हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, मज्मा जहानी तक़रीब ए मज़ाहिब के महासचिव हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन हमीद शहरयारी ने भारत के प्रसिद्ध सुन्नी धर्मगुरु, क़ुरआन के व्याख्याकार और हदीस के विद्वान मौलाना सैयद सलमान हुसैनी नदवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए एक शोक संदेश जारी किया है।
हुज्जतुल इस्लाम हमीद शहरयारी ने अपने संदेश में कहा कि मौलाना सय्यद सलमान हुसैनी नदवी ने अपना पूरा जीवन कलमा-ए-तौहीद की बुलंदी, मुस्लिम उम्मत की एकता और इस्लामी मतों के बीच आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय इस्लामी एकता सम्मेलनों में सक्रिय भूमिका निभाई और फ़िलिस्तीन तथा कुद्स के मुद्दे पर हमेशा दृढ़ और स्पष्ट रुख अपनाया।
उन्होंने आगे कहा कि स्वर्गीय मौलाना ने वर्तमान समय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हमेशा मुसलमानों के साझा मुद्दों पर बल दिया, आपसी विभाजन से बचने का संदेश दिया और अपने ज्ञान तथा श्रेष्ठ आचरण से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और अनुयायियों का मार्गदर्शन किया। उनका निधन समूचे इस्लामी जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
मज्मा जहानी तक़रीब ए मज़ाहिब के महासचिव ने स्वर्गीय मौलाना के सभी शिष्यों, अनुयायियों और परिजनों, विशेष रूप से उनके पुत्र डॉ. सय्यद यूसुफ हुसैनी नदवी के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस महान इस्लामी विद्वान के निधन के दुख में वे दुनिया भर के मुसलमानों, विशेषकर भारत के मुसलमानों, के साथ समान रूप से सहभागी हैं।
उन्होंने दुआ की कि अल्लाह तआला स्वर्गीय मौलाना सय्यद सलमान हुसैनी नदवी को उच्च स्थान प्रदान करे, उन्हें पैग़म्बर मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व आलिहि वसल्लम की संगति नसीब करे और उनके परिजनों तथा सभी शोक संतप्त लोगों को सब्र-ए-जमील प्रदान करे।
आपकी टिप्पणी