हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, लखनऊ के इमामबाड़ा ग़ुफ़रान मआब में माहे मुहर्रमुल हराम की पहली मजलिस को संबोधित करते हुए मौलाना सय्यद कल्बे जवाद नक़वी ने इमाम हुसैन (अ) की शहादत पर रोने और मातम करने की महानता को क़ुरआन की आयतों और पैग़म्बर-ए-इस्लाम (स) की अहादीस के प्रकाश में प्रस्तुत किया।

मौलाना ने इमाम हुसैन (अ) की शहादत और अज़ादारी की महानता का वर्णन करते हुए कहा कि इमाम जाफ़र सादिक़ (अ) से रिवायत है कि जब इमाम हुसैन (अ) अपने नाना रसूलुल्लाह (स) की गोद में थे, तब आपने फ़रमाया था, “हुसैन (अ) की शहादत के कारण मोमिनों के दिलों में ऐसी गर्मी पैदा होगी जो कभी ठंडी नहीं होगी।”

मौलाना ने कहा कि जो भी सच्चा मोमिन होगा, उसके दिल में इमाम हुसैन (अ) की शहादत का असर और दर्द अवश्य पैदा होगा। उन्होंने कहा कि इस हदीस से यह भी स्पष्ट होता है कि इमाम हुसैन (अ) की शहादत का प्रभाव और उसकी भावनात्मक गर्मी क़ियामत तक बनी रहेगी और इसे किसी भी तरह समाप्त नहीं किया जा सकता।
मौलाना ने आगे कहा कि इमाम हुसैन (अ) पर रोने का सवाब इतना महान है कि मासूम (अ) ने फ़रमाया है, “जो व्यक्ति इमाम हुसैन (अ) की शहादत पर स्वयं रोए, दूसरों को रुलाए, या रोने जैसा चेहरा बनाए, उसके लिए जन्नत वाजिब हो जाती है।”
उन्होंने कहा कि इमाम हुसैन (अ) की शहादत पर रोना अत्यंत पुण्य और प्रतिफल का कारण है। पैग़म्बर-ए-इस्लाम (स) ने भी कर्बला की घटना का समाचार सुनकर अश्क बहाए थे, और इसके प्रमाण सभी मतों की पुस्तकों में उपलब्ध हैं। मौलाना ने कहा कि इमाम हुसैन (अ) की शहादत की ख़बर हज़रत जिब्रईल (अ) ने रसूलुल्लाह (स) को दी थी, जिसके बाद आपने रोया था। इसलिए आज हम जो रोते हैं, वह सुन्नते-पैग़म्बर (स) है, कोई बिदअत नहीं।

मजलिस के अंत में मौलाना ने कूफ़ा में इमाम हुसैन (अ) के प्रतिनिधि और उनके चचेरे भाई हज़रत मुस्लिम बिन अकील (अ) की शहादत की घटना का भी वर्णन किया।
आपकी टिप्पणी