बुधवार 29 जुलाई 2026 - 13:19
अरबईन के मौके पर ज़ायरीन की सेवा में रेड क्रिसेंट के 50 से अधिक चिकित्सा कर्मी तैनात

हौज़ा / क़ुम अलमुकद्द में रेड क्रिसेंट की मेडिकल टीम के प्रमुख ने बताया कि हज़रत फ़ातिमा मासूमा स.अ. के मौकिब में 50 से अधिक डॉक्टर, नर्स और चिकित्सा विशेषज्ञ अरबईन के ज़ायरीन को चौबीसों घंटे इलाज और राहत सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार , नजफ़ से कर्बला मार्ग पर अमूद 1080 पर स्थित हज़रत फ़ातिमा मासूमा (स.अ.) के मौकिब में तैनात क़ुम रेड क्रिसेंट की मेडिकल टीम के प्रमुख अली असगर सुलेमानी ने कहा कि 50 से अधिक डॉक्टर, नर्स और विशेषज्ञ कर्मी इमाम हुसैन (अ.स.) के ज़ायरीन को 24 घंटे चिकित्सा और आपातकालीन सेवाएँ उपलब्ध करा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अरबईन का मिशन अन्य राहत अभियानों से अलग है। प्राकृतिक आपदाओं में राहतकर्मी संकट और घायलों से सामना करते हैं, जबकि अरबईन की पैदल यात्रा में सेवा का वातावरण प्रेम, आध्यात्मिकता, त्याग और भाईचारे से भरपूर होता है, जो राहतकर्मियों के सेवा-भाव को कई गुना बढ़ा देता है।

सुलेमानी ने कहा कि हमारा उद्देश्य यह है कि यदि किसी ज़ायर को स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो, तो उसे सबसे कम समय में आवश्यक उपचार मिल सके, ताकि वह सुरक्षित और संतोषपूर्वक अपनी ज़ियारत जारी रख सके। ज़ायरीन के कष्ट कम करना और उन्हें मानसिक सुकून देना हमारी मेडिकल टीम का सबसे बड़ा दायित्व है।

उन्होंने बताया कि इस मोकिब में रोगियों की जाँच, दवाइयों की व्यवस्था, पट्टी (ड्रेसिंग), प्राथमिक उपचार, कई एम्बुलेंस की तैनाती तथा ज़ायरीन की सामान्य और अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाओं की पूरी व्यवस्था की गई है।

अंत में सुलेमानी ने मेडिकल स्टाफ, राहतकर्मियों और मोकिब के स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि यह सेवा अरबईन के ज़ायरीन के सम्मान और अहलुलबैत (अ.स.) के चाहने वालों की ख़िदमत में एक छोटा-सा योगदान साबित होगी।

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha