हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, लखनऊ के तंज़ीमुल मकातिब के सचिव हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन सय्यद सफ़ी हैदर ज़ैदी ने आयतुल्लाहिल उज़्मा शेख़ हुसैन वहीद ख़ुरासानी की शैक्षणिक, फ़िक़्ही और हौज़ा संबंधी सेवाओं को याद करते हुए उनके निधन को शिया जगत, विशेष रूप से हौज़ा-ए-इल्मिया के लिए बड़ी क्षति बताया। उनका पूरा शोक संदेश इस प्रकार है:
बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम
इन्ना लिल्लाहे व इन्ना इलैहे राजेऊन।
«إِذَا مَاتَ الْعَالِمُ ثُلِمَ فِي الْإِسْلَامِ ثُلْمَةٌ لَا يَسُدُّهَا شَيْءٌ»
जब कोई आलिम दुनिया से विदा होता है, तो इस्लाम में ऐसी दरार पैदा हो जाती है, जिसकी भरपाई कोई चीज़ नहीं कर सकती।
यह दुखद समाचार मिला कि फ़िक़्ह और फ़क़ाहत का एक चमकता सितारा तथा उसूल-ए-फ़िक़्ह के महान विशेषज्ञ आयतुल्लाहिल उज़्मा शेख़ हुसैन वहीद ख़ुरासानी इस दुनिया से रुख़सत हो गए।
आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद ख़ुरासानी का जन्म 1921 में ईरान के शहर निशापुर में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक धार्मिक शिक्षा मशहद मुक़द्दस में प्राप्त की। नजफ़ अशरफ़ के हौज़ा-ए-इल्मिया के महान विद्वानों से परिचित होने और उनसे ज्ञान प्राप्त करने के उद्देश्य से वह 27 वर्ष की आयु में नजफ़ अशरफ़ पहुंचे, जबकि उस समय तक वह स्वयं भी दर्जा-ए-इज्तिहाद प्राप्त कर चुके थे।
फ़िक़्ह और उसूल के अतिरिक्त उन्हें दर्शनशास्त्र, तर्कशास्त्र, तफ़सीर और इल्मुल कलाम के विशेषज्ञ शिक्षक के रूप में भी जाना जाता था। क़ुम हौज़ा इल्मिया के शैक्षणिक हल्को में इल्म-ए-उसूल-ए-फ़िक़्ह के शिक्षकों के बीच उनका स्थान विशिष्ट और अद्वितीय था।
उन्होंने शिया जगत के महान विद्वानों और हौज़ा की प्रतिष्ठित हस्तियों से ज्ञान प्राप्त किया। इनमें कुछ नाम आयतुल्लाह मिर्ज़ा मुहम्मद हुसैन नाइनी, आयतुल्लाह सय्यद अबुल हसन इस्फ़हानी, आयतुल्लाह सय्यद मोहसिन हकीम, आयतुल्लाह सय्यद अबुल क़ासिम ख़ूई, आयतुल्लाह अब्दुल हादी शीराज़ी और आयतुल्लाह मुहम्मद हादी मिलानी (र) प्रमुख है।
आयतुल्लाह सय्यद अबुल क़ासिम ख़ूई (र) को उन पर विशेष ध्यान और स्नेह था। उन्हें आयतुल्लाह ख़ूई की फ़िक़्ही परिषद का सदस्य होने का सम्मान भी प्राप्त था। अपने समय के महान और विशिष्ट उस्तादों से ज्ञान प्राप्त करने वाले इस महान फ़क़ीह के हजारों शिष्य आज दुनिया भर में पैग़म्बर मुहम्मद (स) और उनके अहलेबैत (अ) की शिक्षाओं के प्रचार-प्रसार में व्यस्त हैं।
हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स) के शोक और अज़ादारी की परंपरा को पुनर्जीवित करने वाले व्यक्तित्व के रूप में भी उन्हें विशेष पहचान हासिल थी। उनका निधन शिया जगत और विशेष रूप से हौज़ा-ए-इल्मिया के लिए एक बहुत बड़ी शैक्षणिक क्षति है।
इस दुखद घटना पर हम उनके उच्च आध्यात्मिक दर्जे की बुलंदी की दुआ के साथ हज़रत वली-ए-अस्र इमाम महदी (अ), उनके सम्मानित परिवार, प्रतिष्ठित विद्वानों और तमाम मोमिनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं।
वस्सलाम।
शोकाकुल,
सय्यद सफ़ी हैदर
आपकी टिप्पणी