सोमवार 29 जून 2026 - 12:18
राष्ट्रपति पीज़िश्कियान की आयतुल्लाह आराफी से मुलाकात, विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श

ईरान के राष्ट्रपति ने हौज़ा-ए-इल्मिया के प्रमुख के कार्यालय में उनसे मुलाकात की और विभिन्न राष्ट्रीय एवं सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श किया।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसऊद पीज़िश्कियान ने रविवार, 28 जून 2026 को अपने क़ुम दौरे के दौरान हौज़ा-ए-इल्मिया के प्रमुख तथा गार्जियन काउंसिल के सदस्य आयतुल्लाह आराफी से मुलाकात की और विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

डॉ. पीज़िश्कियान ने इस मुलाकात में देश की वर्तमान परिस्थितियों के प्रबंधन, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्रों में न्याय को बढ़ावा देने, विभिन्न सामाजिक कार्यों में मस्जिदों की भूमिका को अधिक सशक्त बनाने तथा हालिया कूटनीतिक प्रगति के संबंध में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी।

राष्ट्रपति ने कहा कि देश का कठिन परिस्थितियों से सफलतापूर्वक बाहर निकलना अल्लाह तआला की कृपा, सर्वोच्च नेता के मार्गदर्शन तथा जनता के व्यापक समर्थन का परिणाम है।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने इन सभी चरणों में देश की स्थिरता तथा शांति बनाए रखने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करने का पूरा प्रयास किया कि जनता को मिलने वाली सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी सभी प्रशासनिक और व्यावहारिक क्षमताओं का उपयोग करते हुए देश को संकटपूर्ण परिस्थितियों से बाहर निकालने के लिए प्रभावी कदम उठाए।

आयतुल्लाह आराफी ने भी इस मुलाकात के दौरान हज़रत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के अज़ादारी के दिनों के अवसर पर संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्होंने इस्लामी क्रांति के सर्वोच्च नेता हज़रत आयतुल्लाह अल-उज़्मा इमाम ख़ामेनेई की शहादत पर भी शोक व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय एकता, आपसी सौहार्द और देश की शक्ति को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा क्रांतिकारी जनता की सेवाओं का सम्मान करने की आवश्यकता पर बल दिया।

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha