हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, सूडान के मज़लूम लोगों के विरुद्ध किए गए जघन्य अपराधों की निंदा करते हुए ईरान के हौज़ा-ए-इल्मिया के प्रमुख आयतुल्लाह आराफ़ी द्वारा जारी बयान का पूरा पाठ इस प्रकार है:
बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम
ऐसे समय में, जब इस्लामी जगत को सर्वांगीण प्रगति के लिए आपसी सहयोग, स्थिरता और शांति की आवश्यकता है तथा फ़िलिस्तीन की मज़लूम जनता को अवैध इस्राईली शासन के विरुद्ध समर्थन देने के लिए एकता और साझा प्रयासों की ज़रूरत है, सूडान के मज़लूम लोगों के सामूहिक नरसंहार और उनके दसियों हज़ार लोगों के विस्थापन की दिल दहला देने वाली ख़बरों और तस्वीरों ने दुनिया भर के संवेदनशील और ज़मीर रखने वाले लोगों के दिलों को आहत कर दिया है।
यह दर्दनाक त्रासदी इस्लामी उम्मत के दुश्मनों की उन घातक साज़िशों का स्पष्ट उदाहरण है, जिनका उद्देश्य इस्लामी देशों में फूट डालना, उन्हें कमज़ोर करना, उनके टुकड़े करना और उनके संसाधनों तथा संपत्ति को लूटना है। इन दुखद और हृदयविदारक घटनाओं के पीछे हमेशा वैश्विक साम्राज्यवाद और अपराधी इस्राईली शासन की प्रत्यक्ष या परोक्ष दख़लअंदाज़ी तथा भूमिका दिखाई देती है।
इस्लामी गणराज्य ईरान के हौज़ा-ए-इल्मिया और इस्लामी विद्वान इन भयावह अपराधों की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए मुस्लिम देशों की सरकारों, मुस्लिम जनता और इस्लामी जगत के बुद्धिजीवियों से अपील करते हैं कि वे इस तरह की त्रासदियों के सामने ख़ामोश न रहें। साथ ही, साम्राज्यवादी शक्तियों और वैश्विक ज़ायोनीवाद की साज़िशों तथा उनके नापाक इरादों के प्रति सतर्क रहते हुए इस्लामी देशों, विशेषकर सूडान में स्वतंत्रता, मानवीय गरिमा और न्याय के आदर्शों की रक्षा करें।
अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं, इस्लामी सहयोग संगठन और मानवाधिकार संगठनों से भी अपेक्षा की जाती है कि वे इस मानवीय त्रासदी के विरुद्ध स्पष्ट और मज़बूत रुख़ अपनाएँ तथा सूडान के मज़लूम लोगों का रक्तपात और विस्थापन रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाएँ।
अंत में, हम शोकाकुल परिवारों और सूडान की मज़लूम जनता के प्रति अपनी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करते हैं। हम अल्लाह तआला से दुआ करते हैं कि वह उन्हें सब्र और विजय प्रदान करे तथा इस्लामी उम्मत को साम्राज्यवादी शक्तियों की साज़िशों और वर्चस्ववादी महत्वाकांक्षाओं के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखे।
वस्सलामु अलैकुम व रहमतुल्लाहि व बरकातुहू
आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी
ईरान के हौज़ा-ए-इल्मिया के प्रमुख
13 आबान 1404 हिजरी शम्सी (4 नवंबर 2025)
आपकी टिप्पणी