सिद्ध कर सकते हैं और न ही ख़ारिज कर सकते हैं।

हौज़ाः जावेद अख्तर के "नास्तिकता" के दृष्टिकोण ने युवाओं को कैसे प्रभावित किया?
मौलाना सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वीः जावेद अख्तर साहब की बातों और तर्कों ने नास्तिकता और नास्तिकों की मदद करने के बजाय उन्हें और कमज़ोर किया है। उन्होंने अपनी बातों और दावों के लिए कोई तार्किक और युक्तिसंगत प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया। शायद उनके पास कोई प्रमाण था ही नहीं। बल्कि वह मूल विषय पर बात करने के बजाय इधर-उधर की बातों में उलझाने की कोशिश कर रहे थे। निश्चित रूप से युवाओं का एक वर्ग उनकी कुछ बातों से प्रभावित हुआ होगा, खासकर वह वर्ग जो धार्मिक विषयों में कोई अध्ययन नहीं करता और जानकारी नहीं रखता। जब आप किसी भी बहस को कॉमन सेंस और भावनात्मक बयानों के ज़रिए सिद्ध या ख़ारिज करते हैं, तो लोग काफी प्रभावित होते हैं। लेकिन जहाँ तक नास्तिक दृष्टिकोण की बात है, इस संदर्भ में मुझे नहीं लगता कि कोई उनसे प्रभावित हुआ होगा और इससे नास्तिकता सिद्ध हुई होगी।

हौज़ाः मौलाना शमाइल ने क़ुरआन और धार्मिक दृष्टिकोण से अल्लाह के अस्तित्व को कैसे साबित किया?
मौलाना सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वीः मुफ्ती शमाइल नदवी ने अपनी बातचीत की शुरुआत में ही कह दिया था कि वह कोई भी धार्मिक प्रमाण प्रस्तुत नहीं करेंगे, बल्कि तार्किक आधार पर अपनी बात रखेंगे। इसलिए उन्होंने पूरे वाद-विवाद में किसी भी आयत या हदीस का हवाला नहीं दिया, बल्कि केवल तार्किक दलीलें ही प्रस्तुत कीं, जिनका जावेद अख्तर साहब न न तो जवाब दे पाए और न ही उनका खंडन कर पाए। बल्कि सच्चाई यह है कि जावेद अख्तर साहब मुफ्ती साहब की बातों को पूरी तरह समझ ही नहीं पाए, जिसका स्वीकार उन्होंने खुद ही किया।

हौज़ाः क्या मौलाना शमाइल के तर्क आधुनिक वैज्ञानिक सोच वाले युवाओं को समझ आए होंगे?
मौलाना सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वीः मुफ्ती साहब के तर्क विज्ञान के ख़िलाफ़ नहीं थे, बल्कि तर्क के अनुकूल थे, और जिस चीज़ को वे सिद्ध करना चाह रहे थे, यानी अल्लाह का वुजूद, उसे विज्ञान के मापदंड पर नहीं परखा जा सकता। अगर किसी ने विज्ञान का चश्मा उतार कर तर्क से समझने की कोशिश की होगी, तो निश्चित रूप से समझ में आया होगा। लेकिन जो ज्ञान का चश्मा लगाकर हर चीज़ को देखने और समझने के आदी हैं, उनके लिए इन बातों को समझ पाना मुश्किल है। हालाँकि, हमें यह बात नहीं भूलनी चाहिए कि दुनिया के अधिकांश वैज्ञानिक धार्मिक थे और हैं, क्योंकि वैज्ञानिक शोधों के परिणामस्वरूप यह ब्रह्मांड और उसके रहस्य उनके लिए जितने स्पष्ट होते जाते हैं, उनके लिए यह स्पष्ट होता जाता है कि इन सबके पीछे कोई है, यह सब कुछ अपने आप नहीं हो सकता। यह अलग बात है कि वे उसका नाम और शीर्षक कुछ भी रखें।

हौज़ाः क्या ऐसी बहसें समाज में धार्मिक विभाजन को बढ़ावा देती हैं?
मौलाना सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वीः अगर इन बहसों का उद्देश्य सामने वाले को ग़लत साबित करना हो, तो इस बात का ख़तरा रहता है कि धार्मिक मतभेद पहले से अधिक गहरे हो सकते हैं। लेकिन अगर बातचीत एक-दूसरे के सम्मान और शिष्टता के दायरे में हो और दूसरों को ग़लत साबित करने के बजाय केवल अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत किया जाए और फ़ैसला देखने और सुनने वालों पर छोड़ दिया जाए, तो इससे ग़लतफ़हमियाँ दूर हो सकती हैं, अज्ञानता में कमी आ सकती है, एक-दूसरे को समझने का मौका मिल सकता है। जिसका परिणाम धार्मिक मतभेदों में कमी के रूप में भी सामने आ सकता है।

हौज़ाः क्या भारत जैसे धर्मनिरपेक्ष देश में ऐसी बहसों की जगह है?
मौलाना सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वीः हमारे देश का संविधान हमें अपने धार्मिक विश्वासों पर अमल करने और उसके प्रचार-प्रसार की पूरी स्वतंत्रता देता है। अगर हम अपने विचारों को दूसरों पर थोपने के बजाय बौद्धिक बातचीत करते हैं, तो यह संविधान के विरुद्ध नहीं है, और धर्मनिरपेक्षता की भावना भी यही है।

हौज़ाः क्या ऐसी बहसों को टीवी या सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जाना चाहिए?
मौलाना सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वीः अगर उद्देश्य यह है कि विभिन्न धर्मों, विचारधाराओं और विचारों के लोग एक-दूसरे को जानें और समझें, तो निश्चित रूप से प्रसारित किया जाना चाहिए। बेमकसद कार्यक्रमों के बजाय इस तरह की चर्चाएं समाज की प्रगति के लिए अधिक लाभकारी हो सकती हैं।

हौज़ाः अगर आप ऐसी बहस का हिस्सा हों, तो आप किस तरह के सवाल करेंगे?
मौलाना सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वीः अगर पहले से बातचीत का दायरा और ढांचा निर्धारित हो, तो मैं उसी के अनुसार बातचीत और सवाल करूँगा। लेकिन अगर निर्धारित विषय, जैसे अल्लाह के वुजूद का विषय, में बातचीत स्वतंत्र हो और मेरे सामने कोई पढ़ा-लिखा और समझदार इंसान हो, तो मैं सबसे पहला सवाल उसके अपने अस्तित्व के बारे में करूँगा, यानी प्राकृतिक तर्कों के ज़रिए बहस की शुरुआत करूँगा। हालाँकि, मुफ्ती साहब ने जो दृष्टिकोण अपनाया, वह बिल्कुल सही था। समय की कमी के कारण शायद वे उसकी पूरी व्याख्या नहीं कर पाए।

हौज़ाः आखिर में आप युवाओं को क्या संदेश देना चाहेंगे?
मौलाना सय्यद सज्जाद हैदर सफ़वीः युवाओं के लिए यही संदेश है कि वे शोध और अध्ययन के ज़रिए अपने ज्ञान और समझ में वृद्धि करें। ब्रह्मांड के बारे में, अपने बारे में विचार करें। जो सवाल उनके मन में उठते हैं, उनके जवाब की तलाश करें। अपने धर्म और मज़हब को गहराई से समझने की कोशिश करें। अपने देश और दुनिया की समस्याओं और हकीकतों के बारे में जागरूक रहें। खासकर मुस्लिम युवा क़ुरआन और धार्मिक किताबों को अधिक से अधिक पढ़ें। और जीवन में मस्त रहने के बजाय उसके वास्तविक उद्देश्य की खोज करें।

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha