हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, आयतुल्लाह वहीद ख़ुरासानी के निधन पर हौज़ा-ए-इल्मिया के प्रमुख आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी द्वारा जारी शोक संदेश का पूरा पाठ इस प्रकार है:
बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम
इन्ना लिल्लाहे व इन्ना इलैहे राजेऊन।
इमाम जाफ़र सादिक़ (अ.) ने फ़रमाया: “जब कोई मोमिन फ़क़ीह दुनिया से विदा होता है, तो इस्लाम में ऐसी कमी पैदा हो जाती है, जिसकी भरपाई कोई चीज़ नहीं कर सकती।”
महान और आदरणीय उस्ताद, आयतुल्लाहिल उज़्मा हाज शेख़ हुसैन वहीद ख़ुरासानी (क़ुद्दिसा सिर्रुह) के अत्यंत दुखद निधन पर मैं हज़रत वली-ए-अस्र (अ.ज.), मरजा-ए-तक़लीद, सर्वोच्च नेतृत्व, हौज़ा-ए-इल्मिया, प्रतिष्ठित धर्मगुरुओं, ईरान की महान जनता, क़ुम के सम्मानित नागरिकों, दुनिया भर के मुसलमानों, पैग़म्बर-ए-अकरम (स.) के अहलेबैत (अ.) के अनुयायियों, ईरान और विश्व में मरजइयत से लगाव रखने वालों, सभी उच्चस्तरीय शैक्षणिक एवं धार्मिक संस्थानों और विशेष रूप से उनके सम्मानित पुत्रों तथा प्रतिष्ठित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना और शोक व्यक्त करता हूँ।
उनकी पवित्र मरजइयत के प्रति सम्मान प्रकट करने तथा अंतिम विदाई, सुपुर्द-ए-ख़ाक और शोक सभाओं में शामिल होने के लिए आज से लेकर इस सप्ताह के अंत तक हौज़ा-ए-इल्मिया की कक्षाएँ स्थगित घोषित की जाती हैं।
इस अज़ीम फ़क़ीह ने अपने लगभग एक शताब्दी लंबे जीवन को अध्ययन, अध्यापन, शोध, बड़ी संख्या में शिष्यों के प्रशिक्षण, महत्वपूर्ण इल्मी एवं शैक्षणिक कृतियों और विचारों के सृजन तथा आम लोगों और हौज़ा के विद्वानों के मार्गदर्शन में व्यतीत किया। उन्होंने हौज़ा-ए-इल्मिया क़ुम सहित अन्य धार्मिक शिक्षण केंद्रों के विकास और उन्नति तथा फ़िक़्ह, उसूल, तफ़सीर, इतिहास और इस्लामी ज्ञान-विज्ञान से संबंधित शोध कार्यों की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस शोधकर्ता फ़क़ीह ने नजफ़ अशरफ़ के प्राचीन हौज़ा ए इल्मिया का दौर देखा और वहाँ के महान विद्वानों से लाभ प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने पवित्र मशहद के हौज़ा में अध्यापन और ज्ञान-वितरण का कार्य किया और फिर क़ुम के प्राचीन एवं गौरवशाली हौज़ा में स्थायी रूप से निवास करने लगे।
अपनी गहन चिंतन शक्ति, व्यापक शोध, प्रभावशाली और उत्साहवर्धक वक्तृत्व तथा अत्यंत लोकप्रिय शिक्षण कक्षाओं के माध्यम से उन्होंने फ़िक़्ह, उसूल और तफ़सीर के अध्ययन की सीमाओं का विस्तार किया और अनगिनत शिष्यों को प्रशिक्षित किया। उन्होंने इस्लामी ज्ञान-विज्ञान के लिए नए क्षितिज खोले।
अपने अध्ययन और शोध की बैठकों, समृद्ध शैक्षणिक चर्चाओं, फ़िक़्ही शोध एवं गहन विश्लेषण, कलामी और ऐतिहासिक विषयों पर सूक्ष्म चिंतन तथा अन्य विद्वतापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से अपनी असाधारण विद्वत्ता का परिचय दिया। वे फ़िक़्ह के आकाश में सूर्य की तरह चमकते रहे। इमाम हुसैन (अ.) की याद में आयोजित मजलिसों में अपने प्रभावशाली भाषणों तथा ईरान और अन्य देशों में लोगों के मार्गदर्शन और धार्मिक उपदेशों के माध्यम से उन्होंने अनेक यादगार और मूल्यवान सेवाएँ अंजाम दीं।
वे इस्लाम-ए-अज़ीज़, इलाही एवं पैग़म्बरी विलायत (स.) तथा हज़रत अली (अ.) और हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) के उच्च आध्यात्मिक एवं धार्मिक स्थान के प्रबल समर्थक थे। ईरानी जनता के संघर्ष और आयतुल्लाह इमाम ख़ुमैनी (रह.) के नेतृत्व में इस्लामी क्रांति के दौर में तथा बाद में शहीद रहबर इमाम ख़ामेनेई (रह.) के दौर में भी वे इस्लामी क्रांति के साथ खड़े रहे। वे ईरानी जनता, हौज़ा-ए-इल्मिया और इस्लामी व्यवस्था के सच्चे हितैषी, मार्गदर्शक और शुभचिंतक थे।
हौज़ा और समाज के शैक्षणिक एवं नैतिक विकास के लिए उनका सहयोग, योग्य और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों तथा विद्वानों के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान और विशिष्ट शैक्षणिक केंद्रों एवं विषयों की स्थापना के लिए उनके प्रयास अत्यंत प्रशंसनीय हैं।
इन सभी विशेषताओं के साथ-साथ उनकी आध्यात्मिकता, हृदय की पवित्रता, उत्तम नैतिकता, सादगीपूर्ण जीवन, परहेज़गारी, हौज़ा की प्राचीन एवं प्रामाणिक नैतिक और शैक्षणिक परंपराओं के प्रति प्रतिबद्धता तथा हज़रत वली-ए-अस्र (अ.ज.) से उनकी गहरी श्रद्धा, हौज़ा और विश्वविद्यालयों, विद्यार्थियों, युवाओं तथा शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
आज फ़िक़्ह और मरजइयत का यह महान स्तंभ परम सत्ता के सान्निध्य की ओर प्रस्थान कर गया है और हौज़ा-ए-इल्मिया, अपने शिष्यों तथा चाहने वालों को शोकाकुल छोड़ गया है। अब हौज़ा-ए-इल्मिया, युवा विद्यार्थी और सम्मानित शिक्षक उनके मूल्यवान शैक्षणिक विरासत के उत्तराधिकारी हैं। हम सभी का यह संकल्प है कि पवित्रता, फ़िक़्ह और मरजइयत के मार्ग को आगे बढ़ाएँ तथा इस्लाम, इस्लामी विचारधारा, इस्लामी क्रांति और महान शहीदों के मार्ग पर चलते रहें।
उनकी पवित्र आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आशा है कि हौज़ा-ए-इल्मिया, क़ुम, ईरान और दुनिया भर के सम्मानित लोग उनके प्रति तथा अहलेबैत (अ.) की विचारधारा के प्रति अपना कर्तव्य निभाएँगे और उनके सम्मान में आयोजित सभी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
عاش سعیداً و مات سعیداً
आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी
हौज़ा-ए-इल्मिया के प्रमुख
आपकी टिप्पणी