हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, आंध्र प्रदेश शिया उलेमा बोर्ड के अध्यक्ष हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन मौलाना सैयद अब्बास बाक़री ने शिया जगत की महान इल्मी एवं आध्यात्मिक हस्ती और प्रतिष्ठित मरजा-ए-तक़लीद हज़रत आयतुल्लाहिल उज़्मा शेख़ हुसैन वहीद ख़ुरासानी (रि) के निधन पर गहरे दुख और शोक का इज़हार किया है।
बोर्ड की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया है कि हज़रत आयतुल्लाहिल उज़्मा शेख़ हुसैन वहीद ख़ुरासानी का निधन शिया समुदाय, हौज़ा-ए-इल्मिया और पूरी दुनिया के मुसलमानों के लिए ऐसी इल्मी एवं आध्यात्मिक क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। आप ज्ञान, फ़िक़्ह, तक़वा, शोध और दृढ़ता के अद्वितीय व्यक्तित्व थे। आपकी इल्मी और दीनी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।
बयान में आगे कहा गया कि आपका व्यक्तित्व एक ऐसी महान विद्वत् हस्ती का आदर्श था, जिसे हौज़ा-ए-इल्मिया में हमेशा सम्मान और आदर की दृष्टि से देखा जाता रहेगा। फ़िक़्ह और उसूल में आपका दरसे ख़ारिज़ अपनी गहरी विद्वत्ता, मज़बूत तर्कशक्ति, शोधपरक दृष्टिकोण और असाधारण प्रतिष्ठा के लिए जाना जाता था। आपने अपने ज्ञान से अनेक मुजतहिदों, प्रतिष्ठित विद्वानों और अहलेबैत (अ.) के ज्ञान के प्यासे लोगों का मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण किया और इल्मी तथा वैचारिक क्षेत्र में बहुमूल्य सेवाएँ अंजाम दीं।
शोक संदेश में आपकी दीनी सेवाओं के एक महत्वपूर्ण और उल्लेखनीय पहलू की ओर भी ध्यान दिलाया गया। इसमें कहा गया कि आपने अय्यामे अज़ाए फ़ातिमिया के प्रचार-प्रसार और पुनर्जीवन के लिए विशेष प्रयास किए। आपने जिस तरह माहे मुहर्रम को महत्व दिया, उसी तरह अय्यामे अज़ाए फ़ातिमिया को भी विशेष अहमियत प्रदान की। इन दिनों में आपने इल्मी, हौज़वी और आम जनस्तर पर अज़ादारी तथा मजलिसों की महानता और महत्व को उजागर किया। इन अय्याम के दौरान अपने कार्यालय से हरम-ए-मुतहर हज़रत फ़ातिमा मासूमा (स.) तक निकलने वाले अज़ादारी जुलूस में स्वयं उपस्थित होकर आपने बारगाह-ए-सिद्दीक़ा-ए-ताहिरा के प्रति अपनी बेमिसाल श्रद्धा और प्रेम का व्यावहारिक प्रमाण भी दिया।
बयान में कहा गया कि आपकी इल्मी महानता, तक़वा, सादगी, दृढ़ता और शाएर-ए-अहलेबैत (अ.) से आपकी गहरी वाबस्तगी इतिहास के पन्नों में हमेशा दर्ज रहेगी।
आंध्र प्रदेश शिया उलेमा बोर्ड के अध्यक्ष सय्यद अब्बास बाक़री ने अपनी ओर से और बोर्ड के सभी सदस्यों की ओर से इस महान दुखद घटना पर गहरे दुख और शोक का इज़हार किया। उन्होंने हज़रत आयतुल्लाह अज़्मा शेख़ हुसैन वहीद ख़ुरासानी (रिज़वानुल्लाह तआला अलैह) के दर्जात की बुलंदी, मग़फ़िरत और पैग़म्बरों तथा मुहम्मद व आले-मुहम्मद (अ.) की बारगाह में उच्च मक़ाम की दुआ की।
साथ ही उन्होंने मरहूम के परिजनों, संबंधित लोगों, शिष्यों, हौज़ा-ए-इल्मिया और सभी मोमिनीन व मोमिनात की सेवा में ताज़ियत और संवेदना पेश करते हुए बारगाह-ए-इलाही में उनके लिए सब्र-ए-जमील और अज्र-ए-अज़ीम की दुआ की।
आपकी टिप्पणी