हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार ,लखनऊ। ईद-उल-फितर के मुकद्दस मौके पर बड़ा इमामबाड़ा स्थित आसिफी मस्जिद में नमाज अदा करने के बाद भारत की सुप्रीम रिलिजियस अथॉरिटी, आफताब-ए-शरीयत मौलाना डॉ. सैयद कल्बे जवाद नकवी ने मीडिया से मुखातिब होते हुए दुनिया में अमन और इंसाफ की जरूरत पर जोर दिया।
मौलाना ने अपने बयान में अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज दुनिया जिस हालात से गुजर रही है, उसमें इंसाफ का पैमाना कमज़ोर पड़ चुका है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र (UN) पर निशाना साधते हुए कहा कि यह संस्था अब अपनी प्रभावशीलता खो चुकी है।
उन्होंने कहा,आज यूएन एक सड़ी हुई लाश बन चुका है। इसे पत्थर में बांधकर समंदर में दफन कर देना चाहिए। इसका जो भी फंड है, उसे जब्त करके अफ्रीका के गरीबों में बांट देना चाहिए। यह संस्था अब सुपर पावर देशों का पिट्ठू बनकर रह गई है।
मौलाना कल्बे जवाद नकवी ने अपने संबोधन में दुनिया भर में जारी संघर्षों, युद्धों और अन्याय की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर वैश्विक संस्थाएं निष्पक्ष होकर काम नहीं करेंगी, तो कमजोर और गरीब देशों को न्याय नहीं मिल पाएगा।
ईद के मौके पर उन्होंने खास तौर पर इंसानियत, भाईचारे और शांति का संदेश देते हुए कहा कि इस्लाम का असली पैगाम मोहब्बत, अमन और इंसाफ है, जिसे आज पूरी दुनिया में लागू करने की जरूरत है।
उन्होंने दुआ की कि अल्लाह तआला दुनिया को जंग, नफरत और जुल्म से निजात दे और इंसानियत को एक नई राह दिखाए, जहां हर इंसान को बराबरी और सम्मान मिल सके।
आपकी टिप्पणी