हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद ख़ुरासानी, जो पिछले कई दिनों से क़ुम के एक अस्पताल में ज़ेरे इलाज थे, उन्होंने कुछ समय पहले अंतिम सांस ली।
इस संबंध में मरहूम के कार्यालय की ओर से जारी शोक संदेश का पूरा पाठ इस प्रकार है:
बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम
इन्ना लिल्लाहे व इन्ना इलैहे राजेऊन।
“या अय्यतोहन्नफसुल मुतमइन्नातुर जेई इला रब्बेके राज़ीयतन मरज़ीयतन फ़दख़ोलि फ़ी एबादी वदख़ोलि जन्नती” (सूरह अल-फ़ज्र, आयत 27-30)
अत्यंत दुख और शोक के साथ हम अहलेबैत (अ.) के अज़ीम फ़क़ीह, विश्वभर के शिया मुसलमानों के प्रतिष्ठित मरजा-ए-तक़लीद, अल्लाह के सच्चे बंदे, महान विद्वान और हौज़ा-ए-इल्मिया के वरिष्ठ उस्ताद, आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद ख़ुरासानी (रिज़वानुल्लाहे तआला अलैह) के निधन की सूचना देते हैं।
वह एक अज़ीम और वाला मक़ाम फ़क़ीह थे, जिन्होंने दशकों तक हज़रत आले मुहम्मद (स.) की शिक्षाओं का अध्ययन, शोध और अध्यापन किया। उन्होंने अहलेबैत (अ.) की पवित्र शिक्षाओं और उनके सम्मान की रक्षा की, हज़रत वली-ए-अस्र (अज.) के यतीमों और जरूरतमंदों की देखभाल की जिम्मेदारी निभाई, बड़ी संख्या में योग्य विद्वानों का प्रशिक्षण किया और धार्मिक परंपराओं को जीवित रखने के लिए निरंतर प्रयास किए।
विशेष रूप से हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) की शहादत के दिनों में उनके मज़लूमाना शोक और मातम की परंपरा को जीवित रखने के बाद उन्होंने अपने प्राण त्याग दिए। अहलेबैत (अ.) के प्रति उनकी गहरी श्रद्धा और निष्ठा के कारण उनसे सच्चा प्रेम रखने वाले सभी लोगों के दिल इस दुखद समाचार से शोकाकुल हैं।
यह अपूरणीय क्षति हम हज़रत बक़ियतुल्लाहिल आज़म (हमारी जानें उन पर क़ुर्बान हों), समस्त धार्मिक शिक्षण संस्थानों, फ़िक़्ह और मरजइयत के चाहने वालों तथा दुनिया भर के तमाम शिया मुसलमानों की सेवा में गहरी संवेदना के साथ पेश करते हैं।
उनकी अंतिम विदाई, दफ़न और शोक सभाओं से संबंधित कार्यक्रमों की जानकारी बाद में दी जाएगी।
कार्यालय, आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद ख़ुरासानी (रिज़वानुल्लाह तआला अलैह)
आपकी टिप्पणी