मंगलवार 20 अक्टूबर 2026 - 10:17
बच्चों की तालीम से समझौता न करें/बच्चों की शिक्षा को दें प्राथमिकता

हौज़ा / सुल्तानपुर के लोलेपुर स्थित सिरातुल मुस्तकीम पीजी कॉलेज में सर सैय्यद अहमद खान के यौमे पैदाइश पर अल्पसंख्यक अधिवक्ता कल्याण ट्रस्ट की ओर से भव्य सेमिनार आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि मेजर डॉ. मोहम्मद अली शाह ने शिक्षा को तरक्की, आत्मनिर्भरता और बेहतर समाज की बुनियाद बताते हुए कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद बच्चों की तालीम से समझौता नहीं करना चाहिए। उन्होंने सभी समुदायों से शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की अपील की।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार ,सुल्तानपुर, अल्पसंख्यक अधिवक्ता कल्याण ट्रस्ट, सुल्तानपुर के तत्वावधान शहर के लोलेपुर स्थित सिरातुल मुस्तकीम पीजी कॉलेज में रविवार शाम सर सैय्यद अहमद खान के यौमे पैदाइश के अवसर पर अजीमुश्शान कार्यक्रम एवं भव्य सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और मानवता की तरक्की पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के मेहमान-ए-खास अंतरराष्ट्रीय टेडेक्स वक्ता मेजर डॉ. मोहम्मद अली शाह ने अपने संबोधन में कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए केवल किसी एक कौम को नहीं, बल्कि हर समुदाय और पूरी इंसानियत को तालीम पर तवज्जो देनी होगी। उन्होंने प्रेरक अंदाज में कहा कि चटनी-रोटी खाकर गुजारा करना पड़े, तो कर लें, लेकिन अपने बच्चों की तालीम से कभी समझौता न करें। शिक्षा ही तरक्की, आत्मनिर्भरता और बेहतर समाज की बुनियाद है। उन्होंने सभी समुदायों से शिक्षा को प्राथमिकता देने और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की अपील की।

कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर शान मोहम्मद, कन्वीनर, प्रोग्राम एंड मैनेजमेंट कमेटी, इंपार भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि सर सैय्यद अहमद खान ने वर्ष 1875 में मोहम्मडन एंग्लो-ओरिएंटल कॉलेज की स्थापना की थी, जो आगे चलकर वर्ष 1920 में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) बना। उन्होंने आधुनिक एवं वैज्ञानिक शिक्षा को बढ़ावा देकर भारतीय समाज में शैक्षिक जागरूकता की एक नई राह खोली।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता अब्दुल करीम, फारूक अहमद, अजीजुर्रहमान, आफताब खान, अब्दुल गफ्फार, मोहर्रम अली, एम.एच. खान गौरी, एडवोकेट अजीम किदवई, एहसान अहमद मुन्ना, डॉ. शाहनवाज़ आलम, समाजसेवी गुफरान अहमद सैफी, हाजी मास्टर कमालुद्दीन, शकील अहमद, नोमान अहमद, डॉ. सरदार मकसूद, डॉ. हादी, मोहतशम रज़ा, प्रिंसिपल मोहम्मद मजीद, पत्रकार आमिल सिद्दीकी, अफ्तार अहमद, अरबाब अहमद और सरफराज अहमद सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha