गुरुवार 23 मई 2024 - 19:26
मआरिफ़े हुसैनी को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाया जाए, ग़ज़्ज़ा के लोग चखें हयात-ए-हुसैनी की मिठास

हौज़ा / हौज़ा ए इल्मिया के प्रमुख आयतुल्लाह अली रज़ा अराफी ने शिया मंचों के विशेषज्ञों के तीसरे सम्मेलन के नाम अपने संदेश में आशूरा को प्रतिरोध और दृढ़ता का विश्वकोश बताते हुए इस बात पर जोर दिया कि इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम की शिक्षाओं और मआरिफ़ को पूरी दुनिया तक पहुंचाया जाए, ताकि इंसानियत हयात-ए-हुसैनी की मिठास का अनुभव कर सके।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार ,हौज़ा ए इल्मिया के प्रमुख आयतुल्लाह अली रज़ा अराफी ने शिया मंचों के विशेषज्ञों के तीसरे सम्मेलन के नाम अपने संदेश में आशूरा को प्रतिरोध और दृढ़ता का विश्वकोश बताते हुए इस बात पर जोर दिया कि इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम की शिक्षाओं और मआरिफ़ को पूरी दुनिया तक पहुंचाया जाए, ताकि इंसानियत हयात-ए-हुसैनी की मिठास का अनुभव कर सके।

कर्बला-ए-मुअल्ला में आयोजित शिया मंचों के विशेषज्ञों के तीसरे सम्मेलन के नाम आयतुल्लाह अली रज़ा अराफी का संदेश इस प्रकार है:

बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम

وَفَدَيْنَاهُ بِذِبْحٍ عَظِيمٍ وَلَا حَوْلَ وَلَا قُوَّةَ إِلَّا بِاللَّهِ الْعَلِيِّ الْعَظِيمِ

पैग़म्बरे इस्लाम सल्लल्लाहु अलैहि व आलेही वसल्लम के नवासे, सैय्यदुश्शोहदा हज़रत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम की मुकद्दस हस्ती एक ऐसी आसमानी शख्सियत है, जिन्होंने ईसार, बहादुरी और इस्लामी एवं मानवीय सिद्धांतों के आधार पर अपने समय के अत्याचारी शासकों के जुल्म और अन्याय के विरुद्ध प्रतिरोध और संघर्ष का रास्ता अपनाया।

इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम ने कर्बला की दर्दनाक घटना के माध्यम से पूरी मानवता के इतिहास को हमेशा के लिए प्रभावित किया और यह साबित कर दिया कि सत्य, न्याय और हक़ की रक्षा के लिए ईमान, कुर्बानी और बहादुरी बेहद महत्वपूर्ण और अनिवार्य मूल्य हैं।

केवल शिया ही नहीं, बल्कि इतिहास के तमाम स्वतंत्रता-प्रेमी लोग भी सैय्यदुश्शोहदा इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम को न्याय के मार्ग पर चलने वालों के लिए एक महान नैतिक और आध्यात्मिक आदर्श मानते हैं। वे उन मानवीय मूल्यों और नैतिक शिक्षाओं के प्रचार-प्रसार को महत्वपूर्ण समझते हैं, जिनकी ओर इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम ने इंसानियत का मार्गदर्शन किया है।

इस सिलसिले में इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम की मुबारक और पुरानी कमीज़ उन तमाम खून की बूंदों का जीवंत दस्तावेज़ और प्रतीक है, जो आशूरा के दिन खुदा पर ईमान, हक़ के रास्ते में दृढ़ता, न्याय की स्थापना और अत्याचार के विरोध में बहाया गया।

इस दृढ़ता के विश्वकोश पर चर्चा करना मौजूदा दौर में कर्बला की घटना का गहराई से सांस्कृतिक और ऐतिहासिक अध्ययन करने का एक बेहतरीन अवसर है। ऐसा करते हुए इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि दुनिया के मुसलमानों के बीच एकता को जरा भी नुकसान न पहुंचे। इस माध्यम से इतिहास के उस महान मजलूम के खून का इंसाफ़ मांगा जाए और उन तमाम शिक्षाओं एवं सच्चाइयों को दुनिया तक पहुंचाया जाए, जिनके लिए उस महान हस्ती ने अपनी जान तक कुर्बान कर दी।

मैं उन तमाम उलमा, शायरों, मरसिया पढ़ने वालों, लेखकों, ज़ाकिरों, कलाकारों और बुद्धिजीवियों का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने लेखन, कला और वक्तृत्व के माध्यम से शिया समुदाय के इस प्रामाणिक प्रतीक को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रयास किए हैं।

कर्बला-ए-मुअल्ला में विभिन्न देशों और राष्ट्रीयताओं से एकत्रित हुए शिया मंचों के विशेषज्ञों के तीसरे सम्मेलन के सभी प्रतिभागियों से मेरी गुज़ारिश है कि वे मुझे अपनी नेक दुआओं में याद रखें।

मुझे उम्मीद है कि बहुत जल्द आले-मुहम्मद के इंतेक़ाम लेने वाले इमाम-ए-जमाना अजलल्लाहु फरजहुश्शरीफ के पुरनूर ज़ुहूर के साथ हम एक बार फिर इसी परचम के नीचे एकत्रित होंगे। उस समय क़मीस-ए-हुसैन अलैहिस्सलाम का परचम बुलंद होगा और पूरी दुनिया से जुल्म, अत्याचार और अन्याय का खात्मा होगा।

विशेष रूप से दुनिया के तमाम मजलूमों और खास तौर पर ग़ज़ा के पीड़ित लोगों को हयात-ए-हुसैनी की मिठास अपनी रूह की गहराइयों तक महसूस होगी।

हज़ारों बार दौर-ए-ज़माना बदला, लेकिन आज भी आपकी पुरानी कमीज़ का ज़िक्र अपनी जगह कायम है।

तूबा लकुम व हुस्नु मआब।

आयतुल्लाह अली रज़ा अराफी

प्रमुख, हौज़ा-ए-इल्मिया

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha