बुधवार 18 नवंबर 2026 - 11:31
आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद ख़ुरासानी का मोमिन समाज और हौज़ात ए इल्मिया पर बहुत बड़ा एहसान है: सुप्रीम लीडर

इस्लामी क्रांति के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह सय्यद मुज्तबा ख़ामेनेई ने आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद ख़ुरासानी (र) के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि निस्संदेह, शरीयत और मज़हब की सेवा में उनके निरंतर और अथक प्रयासों के कारण मोमिन समाज और हौज़ात ए इल्मिया पर उनका बहुत बड़ा एहसान है, जिसे सभी को याद रखना और उसके प्रति कृतज्ञ रहना चाहिए।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस्लामी क्रांति के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह सय्यद मुज्तबा ख़ामेनेई ने अपने शोक संदेश में आयतुल्लाह वहीद ख़ुरासानी (रह.) को हौज़ात ए इल्मिया में फ़िक़्ह और उसूल की शिक्षा के प्रमुख स्तंभों में से एक बताया।

उनके शोक संदेश का पूरा पाठ इस प्रकार है:

बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम

हौज़ा ए इल्मिया के अज़ीम शिक्षक आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद ख़ुरासानी के निधन का समाचार प्राप्त हुआ। वे हौज़ा ए इल्मिया में फ़िक़्ह और उसूल की शिक्षा के प्रमुख स्तंभों में से एक थे। पिछले कई दशकों के दौरान उनके प्रतिदिन आयोजित होने वाले दोनों शिक्षण सत्र हौज़ा के सबसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक कार्यक्रमों में गिने जाते थे।

इन कक्षाओं में उनके अपने गहन शोध और विद्वत्तापूर्ण विचारों के साथ-साथ नजफ़ अशरफ़ के हौज़ा ए इल्मिया के हालिया दौर के कुछ प्रतिष्ठित विद्वानों के विचारों पर उनकी गंभीर, गहरी और सराहनापूर्ण दृष्टि तथा उन पर उनकी मजबूत पकड़ भी स्पष्ट रूप से दिखाई देती थी। उनकी यह विशेषता उनके प्रभावशाली, सुव्यवस्थित और ठोस वक्तव्य के साथ मिलकर प्रत्येक शिक्षण सत्र को ज्ञान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और विद्वानों के लिए अत्यंत लाभकारी और मूल्यवान बना देती थी।

आज हौजा ए इल्मिया क़ुम और देश के अन्य हौज़ा इल्मिया के बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्वान, साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के अनेक धर्मगुरु अपने शैक्षणिक जीवन में उनके शिष्य रहने को सम्मान की बात मानते हैं। सभी लोग प्रशंसा के साथ उनके विचारों और आचरण में अहलेबैत (अ.) की पवित्र हस्तियों के प्रति गहरी निष्ठा और समर्पण की स्पष्ट झलक का उल्लेख करते हैं।

इसमें कोई संदेह नहीं कि शरीयत और मज़हब की सेवा में उनके लंबे समय तक किए गए निरंतर प्रयासों के कारण मोमिन समाज और हौज़ात ए इल्मिया पर उनका बहुत बड़ा एहसान है। सभी को इसे याद रखना और इसके प्रति कृतज्ञ रहना चाहिए।

मैं इस दुखद अवसर पर हज़रत इमाम महदी (अ), हौज़ात ए इल्मिया, समस्त मोमिनों और विशेष रूप से उनके सम्मानित परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूँ। साथ ही, अल्लाह तआला से दुआ करता हूँ कि वह उन्हें उच्चतम दर्जे अता फरमाए।

सय्यद मुज्तबा हुसैनी ख़ामेनेई

26 आबान 1405 हिजरी शम्सी (17 नवंबर 2026)

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha