हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के संवाददाता से बातचीत करते हुए मदरसा-ए-इल्मिया मदीनतुल इल्म, क़ुम के प्रबंधक हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन हुसैन अलीज़ादा ने इस मदरसे के छात्रों, शिक्षकों और क़ुरआनी विशेषज्ञों के सहयोग से इस उत्कृष्ट क़ुरआनी गेम के निर्माण और लोकार्पण की जानकारी दी।
उन्होंने इस सांस्कृतिक-शैक्षिक उत्पाद के उद्देश्यों और कार्यप्रणाली की ओर संकेत करते हुए कहा कि क़ुरआनी गेम "कलमा" मदरसा-ए-इल्मिया मदीनतुल इल्म के छात्रों, शोधकर्ताओं और शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। यह गेम वास्तव में बच्चों की क़ुरआनी क्षमताओं को विकसित करने, ईश्वरीय आयतों में चिंतन को बढ़ावा देने तथा मुसलमानों में क़ुरआन करीम के दिव्य संदेशों और अवधारणाओं की सही समझ विकसित करने का एक नया, आकर्षक और प्रभावशाली माध्यम है।
मदरसा-ए-इल्मिया मदीनतुल इल्म, क़ुम के प्रबंधक ने कहा कि इस गेम को डिज़ाइन करने का उद्देश्य मानव जीवन के व्यक्तिगत और सामाजिक दोनों पहलुओं में इलाही शिक्षाओं और कार्यक्रमों को लागू करने के लिए उपयुक्त मार्ग प्रशस्त करना है। इसी कारण प्रयास किया गया है कि क़ुरआनी मफ़हूमो की शिक्षा को एक आकर्षक, व्यावहारिक और आधुनिक पीढ़ी की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वरूप में प्रस्तुत किया जाए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में क़ुरआनी गेम "कलमा" दुनिया की 15 जीवित भाषाओं में क़ुरआन प्रेमियों, क़ुरआन सीखने वालों तथा क़ुरआनी शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय लोगों के लिए उपलब्ध है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों को इसकी क्षमताओं से लाभ उठाने का अवसर प्रदान किया गया है।
हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन अलीज़ादा ने इस सॉफ़्टवेयर की तकनीकी और शैक्षिक विशेषताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि "कलमा" संरचनात्मक रूप से लोकप्रिय बौद्धिक खेलों की श्रेणी में आती है। उपयोगकर्ता खेल के दौरान क़ुरआन करीम के शब्दों और उसके प्रकाशमय संदेशों के सही अनुवाद से परिचित होते हैं, साथ ही धीरे-धीरे और व्यावहारिक रूप से क़ुरआनी शब्दों के सही उच्चारण तथा तजवीद के नियमों को भी सीखते हैं।
उन्होंने कहा कि क़ुरआनी शिक्षण क्षमताओं को गेम की आकर्षकता के साथ जोड़ने से विभिन्न आयु वर्गों के लोगों के लिए क़ुरआनी अवधारणाओं को सीखना अधिक सरल, स्थायी और प्रभावशाली बन गया है।
मदरसा-ए-इल्मिया मदीनतुल इल्म, क़ुम के प्रबंधक ने कहा कि यह प्रणाली अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क़ुरआन के शिक्षकों का परिचय कराने के अतिरिक्त विभिन्न स्तरों और विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में क़ुरआनी प्रतियोगिताओं के डिज़ाइन, प्रबंधन और आयोजन का अवसर भी प्रदान करती है। यह ऐसी क्षमता है जो न्यूनतम लागत, अधिकतम आकर्षण और उच्चतम शैक्षिक दक्षता के साथ क़ुरआनी संस्थानों और कार्यकर्ताओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो सकती है।
उन्होंने अपनी बातचीत के दौरान क़ुरआनी शिक्षकों और प्रशिक्षकों के लिए विशेष सुविधाओं की ओर संकेत करते हुए कहा कि दुनिया भर के क़ुरआन शिक्षक, प्रशिक्षक और विद्वान kalimah.ir पर "उस्ताद पैनल" में पंजीकरण कर सकते हैं और अपने विद्यार्थियों के शैक्षिक रिकॉर्ड तथा जानकारी को "कलिमह" प्रणाली में दर्ज करके इस सॉफ़्टवेयर की विशेषज्ञ सेवाओं और व्यापक सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन अलीज़ादा ने अंत में कहा कि इस प्रकार के आधुनिक शैक्षिक संसाधनों का विकास और प्रसार नई पीढ़ी को क़ुरआन करीम से अधिक निकटता से जोड़ने तथा इस्लामी और अंतरराष्ट्रीय समाजों में क़ुरआनी संस्कृति को और अधिक गहराई प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
आपकी टिप्पणी