शनिवार 28 सितंबर 2024 - 20:15
आयतुल्लाह आराफी का लेबनान की हालिया घटनाओं पर संदेश: हौज़ा-ए-इल्मिया हिज़्बुल्लाह को अकेला नहीं छोड़ेगा

हौज़ा / ईरान के धार्मिक शिक्षा केंद्रों हौज़ा-ए-इल्मिया के प्रमुख आयतुल्लाह अली रज़ा अराफी ने लेबनान और फ़िलिस्तीन, विशेष रूप से ग़ाज़ा और ज़ाहिया में जारी घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वहां जो कुछ हो रहा है, वह एक ओर ज़ायोनी शासन और विश्व की साम्राज्यवादी ताकतों की हताशा, बेबसी और आधुनिक बर्बरता को उजागर करता है, तो दूसरी ओर इस्लामी दुनिया की सरकारों की कमजोरी, आश्रित शासकों की गद्दारी और मुस्लिम जगत की उपेक्षा को भी दर्शाता है।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार , आयतुल्लाह अराफी ने अपने संदेश की शुरुआत इन शब्दों से की:

بِسْمِ اللَّهِ قَاصِمِ الْجَبَّارِينَ مُبِيرِ الظَّالِمِينَ، إِنَّهُ خَيْرُ نَاصِرٍ وَمُعِينٍ
उस अल्लाह के नाम से जो अत्याचारियों का घमंड तोड़ने वाला और ज़ालिमों का विनाश करने वाला है। निस्संदेह वही सबसे अच्छा मददगार और सहायक है।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि लेबनान, फ़िलिस्तीन, ग़ाज़ा और ज़ाहिया में घटित हो रही घटनाएं ज़ायोनी शासन और दुनिया की साम्राज्यवादी शक्तियों की हताशा और आधुनिक बर्बरता का प्रमाण हैं। वहीं दूसरी ओर, ये घटनाएं कमज़ोर सरकारों के भय, आश्रित शासकों की गद्दारी और इस्लामी जगत की लापरवाही की भी कहानी बयान करती हैं।

उन्होंने आगे कहा कि इन तमाम परिस्थितियों के बावजूद पूरे क्षेत्र में जिहाद और प्रतिरोध के दृश्य इस बात की उम्मीद जगाते हैं कि उम्मते इस्लाम का आक्रोश एक बड़ी शक्ति के रूप में सामने आएगा और मज़लूम तथा पीड़ितों की मुक्ति के लक्ष्य की दिशा में एक बड़ी छलांग लगेगी। यह संघर्ष इस्लामी उम्मत की आज़ादी और स्वतंत्रता के नए सवेरे का संदेश दे रहा है।

आयतुल्लाह अराफी ने स्पष्ट किया कि ईरान के हौज़ा-ए-इल्मिया, शैक्षणिक एवं विश्वविद्यालय केंद्रों, जागरूक और बलिदानी मुस्लिम राष्ट्रों के साथ मिलकर, सर्वशक्तिमान ईश्वर की कृपा से प्रतिरोध के शक्तिशाली मोर्चे, फ़िलिस्तीन और लेबनान की बहादुर जनता तथा विशेष रूप से प्रिय और गौरवशाली हिज़्बुल्लाह के साथ खड़े रहेंगे।

उन्होंने क़ुम और नजफ़ के महान धार्मिक नेतृत्व, इस्लामी जगत के उलमा और हौज़ा के विद्वानों से अपील की कि वे इस्लामी उम्मत और दुनिया के वंचित एवं उत्पीड़ित लोगों को एकता, संघर्ष और इस्लामी क्रांति के सर्वोच्च नेता के मार्गदर्शन का अनुसरण करने के लिए प्रेरित करें। साथ ही प्रतिरोध का समर्थन करने और सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने क्षेत्रीय सरकारों से भी अपील की कि वे भय और निष्क्रियता की स्थिति से बाहर निकलें और इस संबंध में तत्काल एवं प्रभावी कदम उठाएं।

अपने संदेश के अंतिम हिस्से में आयतुल्लाह अराफी ने प्रतिरोध के सभी मुजाहिदों और संघर्षरत लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस्लामी दुनिया, लेबनान और फ़िलिस्तीन में प्रतिरोध करने वाले लोग यह जान लें कि अत्याचार और अन्याय के घने बादलों के पीछे से विजय और मुक्ति का सूरज अवश्य उदय होगा। साम्राज्यवादी ताकतें इतिहास के कूड़ेदान में चली जाएंगी और प्रतिरोध के महान शहीदों का प्रकाशमय मार्ग जारी रहेगा।

उन्होंने अपने संदेश का समापन क़ुरआनी वाक्य से किया:

وَمَا النَّصْرُ إِلَّا مِنْ عِنْدِ اللَّهِ الْعَزِيزِ الْحَكِيمِ

और विजय केवल प्रभुत्वशाली और तत्वदर्शी अल्लाह की ओर से ही है।"

आयतुल्लाह अली रज़ा अराफी

प्रमुख, (हौज़ा-ए-इल्मिया)

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha