हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार ,इराक़ी प्रधानमंत्री अली फालेह अल-ज़ैदी ने आज शुक्रवार को सऊदी अरब की जनरल इंटेलिजेंस के प्रमुख खालिद बिन अली अल-हुमैदान और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। यह प्रतिनिधिमंडल सऊदी किंग का इराक़ी प्रधानमंत्री के नाम संदेश लेकर बग़दाद पहुंचा था।
सऊदी अरब के इस वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी का बग़दाद दौरा ऐसे समय हुआ है, जब इराक़ी इस्लामिक रेजिस्टेंस ने भी घोषणा की है कि, इराक़ी राजनीतिक नेताओं के दबाव और उनके आग्रह के चलते उसने अमेरिकी-सऊदी आक्रामकता के जवाब में अपनी सैन्य कार्रवाई को फिलहाल स्थगित कर दिया है।
इराक़ी प्रधानमंत्री के मीडिया कार्यालय के अनुसार, बैठक में क्षेत्र के सुरक्षा घटनाक्रम और बग़दाद तथा रियाद के बीच आपसी समन्वय एवं सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान अली फालेह अल-ज़ैदी ने कहा कि, इराक़ सरकार दोनों देशों और दोनों राष्ट्रों के साझा हितों तथा क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के समर्थन के लिए सऊदी अरब के साथ सहयोगात्मक संबंधों को मजबूत करने पर जोर देती है।
सऊदी ख़ुफ़िया प्रमुख ने सऊदी नेतृत्व की ओर से इराक़ी प्रधानमंत्री को रियाद की यात्रा का दोबारा निमंत्रण भी सौंपा।
वहीं, इराकी प्रधानमंत्री ने अपने देश की संप्रभुता और इराक़ी जनता के हितों की रक्षा के प्रति सरकार के स्थायी रुख को दोहराया। उन्होंने कहा कि, बग़दाद अपनी धरती को किसी अन्य देश के ख़िलाफ़ किसी भी कार्रवाई या गतिविधि का शुरुआती केंद्र नहीं बनने देगा।
उन्होंने कहा कि, यह रुख़ इराक़ के संवैधानिक दायित्वों, अच्छे पड़ोसी के सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता और देशों की संप्रभुता के सम्मान पर आधारित है।
इराक़ी प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, दोनों पक्षों ने सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से निपटने की क्षमता बढ़ाने और आवश्यक कदम कानूनी ढांचे के भीतर उठाने के लिए संबंधित संस्थाओं के बीच सुरक्षा समन्वय और खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान को जारी रखने पर सहमति जताई।
आपकी टिप्पणी