हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, आयतुल्लाहिल उज़्मा अज़ीम शेख़ हुसैन वहीद खुरासानी के निधन पर लेबनान के हिज़्बुल्लाह ने एक बयान जारी कर हज़रत इमाम महदी (अ.ज.) की बारगाह, महान मरजए तक़लीद, हौज़ा इल्मिया और पूरी उम्मते इस्लामिया के प्रति अपनी गहरी संवेदना और शोक प्रकट किया।
मंगलवार को जारी इस बयान में हिज़्बुल्लाह ने कहा कि मरहूम आयतुल्लाह ज्ञान और मार्गदर्शन का आश्रय तथा तक़वा और आध्यात्मिकता का एक मजबूत स्तंभ थे। वे नैतिक और मानवीय मूल्यों का ऐसा स्रोत थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन असली इस्लाम-ए-मुहम्मदी की सेवा, अहलेबैत (अ.) की शिक्षाओं के प्रचार-प्रसार, फिक़्ह और इस्लामी ज्ञान की शिक्षा, इस्लाम की रक्षा तथा धार्मिक और नैतिक विचारधाराओं में पैदा होने वाली बिदअतों और भटकावों का मुकाबला करने के लिए समर्पित कर दिया था।
हिज़्बुल्लाह ने आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद खुरासानी के इस महान शैक्षणिक और फिक़्ही सफर को याद करते हुए कहा कि इस महान मरजए तक़लीद ने अपने पीछे ज्ञान, फिक़्ह और नैतिक मूल्यों की जो विरासत छोड़ी है तथा विद्वानों और फाज़िलों की पीढ़ियों के प्रशिक्षण में जो योगदान दिया है, वह मोमिनों और उनके चाहने वालों के दिलों में हमेशा जीवित और स्थायी रहेगा।
बयान में आगे कहा गया कि उनके निधन से हौज़ा इल्मिया और पूरी उम्मते इस्लामिया एक महान धार्मिक मार्गदर्शक तथा उच्च शैक्षणिक और आध्यात्मिक व्यक्तित्व से वंचित हो गई है।
आपकी टिप्पणी