हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार , इस्लामाबाद में शिया मस्जिद पर हुए आतंकवादी हमले की ऑस्ट्रेलिया की शिया उलेमा परिषद के अध्यक्ष और मेलबर्न के इमाम-ए-जुमआ हुज्जतुल इस्लाम वाल-मुस्लिमीन मौलाना सैयद अबुल कासिम रिज़वी ने कड़ी निंदा करते हुए इसे खुला सांप्रदायिक आतंकवाद करार दिया है।
उन्होने कहा कि एक बार फिर नमाज़ियों को इबादत के दौरान खून में नहला दिया गया। निर्दोष इबादतगुजारों को निशाना बनाना खुली सांप्रदायिक नफरत को दर्शाता है और ऐसे तत्वों का इस्लाम और इंसानियत से कोई संबंध नहीं भले ही वे मुसलमान कहलाते हों।
मौलाना अबुल कासिम रिज़वी ने कहा कि शिया मुसलमान लंबे समय से आतंकवाद का निशाना बनते आ रहे हैं और यह स्थिति किसी भी हालत में सामान्य नहीं बननी चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस घृणित अपराध में शामिल व्यक्तियों, सहयोगियों और नफरत को हवा देने वालों को तुरंत गिरफ्तार करके यथोचित सजा दी जाए।
उन्होंने आगे कहा कि यह एक कड़वी सच्चाई है कि हाल के दिनों में वे ऑस्ट्रेलिया में विभिन्न धर्मों के नेताओं और सरकारी प्रतिनिधियों से पूजा स्थलों की सुरक्षा के संदर्भ में मुलाकातें करते रहे, लेकिन इसी दौरान इस्लामी देशों में शिया लगातार आतंकवाद का निशाना बन रहे हैं।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी अपील की कि धार्मिक घृणा और आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए जाएं ताकि इबदातगाहो और निर्दोष नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
आपकी टिप्पणी