बुधवार 18 नवंबर 2026 - 07:14
आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद खुरासानी ने अपना पूरा जीवन इमामत और विलायत के बचाव में गुज़ार दिया। हुज्जतुल इस्लाम सैयद अहमद अली आबिदी

हौज़ा / मुंबई के इमाम ए जुमआ हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन सैयद अहमद अली आबिदी ने मरजए आली कद्र हज़रत आयतुल्लाहिल उज़्मा शेख़ हुसैन वहीद खुरासानी (रह.) के निधन पर गहरे दु:ख और शोक का इज़हार किया है। उन्होंने कहा कि उनका निधन पूरे आलमे तशय्यो के लिए एक बहुत बड़ी त्रासदी है। उन्होंने मरहूम की इल्मी और दीनी सेवाओं, विलायत व इमामत के बचाव तथा अय्यामे फातिमिया को जीवित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को श्रद्धांजलि पेश की।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार , मुंबई के इमाम ए जुमआ और आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली सिस्तानी के वकील हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन सैयद अहमद अली आबिदी ने अपने शोक संदेश में कहा कि आयतुल्लाहिल उज़्मा शेख़ हुसैन वहीद खुरासानी का निधन पूरे शिया जगत के लिए एक बड़ा नुकसान है।

उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा:

बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम

بسم اللہ الرحمن الرحیم

إِنَّا لِلّٰهِ وَإِنَّا إِلَيْهِ رَاجِعُونَ، رِضاً بِقَضائِهِ وَ تَسلیماً لِأَمْرِهِ۔


हमारे महान उस्ताद, विलायत और इमामत के रक्षक तथा आधुनिक दौर में अय्यामे फातिमिया को स्थापित करने वाली महान हस्ती हज़रत आयतुल्लाहिल उज़्मा शेख हुसैन वहीद खुरासानी (रह.) के निधन की खबर अत्यंत दुखद और हृदय को पीड़ा पहुंचाने वाली है।

सच्चाई यह है कि जिस तरह इस महान मुजाहिद ने किसी की परवाह किए बिना और किसी की आलोचना की चिंता किए बगैर अहलेबैत (अ.स.) की इमामत और विलायत का बचाव किया तथा अपने दरस में विलायत और इमामत के बारीक और गहरे पहलुओं को जिस विस्तार और गहराई से बयान किया, वह अपनी मिसाल आप है।

उनके बयानों में असाधारण गहराई और प्रभावशीलता थी। उन्होंने अपने दौर में अनेक मुज्तहिदों, प्रचारकों और अहलेबैत (अ.स.) की शिक्षाओं के बचाव एवं प्रचार-प्रसार में काम करने वाले लोगों का प्रशिक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शंकाओं और आपत्तियों के तर्कपूर्ण जवाब दिए। वह अपने समय के प्रमुख वक्ता होने के साथ-साथ धार्मिक शिक्षण संस्थानों के सबसे प्रतिष्ठित शिक्षकों में भी शामिल थे।

उनकी शिक्षण शैली अपनी गहराई, व्यापकता और अनूठे तर्कों के कारण विशेष पहचान रखती थी। विद्वान उनके दरस को अत्यंत सूक्ष्म और गहन मानते थे। इल्मी गहराई और वैचारिक परिपक्वता उनकी शख्सियत की विशेष पहचान थी। वह एक ऐसी अनोखी हस्ती थे, जिनकी कोई दूसरी मिसाल नहीं थी।

इतनी महान इल्मी और दीनी शख्सियत तथा मरजए आली कद्र का निधन पूरे आलमे तशय्यो के लिए बहुत बड़ी त्रासदी है, जिसकी पीड़ा को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।

इस महान दु:ख के अवसर पर सबसे पहले हम हज़रत बक़ियतुल्लाहिल आज़म इमाम मेंहदी (अ.ज.) की बारगाह में ताज़ियत और तसलीयत पेश करते हैं। वह ऐसी महान हस्ती थे, जो हमेशा इमामे ज़माना (अ.ज.) की विलायत का बचाव करते, उनके पवित्र नाम को जीवित रखते और लोगों को उनकी ओर आकर्षित करते थे।

उनकी आदत थी कि वह अपने प्रत्येक दरस की शुरुआत इमामे ज़माना अ.ज.पर सलाम भेजकर करते थे। इमामे ज़माना (अ.ज.) से गहरी मोहब्बत और दिली लगाव उनकी शख्सियत की प्रमुख विशेषताओं में शामिल था। आज उनके दुनिया से रुख़सत होने के साथ ही उनके दरस में शरीक होने का सिलसिला भी समाप्त हो गया।

उनके निधन से हौज़ा-ए-इल्मिया में एक महान इल्मी सभा और शैक्षणिक केंद्र सूना हो गया है तथा इमामत और विलायत के बचाव का एक महत्वपूर्ण केंद्र खाली हो गया है।

इमामत और विलायत के बचाव से संबंधित उनके बयान और लिखी गई किताबें आज भी हमारे लिए एक महान इल्मी पूंजी हैं। हम बारगाहे इलाही में दुआ करते हैं कि परवरदिगार उन्हें हज़रत फातिमा ज़हरा (स.अ.) की शफाअत नसीब फरमाए, उनके दर्जात बुलंद से बुलंदतर करे और हर पड़ाव पर सैयदा-ए-कौनैन (स.अ.) की विशेष कृपा और बरकतें उनके शामिल-ए-हाल फरमाए।

इसमें कोई संदेह नहीं कि उन्होंने अपने दौर में हज़रत फातिमा ज़हरा (स.अ.) के ज़िक्र को जिस अंदाज़ में जीवित किया और अय्यामे फातिमिया को एक नई दिशा दी, वह कभी भुलाया नहीं जा सकता।

आज पूरी दुनिया में अय्यामे फातिमिया के अवसर पर मजलिसों का आयोजन और इस सिलसिले में होने वाली तब्लीगी एवं दीनी गतिविधियां काफी हद तक उनकी और हज़रत आयतुल्लाहिल उज़्मा आका मिर्ज़ा जवाद तबरीज़ी (रह.) की ईमानदार कोशिशों का परिणाम हैं।

इन दोनों महान हस्तियों ने ऐसे दौर में अय्यामे फातिमिया की बुनियादों को मजबूत किया, जब कुछ वर्गों की ओर से हज़रत फातिमा ज़हरा (स.अ.) के फ़ज़ाइल और मनाक़िब के बयान में लापरवाही बरती जा रही थी तथा आप पर हुए मज़ालिम की अहमियत को कम करने की कोशिशें की जा रही थीं।

ऐसे हालात में इन दोनों महान हस्तियों ने आगे बढ़कर अय्यामे फातिमिया को जीवित किया, उसकी अहमियत को उजागर किया और इस संदेश को दुनिया भर में आम किया। आज पूरी दुनिया में अय्यामे फातिमिया के अवसर पर मजलिसों और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। अल्लाह तआला इन दोनों महान हस्तियों को बेहतरीन अज्र अता फरमाए और उन्हें हज़रत फातिमा ज़हेरा (स.अ.) की शफाअत नसीब फरमाए।

हम उनके निधन पर तमाम हौज़ा-ए-इल्मिया, उलमा, फ़ुज़ला, उनके शागिर्दों और विशेष रूप से उनके प्रिय पुत्रों की सेवा में दिली ताज़ियत और तसलीयत पेश करते हैं तथा उनके लिए सब्र और अज्र की दुआ करते हैं।

हमें उम्मीद है कि उनके प्रिय पुत्र अपने वालिदे बुज़ुर्गवार के इल्मी, दीनी और तब्लीगी मिशन को आगे बढ़ाएंगे और उनके स्थापित किए हुए रास्ते को जीवित रखेंगे।

अंत में हम बारगाहे खुदावंदी में दुआ करते हैं कि परवरदिगार उनके दर्जात को बुलंद फरमाए, उनकी तमाम सेवाओं को अपनी बारगाह में कुबूल करे और हमें भी उनके इल्मी एवं दीनी असरात से लाभ उठाते हुए उनके मिशन को आगे बढ़ाने की तौफीक अता फरमाए।

सैयद अहमद अली आबिदी

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha