हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, हौज़ा इल्मिया के प्रमुख आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी ने हिज़्बुल्लाह लेबनान के महासचिव हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन शेख नईम क़ासिम के नाम एक संदेश जारी किया। संदेश में उन्होंने प्रतिरोध मोर्चे की एकता, उसके नेतृत्व और विभिन्न इकाइयों के आपसी समन्वय को एक मजबूत वास्तविकता बताया। उन्होंने कहा कि यह एकता जागरूक संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व पर आधारित है तथा उन स्वतंत्रता-प्रेमी राष्ट्रों के बीच गहरे संबंधों को दर्शाती है, जो सम्मान की रक्षा और अत्याचार व आक्रामकता के विरुद्ध संघर्ष के साझा उद्देश्य से एकजुट हुए हैं।
बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम
“وَلَا تَهِنُوا وَلَا تَحْزَنُوا وَأَنتُمُ الْأَعْلَوْنَ إِن کُنتُم مُّؤْمِنِینَ न तो कमज़ोर पड़ो और न ही दुखी हो, यदि तुम ईमान वाले हो तो तुम ही सर्वोच्च रहोगे।” (सूर ए आले इमरान, आयत 139)
“إِن یَنصُرْکُمُ اللَّهُ فَلَا غَالِبَ لَکُمْ यदि अल्लाह तुम्हारी सहायता करे तो कोई तुम पर विजय प्राप्त नहीं कर सकता।” (सूर ए आले इमरान, आयत 160)
संघर्षशील विद्वान और लेबनान में इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन के नेता, जनाब शेख नईम क़ासिम (अल्लाह उनकी रक्षा करे) के नाम!
सलामुन अलैकुम व रहमतुल्लाहे व बराकातोह।
मैं आपको युद्ध के मैदान से यह संदेश लिख रहा हूँ, जहाँ आग की लपटें उठ रही हैं और तोपों की गर्जना चारों ओर गूँज रही है। लेकिन इस पूरे शोर और अफरा-तफरी से परे एक ऐसी आवाज़ भी बुलंद हो रही है, जिसे न बादलों का गर्जना दबा सकता है और न ही धुएँ का कोई गुबार शांत कर सकता है।
“وَکَانَ حَقًّا عَلَیْنَا نَصْرُ الْمُؤْمِنِینَ और ईमान वालों की सहायता करना हमारे ज़िम्मे था।” (सूर ए रूम, आयत 47)
अल्लाह का वादा कभी झूठा नहीं हो सकता। आक्रामकता का अँधेरा जितना गहराता जाता है, विजय की सुबह उतनी ही करीब आती जाती है। प्रतिरोध मोर्चा, जो इलाही उसूलो और अल्लाह की अपरिवर्तनीय परंपराओं पर अडिग है, पूरे विश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। क्योंकि उसे ऐसे सहारे पर भरोसा है, जिसे कभी पराजित नहीं किया जा सकता और वह ऐसे सहायक पर विश्वास रखता है, जो अपने प्रिय बंदों को कभी अकेला नहीं छोड़ता।
इस अवसर पर हम अत्यंत सम्मान और श्रद्धा के साथ उन शहीदों के कारवाँ को याद करते हैं, जिन्होंने गौरव और सम्मान की राह में अपनी जान कुर्बान कर दी। इस कारवाँ में सबसे आगे शहीद इमाम और प्रेरणादायी नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सय्यद अली ख़ामेनेई तथा पवित्र शहीद, अद्वितीय और ऐतिहासिक कमांडर हज़रत सय्यद हसन नसरुल्लाह (र) हैं। उनकी दूरदृष्टि मुजाहिदों के लिए मार्गदर्शक दीपक थी, उनकी बातें प्रतिरोध आंदोलन का रास्ता दिखाती थीं और उनका पवित्र रक्त इस बात का स्थायी संकल्प था कि ईश्वरीय सहायता का वादा पूरा होने तक जिहाद का परचम बुलंद रखा जाएगा।
ऐ वीर कमांडर! आपके बहादुर लड़ाकों ने, जो ईमान और बलिदान की संतान हैं, उस विश्व जनमत को जगाया है, जो शर्मनाक चुप्पी के बोझ तले दबा हुआ था और कमज़ोर व निष्प्रभावी रुख के कारण निष्क्रिय हो गया था। उन्होंने अपने रक्त से ऐसे सबक लिखे हैं, जिन्हें समय कभी भुला नहीं सकेगा। अपने त्याग और बलिदान से उन्होंने ऐसी गौरवगाथाएँ रची हैं, जिन्हें आने वाली पीढ़ियाँ याद करेंगी।
इसी तरह, लेबनान की महान जनता ने अपने धैर्यवान पुरुषों, महिलाओं और युवाओं के माध्यम से दुनिया के सामने दृढ़ता और संघर्ष का एक अनूठा उदाहरण पेश किया है। उसकी जनप्रतिरोध की भावना सम्मान का प्रतीक और स्वतंत्रता व गरिमा की प्यासी तमाम कौमों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। इस प्रतिरोध की महानता केवल उसके हथियारों में नहीं, बल्कि उस जीवंत राष्ट्र की इच्छाशक्ति में है, जिसने इसे अपने दिल से लगाया और इसके साथ बलिदानों का बोझ भी उठाया।
आज दक्षिणी लेबनान केवल एक भूभाग नहीं, बल्कि ऐसा हृदय है जिसमें सम्मान की धड़कन है और जो थकी-हारी मानवता की नसों में गरिमा का संचार कर रहा है। यह क्षेत्र उन मर्कावा टैंकों का कब्रिस्तान बन गया है, जिन पर दुश्मन हमेशा गर्व करता था। साथ ही यह शहादत के विद्यालय में प्रशिक्षित वीरों द्वारा रची गई अमर गौरवगाथाओं का मैदान भी बन चुका है।
“کَم مِّن فِئَةٍ قَلِیلَةٍ غَلَبَتْ فِئَةً کَثِیرَةً بِإِذْنِ اللَّهِ कितनी ही छोटी टुकड़ियों ने अल्लाह की अनुमति से बड़ी सेनाओं पर विजय प्राप्त की है।” (सूर ए अल-बक़रा, आयत 249)
आपने दुनिया के सामने अटूट इच्छाशक्ति और ऐसी सक्षम कौम की उज्ज्वल तस्वीर पेश की है, जो सैन्य शक्ति से जुड़ी दुश्मन की गढ़ी हुई कहानियों को तोड़ने, कब्ज़ा करने वाली ताकत की कमजोरी उजागर करने और उसके मकड़ी के जाले जैसे खोखले ढाँचे को ध्वस्त करने की क्षमता रखती है, चाहे उसकी युद्ध मशीन कितनी ही विशाल क्यों न हो।
इसी तरह, प्रतिरोध मोर्चे की एकता और विभिन्न क्षेत्रों में उसकी इकाइयों का आपसी समन्वय आज एक मजबूत वास्तविकता बन चुका है। यह एकता जागरूक संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व पर आधारित है तथा उन स्वतंत्रता-प्रेमी राष्ट्रों के बीच गहरे संबंधों को दर्शाती है, जो सम्मान की रक्षा और अत्याचार व आक्रामकता के विरुद्ध डटे रहने के साझा उद्देश्य से एकजुट हुए हैं।
प्रतिरोध आंदोलन के जवानों ने दुनिया की चकाचौंध और भौतिक आकर्षणों से अपना नाता तोड़ लिया है। वे ईमान से भरे दिलों और शहादत के लिए उत्सुक आत्माओं के साथ आपके साहसी और दूरदर्शी नेतृत्व में त्याग व बलिदान के रास्ते पर आगे बढ़े हैं। उन्होंने सत्य की तलाश करने वालों के लिए ईश्वरीय प्रेम के द्वार खोल दिए हैं और ऐसे दौर में, जब आध्यात्मिक खालीपन और नैतिक पतन बढ़ता जा रहा है, परवरदिगार से मिलने की प्यास रखने वाली आत्माओं को तृप्त किया है।
“مِنَ الْمُؤْمِنِینَ رِجَالٌ صَدَقُوا مَا عَاهَدُوا اللَّهَ عَلَیْهِ ईमान वालों में ऐसे लोग भी हैं, जिन्होंने अल्लाह से किए अपने वादे को सच कर दिखाया।” (सूर ए अहज़ाब, आयत 23)
इससे भी अधिक उल्लेखनीय बात यह है कि प्रतिरोध का निशाना अपने वास्तविक दुश्मन को पहचानने में कभी नहीं चूका। यह उसके युवाओं की निर्मल दूरदृष्टि और ऐसे नेतृत्व की बुद्धिमत्ता का स्पष्ट प्रमाण है, जो स्थिरता और दूरदर्शिता के साथ संघर्ष की दिशा निर्धारित करता है।
दुश्मन ने आंतरिक कमज़ोरियों का लाभ उठाकर आपके बीच फूट डालने और आपसी संघर्ष की आग भड़काने की योजना बनाई थी। वह आप पर कोई गौण और अप्रासंगिक लड़ाई थोपना चाहता था, ताकि आपकी ताकत कमज़ोर हो जाए और आपकी शक्ति बिखर जाए। लेकिन आपने, जैसा कि इतिहास आपको याद करता है, उसकी इस साज़िश को नाकाम बना दिया। आपने उसकी चालों को स्पष्ट पराजय में बदल दिया और उसकी ज़हरीली योजनाओं को उड़ती हुई राख बना दिया।
इस संबंध में हम यह भी स्पष्ट करना चाहते हैं कि हौज़ा इल्मिया, धार्मिक मरजइयत और इस्लामी दुनिया के बड़ी संख्या में विद्वान इस मुबारक प्रतिरोध के साथ खड़े हैं। वे विशेष रूप से गौरवशाली लेबनानी प्रतिरोध आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देते हैं और सत्य व न्याय के मार्ग की सहायता के लिए हर प्रकार का आध्यात्मिक, शैक्षणिक और व्यावहारिक सहयोग देने को तैयार हैं।
इसमें कोई संदेह नहीं कि अल्लाह ने मुजाहिदों से जिस विजय का वादा किया है, वह आज अपने वास्तविक अर्थ में सामने आ रही है। इस विजय की शुभ सूचनाएँ हर पल की दृढ़ता और हर उस रुख से स्पष्ट होती हैं, जो यह साबित करता है कि सत्य विजयी होता है, भले ही इसमें समय लग जाए, और असत्य का अंत निश्चित है, चाहे उसकी आवाज़ कितनी ही बुलंद क्यों न हो।
“وَیَوْمَئِذٍ یَفْرَحُ الْمُؤْمِنُونَ * بِنَصْرِ اللَّهِ और उस दिन ईमान वाले अल्लाह की सहायता से प्रसन्न होंगे।” (सूर ए अर-रूम, आयत 4-5)
हम आपकी इस शुभ दृढ़ता पर आपको बधाई देते हैं और अपनी पूरी क्षमता के साथ आपके समर्थन की घोषणा करते हैं। हम अल्लाह से दुआ करते हैं कि वह आपको हमेशा सफलता और स्थिरता प्रदान करे, आपके हाथों पूर्ण विजय और कब्ज़े के अंत को संभव बनाए तथा आपको भलाई का स्रोत और बुराई को रोकने का माध्यम बनाए।
“कह दीजिए कि सत्य आ गया और असत्य मिट गया। निस्संदेह, असत्य मिटने ही वाला है।” (सूरह अल-इसरा, आयत 81)
वस्सलामो अलैकुम वा रहमतुल्लाहे वा बराकातोह।
“وَاللَّهُ غَالِبٌ عَلَی أَمْرِهِ وَلَکِنَّ أَکْثَرَ النَّاسِ لَا یَعْلَمُونَ और अल्लाह अपने काम पर प्रभावी है, लेकिन अधिकांश लोग नहीं जानते।” (सूर ए यूसुफ़, आयत 21)
आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी
हौज़ा हाए इल्मिया के प्रमुख
आपकी टिप्पणी